Virat Kohli's coach advice to Vaibhav: हाल ही में खत्म हुई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में सुनामी प्रदर्शन के बाद छोटे उस्ताद वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryanvshi) की टीआरपी एकदम हाई है! पूर्व क्रिकेटर एकदम अभिभूत हैं, तो अलग-अलग लोगों से उन्हें सलाह मिल रही है. अब इस दौर के संभवत: महानतम बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) के कोच राजकुमार शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी की टी20 प्रारूप में दुर्लभ प्रतिभा के रूप में सराहना करते हुए उनसे अपने खेल में कोई बदलाव नहीं करने की सलाह दी है. 15 साल के सूर्यवंशी के लिए आईपीएल का दूसरा सत्र शानदार रहा और वह 776 रनों के साथ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे. इस प्रदर्शन से उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने की बातें तेज हो गई हैं.
शर्मा ने कहा, ‘वह निस्संदेह एक असाधारण प्रतिभा है. वह जिस तरह से इस आईपीएल में खेला, वह उल्लेखनीय है. जिस तरह से उसने सभी प्रथम श्रेणी, अंतरराष्ट्रीय और विश्व स्तरीय गेंदबाजों की धुनाई की है, वह बहुत ही सराहनीय है. मुझे कहना होगा कि वह एक विशेष प्रतिभा है और वैभव बहुत अच्छा खेलता है.' उन्होंने कहा, ‘वह जिस तरह की निर्भीक क्रिकेट खेलता है, उसने जिस तरह से विश्व स्तरीय गेंदबाजों की धुनाई की है, वह सराहनीय है. जिस तरह से उसने छक्के मारे हैं, वह अविश्वसनीय है, टी20 क्रिकेट के लिए वह शानदार है.'
जब शर्मा से पूछा गया कि एक कोच के रूप में वह उन्हें क्या सलाह देना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘वह टी20 खेल रहा है. इसलिए मैं कहूंगा कि कुछ भी मत बदलो. बस जाओ और ऐसे ही खेलो, जैसे तुम खेल रहे हो.' उन्होंने कहा, ‘जबरदस्त क्रिकेट खेल रहे हो, गेंद को मारते रहो और लोगों का मनोरंजन करते रहो. जहां तक टेस्ट क्रिकेट खेलने की बात है तो मैंने उसे इतना नहीं देखा है कि यह बता सकूं कि वह कितना परिपक्व है, वह अपना खेल कैसे बदल सकता है, वह गेंद को ऑफ स्टंप के बाहर कैसे छोड़ सकता है या वह स्विंग गेंदबाजी कैसे खेल सकता है, लेकिन अभी मैं चाहता हूं कि वह जिस तरह से खेल रहा है, उसे जारी रखे.'
जब उनसे उनके शिष्य कोहली के 15 साल की उम्र में क्रिकेट खेलने के तरीके और सूर्यवंशी के बीच तुलना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मैं लोगों की तुलना करने में विश्वास नहीं करता. विराट ने पिछले 18 वर्षों में जो किया है, मेरा मतलब है कि यह एक बहुत लंबी अवधि है जब वह इतने निरंतर रहे हैं.' उन्होंने कहा, ‘लेकिन वैभव को देखकर लगता है कि वह बहुत प्रतिभाशाली लड़का है. लेकिन हमने उसे केवल इसी प्रारूप में खेलते हुए देखा है. हमने अभी तक उसे बड़े प्रारूपों में खेलते हुए नहीं देखा है.' शर्मा ने कहा, ‘‘विराट, सूर्यवंशी से एक अलग खिलाड़ी हैं. वह अब महान खिलाड़ी हैं , जो उन्होंने कई मैच जीतकर साबित किया है. किसी भी भारतीय ने भारत के लिए इतने मैच नहीं जीते हैं, जितने विराट ने जीते हैं और यही कारण है कि उन्हें इतना प्यार किया जाता है. यहां हम एक उभरते सितारे (सूर्यवंशी) को देख रहे हैं और हम वास्तव में उसे आगे बढ़ते हुए देखना पसंद करेंगे.' सूर्यवंशी की फिटनेस पर उन्होंने कहा, ‘फिटनेस आ जाएगी. वह अभी बच्चा है.'
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के घर पर जुटी भारी भीड़, वायरल हुआ फैंस का वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं