Yashasvi Jaiswal and Vaibhav Suryavanshi Opening Pair in IPL 2026: राजस्थानी 'दोधारी' तलवार ने मैच से पहले ही दिल्ली को किया नर्वस, कैसे काट निकालेगा कैपिटल्स का कोचिंग स्टाफ?जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच पर आज जब राजस्थान रॉयल्स की सलामी जोड़ी उतरेगी, तो दिल्ली कैपिटल्स के डगआउट में बेचैनी होना स्वाभाविक है. राजस्थान की यह 'दोधारी' तलवार यानी यशस्वी जायसवाल और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी विपक्षी गेंदबाजों के लिए एक ऐसा चक्रव्यूह बन गई है, जिससे निकलना नामुमकिन सा लग रहा है. इस सीजन में इन दोनों ने मिलकर अब तक 451 रन बोर्ड पर टांग दिए हैं. आंकड़े गवाह हैं कि इनकी बल्लेबाजी सिर्फ रनों का अंबार नहीं, बल्कि खौफ का दूसरा नाम भी हैं.
50.11 की औसत और 12.13 रन प्रति ओवर की हैरतअंगेज गति से रन बनाना यह साफ करता है कि यह जोड़ी मैदान पर आते ही सीधे 'अटैक मोड' में होती है. दिल्ली के कप्तान और कोचिंग स्टाफ के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वे इन दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में कैसे शांत रखें, क्योंकि अगर इन्हें थोड़ी भी ढील मिली, तो मैच पावरप्ले में ही दिल्ली की मुट्ठी से फिसल सकता है.दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ के लिए यह किसी 'बड़ी मुसीबत' से कम नहीं है.
एक तरफ यशस्वी का अनुभव और क्लास है, तो दूसरी तरफ वैभव सूर्यवंशी की वह बेखौफ अंदाज, जो उम्र के आंकड़ों को छोटा बताते हुए बड़े-बड़े गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ने में माहिर है. कैपिटल्स के पास मिचेल स्टार्क जैसा अनुभवी गेंदबाज जरूर है, लेकिन जायसवाल और सूर्यवंशी का तालमेल ऐसा है कि वो एक-दूसरे का दबाव बखूबी बांट लेते हैं.
दिल्ली के कोचिंग स्टाफ के सामने सवाल यह है कि क्या वो शॉर्ट-पिच गेंदों से वैभव को फंसाएंगे या यशस्वी के खिलाफ 'वाइड यॉर्कर' का जाल बुनेंगे? 12 रन प्रति ओवर की मार झेलना किसी भी गेंदबाजी यूनिट का मनोबल तोड़ सकता है. ऐसे में दिल्ली को सिर्फ कौशल नहीं, बल्कि मजबूत रणनीति की जरूरत होगी, क्योंकि राजस्थानी रॉयल्स की यह ओपनिंग जोड़ी मौजूदा IPL सीजन इस वक्त बेरहम और तूफानी अंदाज में खेल रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं