Abhishek Sharma-Vaibhav Suryavanshi-Priyansh Arya in IPL 2026: अभिषेक शर्मा ने 47 गेंदों पर लगातार दो छक्कों के सहारे सीज़न का चौथा शतक जमाकर तहलका मचा दिया. अभिषेक का आईपीएल में ये दूसरा शतक है. इस सीज़न के पहले तीन शतकवीर- संजू सैमसन, क्विटंन डिकॉक और तिलक वर्मा साबित हुए. अभिषेक ने इस शतक में 10 छक्के और 8 चौके लगाए यानी उन्हें शतक पूरा करने के लिए सिर्फ़ 8 रन दौड़कर बनाने पड़े. अभिषेक शर्मा, प्रियांश आर्या और वैभव सूर्यवंशी ऐसे युवा धुरंधर हैं जिनके मैच का फ़ैन्स इंतज़ार करने लगे हैं. दिल्ली के ख़िलाफ़ अभिषेक शर्मा की जादुई पारी एक बार फिर दिल जीतनेवाली इनिंग साबित हुई. दिल्ली के ख़िलाफ़ अमृतसर के 25 साल के अभिषेक ने हैदराबाद के लिए पारी में 68 गेंदों पर नाबाद 135 रन बनाए. इस पारी में अभिषेक ने 199 के स्ट्राइक रेट के साथ 10 चौके और 10 छक्के जड़े.
IPL के एक-तिहाई से ज़्यादा मुक़ाबले खेले जा चुके हैं और इन मुक़ाबलों में एक-से बढ़कर एक सितारों ने अपना रंग जमाया है. आईपीएल 2026 में क्रिकेट एक्सपर्ट्स ख़ासकर खिलाड़ियों के स्ट्राइक रेट की खूब चर्चा कर रहे हैं. पावरप्ले में कई टीमों के सुपरस्ट्राइकर्स मैच का रुख़ तय कर दे रहे हैं.
IPL के टमकते सितारों में 15 साल के वंडरबॉय वैभव सूर्यवंशी, दिल्ली प्रीमियर लीग से चमके प्रियांश आर्या, वर्ल्ड चैंपियन अभिषेक शर्मा और पंजाब के शशांक सिंह, प्रभसिमरन सिंह जैसे सितारों के नाम अहम हैं. ये खिलाड़ी बाउंड्री के बादशाह भी साबित हुए हैं. एक नज़र आईपीएल के बांये हाथ के नए त्रिदेव पर-
बल्ले बल्ले पावरहिटर प्रियांश का बल्ला!
25 साल के बांये हाथ के बल्लेबाज़ प्रियांश आर्या IPL का अपना सिर्फ़ दूसरे सीज़न के मैच खेल रहे हैं. दिल्ली प्रीमियर लीग में धूम मचाने के बाद पिछले सीज़न 2025 में प्रियांश ने 17 मैचों में 2 अर्धशतक और एक शतकीय पारी भी खेली थी. पिछले सीज़न प्रियांश ने 180 के स्ट्राइक रेट से 475 रन बनाए थे. आईपीएल 2026 में प्रियांश की रफ़्तार और तेज़ हो गई है. स्ट्राइक रेट के हिसाब से वो इस सीज़न बैटर्स की लिस्ट में टॉप पर हैं. करीब ढाई सौ के स्ट्राइक रेट (248.24) के साथ प्रियांश टॉप पर हैं और उन्होंने अबतक खेले गए 5 मैचों में 2 अर्द्धशतकीय पारियों के साथ 211 रन बनाए हैं. प्रियांश ने इस सीजन 5 मैचों में 20 छक्के लगाकर पने नाम कुल 45 छक्के कर लिए हैं.
क्रिकेट का नया पोस्टर बॉय!
बिहार के 15 साल के बांये हाथ के वैभव सूर्यवंशी का बल्ला सातवें आसमान की सैर करा रहा है. वैभव ने पिछले एक-डेढ़ साल के क्रिकेट के ज़रिये अपनी वो पहचान बना ली है कि दुनिया भर के जानकार उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य मानने लगे हैं. पिछले सीज़न आईपीएल 2025 में पहले ही गेंद पर छक्का लगाने वाले बिहार के समस्तीपुर के ताजपुर के रहने वाले 15 साल के वैभव ने IPL में अबतक सिर्फ़ 13 मैच खेले हैं.
पिछले सीज़न वैभव ने 7 मैचों में 1 शतक और 1 अर्द्धशतक लगाकर 207 के स्ट्राइक रेट से 252 रन जोड़े. तो, आईपीएल सीज़न 2026 में उन्होंने 6 मैचों में 237 के स्ट्राइक रेट से 246 रन जोड़े हैं. वैभव ने पिछले सीज़न आईपीएल में 14 साल 32 दिनों की उम्र में शतक लगाकर 35 गेंदों पर शतक लगाया जो किसी भी भारतीय का आईपीएल में सबसे तेज़ शतक है. पिछले साल वैभव सूर्यवंशी ने 7 मैचों में 24 छक्के जड़े तो इस सीज़न 6 मैचों में 20 छक्के जड़ चुके हैं.
युवराज सिंह समेत कई दिग्गज वैभव के बैटस्पीड, आर्मस्पीड और बैटस्विंग की जमकर तारीफ़ कर रहे हैं. 15 साल के वैभव अभी से ही लाखों क्रिकेट खिलाड़िय़ों के नए रोल मॉडल और क्रिकेट का नया पोस्टर बॉय बन गए हैं.
वर्ल्ड चैंपियन अभि‘सिक्स' शर्मा ने बदल दी पावरहिटिंग की स्टाइल
हैदराबाद की ओर से खेलने वाले बांये हाथ के धुरंधर अभिषेक शर्मा का आईपीएल में ये नौवां सीज़न है. लेकिन 2024 से ऑस्ट्रेलियाई धुरंधर ट्रैविस हेड के साथ खेलते हुए पावर प्ले में अपना स्टाइल बदला और उनका स्ट्राइक रेट बढ़कर 200 से ऊपर हो गया. इस सीज़न अभिषेक ने अपने 7 मैचों में 216 के स्ट्राइक रेट से 323 रन बटोरे हैं.
अभिषेक ने दिल्ली के ख़िलाफ़ 47 गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाकर शतक जमाया और ऑरेंज कैप अपने नाम कर लिया. अभिषेक शर्मा की इस सीज़न 2 हाफ़ सेंचुरी और एक सेंचुरी लगाई है. अभिषेक ने इस सीज़न 7 मैचों में 27 प्लस और कुल 84 मैचों में कुल 128 छक्के जड़े हैं.
IPL 2026: सबसे बड़ा पावरहिटर कौन?
| बैटर | मैच | रन | स्ट्राइक रेट | 50/100 | चौके/छक्के |
|---|---|---|---|---|---|
| अभिषेक शर्मा | 7 | 323 | 216.00 | 1/2 | 25/27 |
| वैभव सूर्यवंशी | 6 | 246 | 237.00 | 0/2 | 24/20 |
| प्रियांश आर्या | 5 | 211 | 249.00 | 0/2 | 14/20 |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं