Team India Test and ODI Squad Announcement vs Afghanistan: अहमदाबाद में 31 मई को खेले जानेवाले 19वें आईपीएल के फ़ाइनल से पहले ही टीम इंडिया के एलान को लेकर सुगबुगाहट तेज़ हो गई है. आईपीएल के ख़त्म होते ही भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ या मुल्लांपुर में 1 टेस्ट और फिर 14 जून को धर्माशाला, 17 जून को लखनऊ और 20 जून को चेन्नई में तीन वनडे मैच खेलने हैं. बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक भारत-अफ़ग़ानिस्तान टेस्ट और वनडे सीरीज़ के लिए टीम का एलान मंगलवार को किया जाएगा. दिलचस्प ये है कि टेस्ट और वनडे के लिए भी टी-20 के फ़ॉर्म से चुने जाने के संकेत मिल रहे हैं. ये और बात है कि उम्मीद के मुताबिक चयनकर्ता इसे खिलाड़ियों की फ़िटनेस के आदार से ज़्यादा कुछ नहीं कहेंगे.
सभी फॉर्मैट से बाहर रह सकते हैं जसप्रीत बुमराह
आईपीएल 2026 जीनियस जसप्रीत बुमराह के लिए शानदार साबित नहीं हुआ. मौजूदा आईपीएल में बुमराह अपने प्रदर्शन की परछाईं ही नज़र आए. बुमराह ने मुंबई के लिए पहले 12 मैचों में 8.53 की इकॉनमी से 3 विकेट अपने नाम किए. 2016 के बाद से बुमराह का आईपीएल में ये अबतक का सबसे ख़राब प्रदर्शन कहा जा सकता है. 2016 से 2025 तक बुमराह ने कभी 15 विकेट से कम नहीं लिए. उनके आईपीएल करियर की इकॉनमी भी 7.34 उनकी मौजूदा इकॉनमी 8.53 से बेहद कम है.
बुमराह अगली सीरीज़ में किसी फ़ॉर्मैट में रेस्ट लेते हैं या नही, ये सवाल ज़रूर बरक़रार है. माना जा रहा है कि बुमराह वो वनडे फॉर्मैट से फ़िलहाल रेस्ट दिया जाएगा. चयनकर्ता उनका इस्तेमाल वर्कलोड मैनेजमेंट के हिसाब से ही करना चाहेंगे ताकि वो अगले साल 2027 के अक्टूबर-नवंबर में होनेवाले वर्ल्ड कप और टेस्ट सीरीज़ में अपना बेहतरीन प्रदर्शन कर सकें.
मो. शमी की स्विंग का कितना होगा असर?
मो. शमी ने मौजूदा सीज़न के 12 मैचों में 8.80 की इकॉनमी के साथ 10 विकेट अपने नाम किए हैं. दरअसल शमी लगातार घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को संदेश भेजते रहे हैं. यही नहीं उन्होंने खुलकर बयान देकर भी चयनकर्ताओं से अपने नहीं चुने जाने पर सवाल खड़े किये हैं. 2025-26 सीज़न में मो. शमी ने 67 विकेट झटककर अपना केस बेहद मज़बूत कर लिया है. पूर्व टेस्ट क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा इसे मो. शमी की फिर से शुरुआत के तौर पर देखते हैं. शमी ने बीते सीज़न 13 रणजी मैचों में 37 विकेट झटके, विजय हज़ारे में 15 और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी में 16 विकेट अपने नाम किये.
इन सबके बावजूद मो. शमी 2023 वर्ल्ड कप फ़ाइनल के बाद से टेस्ट नहीं खेल पाये हैं. शमी ने अपना आख़िरी वनडे 2025 में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ और आख़िरी अंतर्राष्ट्रीय टी-20 इंग्लैंड के ख़िलाफ़ फ़रवरी 2025 में खेला है. यानी एक साल से शमी टीम इंडिया के लिए अंतर्राष्ट्रीय मैच नहीं खेल पाये हैं. चयनकर्ता उनकी वापसी करवाते हैं या 2027 के प्लान में उन्हें कितना फ़िट पाते हैं, ये लाख टके का सवाल बना हुआ है.
रोहित शर्मा की फिटनेस का सवाल
हिटमैन और विराट कोहली को लेकर ऑस्ट्रेलिया दौरे से लेकर कई सवाल उठे. लेकिन RO-KO का बार-बार फॉर्म में आकर खुद को साबित करना चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट को इन्हें छोड़कर आगे बढ़ने की नीति नहीं अपना सका है. ये कहना भी ज़्यादती होगी की चयनकर्ता इन्हें पीछे छोड़कर आगे का प्लान कर रहे हैं.
हिटमैन की फिटनेस को लेकर सवाल इसलिए बरक़रार हैं क्योंकि आईपीएल के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह मुंबई इंडियंस के कई मुकाबलों से बाहर रहे. पंजाब के ख़िलाफ़ मैच में उनका इस्तेमाल 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर हुआ. ऐसे में चयनकर्ताओं के आगे उनकी फ़िटनेस का सवाल बरक़रार रहेगा.
'विराट' फॉर्म में हैं कोहली
विराट कोहली ने मौजूदा आईपीएल में 1 शतक और 4 अर्द्शतक के सहारे 168 के स्ट्राइक रेट से 542 रन बनाये हैं. वनडे में उनकी ज़रूरत से इंकार नहीं किया जा सकता. लेकिन उनका एक बयान कि उन्हें उनकी शर्त पर ही टीम में रहना है, चयनकर्ताओं को ज़रूर खटक रहा होगा. विराट कोहली ने RCB के लिए एक ख़ास इंटरव्यू में एंकर मैयन्ति लैंगर से खुलकर अपने दिल की बात की. उन्होंने कहा, 'इन सबके (पूरी मेहनत और ईमानदारी के) बावजूद भी अगर मुझे खुद को साबित करने की जरूरत पड़े तो वो जगह या स्पेस मेरे लिए नहीं है.'
विराट बार-बार कहते हैं कि वो क्रिकेट से बेइंतहा प्यार करते हैं, इसलिए खेलते हैं. इसलिए वो पिछले साल विजय हजारे ट्रॉफी भी खेले. वो खुद कहते हैं, 'मुझसे कई बार पूछा गया है कि क्या मैं 2027 का वर्ल्ड कप खेलना चाहता हूं? इस वक्त हम 2026 के मध्य में हैं और इस पर लगातार बात होने लगी है कि मैं 2027 का वर्ल्ड कप खेलूंगा या नहीं?' टीम चुनते वक्त चयनकर्ता इन चार सुपरस्टार खिलाड़ियों पर बात ज़रूर करेंगे और आईपीएल के दौरान इनपर उठे सवालों पर भी चर्चा ज़रूर होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं