IND vs PAK T20 World Cup 2026: कोलंबो क्रिकेट का शहर है और कोलंबो कमाल का शहर है. पिछले चार-पांच दिनों से हर नुक्कड़, चौराहे पर भारत-पाकिस्तान मैच की बातचीत करते, टिकट तलाशते, अपने फेवरेट खिलाड़ी की खूबियों को बखानते और अपनी टीम पर दांव लगाते लोग आपको कहीं भी मिल जाएंगे. भारत-पाकिस्तान मैच के होने की ख़बर ने यहां के क्रिकेट टूरिज़्म के मनोबल को बढ़ा दिया है. श्रीलंका और और कोलंबो में मौजूद सभी टीमें अब इस हाई-वोल्टेज भारत-पाक मैच का हिस्सा बन गई हैं.
हार्दिक का हैप्पी वैलेंटाइन डे!
15 फरवरी के महामुकाबले के लिए भारतीय टीम कोलंबो कोलंबो के भंडारनायका अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट एयरपोर्ट पहुंची तो उनका पारंपरिक कैंडियन नृत्य के साथ स्वागत हुआ. एयरपोर्ट पर कैंडियन नृत्य के साथ स्वागत करते तकीबन डेढ़ दर्जन कलाकारों ने अपने नफ़ासत भरे भाव-भंगिमाओं, डांस मूवमेंट, फुटवर्क और गहनों से लदे पारंपिरक परिधान से मन मोह लिया. सिंहाला का ये पारंपरिक नृत्य टीम इंडिया के स्ट्रेस और थकान को कम करने में ज़रूर मदद करेगा. कोलंबो में परंपरा और मॉडर्निटी (आधुनिकता) का अद्भुत संगम नज़र आता है.

भारतीय समर्थकों ने ‘भारत माता की जय' के नारे लगाए. हार्दिक पांड्या अपनी खूबसूरत गर्लफ्रेंड के साथ बाहर आए और फैंस उन्हें हैलो कहकर उनका हौसला बढ़ाते रहे. टीम-बस पर चढ़ने से पहले हार्दिक की गर्ल्फ़्रेंड माहिका शर्मा पांड्या से 10 मिनट के वक्त में भी ‘देर तक' बातें करती रहीं. कई फ़ैन्स ‘हार्दिक भाई, ऑल द बेस्ट कहते' तो हार्दिक मुस्करा कर उनका जवाब भी देते.
अभिषेक की फिटनेस, टीम इंडिया के लिए राहत
सबकी नज़रें खासकर अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव पर भी टिकी रहीं. अभिषेक शर्मा को स्वस्थ देखना भारतीय खेल प्रेमियों के लिए बड़े राहत की बात रही. अभिषेक बस में कप्तान सूर्यकुमार यादव के पीछेवाली सीट पर बैठे और फ़ैन्स उन्हें निहारते रहे. अभिषेक शर्मा अगर पाकिस्तान के ख़िलाफ़ खेल पाये तो इसे लंबे समय तक मिसाल के तौर पर याद रखा जाएगा.
कोलंबो शहर के बीचो-बीच ITC होटल पहुंचने पर भी टीम का जमकर स्वागत हुआ. टीम के स्वागत की आवाज सामने के सिनेमोन लाइफ होटल में रह रहे पाकिस्तान टीम तक भी ज़रूर पहुंची होगी.
दोनों टीमें ग्रुप के इस महामैच से पहले शनिवार को फाइनल अभ्यास करेगी. पाकिस्तान की टीम 2:00 बजे से 5:00 बजे शाम तक प्रेमदास स्टेडियम में अभ्यास करेगी जबकि भारतीय टीम 6 से 9 बजे रात तक फ्लडलाइट्स में प्रेमदास स्टेडियम में अभ्यास करेगी.
पाकिस्तान के डगआउट में ‘धामिन' सांप
शुक्रवार की शाम पाकिस्तान की टीम के प्रेमदासा स्टेडियम में पहुंचने के ठीक पहले उनके डगआउट में एक करीब छह-साढ़े छह फुट का सांप नज़र आया. स्टेडियम के कर्मचारियों ने उस सांप को मारने के बजाए उसे टेस्ट क्रिकेट के 'वेल लेफ्ट शॉट' की तरह धीरे-धीरे भगाकर स्टेडियम से बाहर कर दिया.
दरअसल श्रीलंका में 100 से ज़्यादा तरह के सांप पाये जाते हैं जिनमें से करीब 20% फीसदी सांप लुप्त होने के कगार पर हैं. श्रीलंकाई सरकार और यहां के लोग इन्हें बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. पाकिस्ता के डग आउट में दिखनेवाले रैट-स्नेक या लोकल भाषा में गरड़िया सांप या भारत में पाया जानेवाला धामिन सांप कहा जाता है. वैसे धामिन सांप की ये प्रजाति किसी को हानि नहीं पहुंचाती है.
कोलंबो की दिल जीतने वाली मेहमाननवाज़ी
मेहमाननवाज़ी के लिए आपने अक्सर लखनऊ से लेकर लाहौर जैसे शहरों के नाम सुने होंगे. लेकिन कोलंबो भी बेमिसाल है. कोलंबो के लोकल पत्रकार रामकृश और उनकी सहयोगी प्रदीपा अपने 20-25 लोगों की टीम के साथ LNSPORTS डिजिटल प्लैटफॉर्म पर खेल की खबरें बनाते, दिखाते हैं.
प्रदीपा बताती हैं कि उनकी 16 साल की बेटी नुयारा फर्नांडो श्रीलंका की नेशनल चैंपियन जिमनास्ट हैं. वो दीपा कर्माकर के बारे में पूछताछ करती हैं और बताती हैं कि उनकी बेटी ओलिंपिक्स में खेलना चाहती हैं. वो कहती हैं बेटी की वजह से मुझे जिमनास्टिक से लेकर क्रिकेट तक में दिलचस्पी बढ़ गई है.
रामकृश श्रीलंका स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट असोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी हैं. रामकृश का क्या शानदार नेटवर्क है. और सबसे बड़ी बात सुबह 10 बजे से लेकर रात के 11 बजे तक श्रीलंका के क्रिकेट के तमाम लोगों से मिलने-मिलाने का जैसे उन्होंने बीड़ा उठा लिया था. शाम तक उनके चेहरों पर थकान तो थी मगर मुस्कुराहट में कोई कमी नहीं दिखी.
रग्बी चैंपियन पूर्व खेलमंत्री ओलिंपिक्स 2036 के लिए भारत के साथ
कोलंबो में भारत-पाकिस्तान मैच से दो दिनों पहले रामकृश और प्रदीपा श्रीलंका के पूर्व खेल मंत्री नमल राजपक्षे से मुलाकात के लिए उनके घर ले जाते हैं. श्रीलंका की पूर्व रग्बी टीम केस कप्तान होने के नाते 40 साल के नमल राजपक्षे बेहद फिट नज़र आते हैं.
नमल राजपक्षे बताते हैं कि भारत-पाकिस्तान मैच का होना श्रीलंका लिए क्यों ज़रूरी था. उन्हें उम्मीद है कि भारत को 2036 ओलिंपिक्स की मेज़बानी का मौक़ा मिलेगा और श्रीलंका उस ओलिंपिक्स का ट्रेनिंग ग्राउंड बन जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं