भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए टीम के दरवाजे बंद नहीं हुए हैं. भले ही वह मौजूदा प्लान के तहत फिट नहीं बैठते हों, लेकिन वह अगर प्रदर्शन करते हैं तो टीम इंडिया में उनकी वापसी हो सकती है. सूर्या की अगुवाई में टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने में सफल हुए थी. लेकिन बीते एक साल से अधिक समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रनों के लिए संघर्ष कर रहे इस दाएं हाथ के बल्लेबाज को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले कप्तानी से हटा दिया गया था. साथ ही उन्हें टीम में जगह भी नहीं मिली थी. तब आई मीडिया रिपोर्ट्स से साफ हुआ कि आईपीएल 2026 के दौरान चयनकर्ताओं की नजर खास तौर पर सूर्या पर थी, लेकिन सूर्या कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए.
चयनकर्ताओं ने आईपीएल में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को सूर्या की जगह टीम इंडिया की कमान सौंपी. लेकिन अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया ने अब तक का अपना सबसे खराब प्रदर्शन किया. पहले आयरलैंड और फिर इंग्लैंड के खिलाफ भारत को व्हाइट वॉश हार का सामना करना पड़ा. टीम इंडिया लगातार छह मैच हारी. भारत ने 2006 में अपना पहला मैच खेला था, लेकिन टीम इंडिया के साथ ऐसा कभी नहीं हुआ था.
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि सूर्या की टीम इंडिया में वापसी हो सकती है बशर्ते की वह घरेलू सर्किट में रन बनाएं. रिपोर्ट के अनुसार, भले ही सूर्या अभी टीम की योजनाओं में शामिल नहीं हैं, लेकिन अगर वह घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो उनके चयन की संभावना बनी रहेगी.
BCCI सूत्र ने कहा,"सूर्यकुमार यादव के लिए दरवाजे अभी भी खुले हैं. वह अभी टीम की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन अगर वह घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाते हैं, तो उनकी वापसी हो सकती है."
नए कप्तान अय्यर की अगुवाई में, भारत को साउथेम्प्टन में खेले गए पांचवें T20I मैच में 56 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इस सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. इसके बाद बाकी के चारों मुकाबलों में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा. मेहमान टीम चौथा T20I नौ विकेट से, तीसरा 125 रनों से और दूसरा चार विकेट से हार गई थी.
आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में मिली हार, भारतीय टीम की क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में आयरलैंड के खिलाफ पहली सीरीज हार रही. इसके बाद भारतीय टीम पहली बार दो या उससे अधिक मैचों की सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ हारी. इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में हार के बाद भारत की नजरें अब मेजबान के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी पर होगी.
यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप: फाइनल मुकाबले की पिच के टुकड़ेगा बेचेगा फीफा, खरीदने के लिए चुकाने होंगे इतने रुपये
यह भी पढ़ें: लियोनेल मेसी के लिए फिक्स है वर्ल्ड कप? आरोंपों पर अर्जेंटीना के कोच ने तोड़ी चुप्पी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं