साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप से पहले जब राहुल द्रविड़ और टीम मैनेजमेंट कई प्रयोग कर रहे थे, तो उसमें वनडे में सूर्यकुमार यादव को मौका देना भी शामिल रहा. सोच थी कि स्लॉग ओवरों में सूर्या, जिस तरह से टी20 में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हैं, वनडे में तूफान लाएंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं. फिर भी राहुल द्रविड़ ने इस बल्लेबाज पर पूरा भरोसा जताया. कई दिग्गजों ने कहा भी कि सूर्या वनडे के बल्लेबाज नहीं हैं. कई मौके मिलने के बाद भी जब सूर्या उस उम्मीद पर खरे नहीं उतरे तो उन्हें बाहर होना पड़ा. 2023 की कहानी समाप्त हुई तो 2024 की तैयारियां शुरू हुई और रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने 12 साल के सूखे को खत्म कर आईसीसी खिताब जीता. शर्मा जी ने इसके बाद क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान किया. चर्चाएं थी कि हार्दिक अगले कप्तान होंगे, लेकिन चयनकर्ताओं ने सभी को चौंकाते हुए सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाया. सूर्या ने बीते वर्ल्ड कप में 8 मैचों में 28.42 की औसत और 135.37 की स्ट्राइक रेट से 199 रन बनाए. सूर्या टूर्नामेंट में भारत के लिए दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. सूर्या के रन भले ही कम दिखे, लेकिन उन्होंने उन पिचों पर बल्लेबाजी की, जिस पर टीमों ने 110 के स्कोर तक का बचाव किया. लेकिन कप्तानी मिलने के बाद से सूर्या का बल्लेबाजी में ग्राफ गिरता चला गया.
जिम्मेदारी मिलने के बाद औंधे मुंह गिरा प्रदर्शन
सूर्यकुमार यादव को जिम्मेदारी मिली तो इसका असर उनकी बल्लेबाजी पर साफ दिखा. टी20 अंतरराष्ट्रीय में सूर्यकुमार यादव का करियर औसत 36.35 का है और स्ट्राइक रेट 162.94 का. उनके नाम चार शतक और 25 अर्द्धशतक है. लेकिन अगर कप्तानी मिलने के बाद से उनके आंकड़ों पर नजर डालें तो यहां पर अंतर साफ झलकता है. ना सिर्फ उनका औसत गिरा बल्कि स्ट्राइक रेट में भी गिरावट आई. कप्तान बनने के बाद से सूर्या 45 मैचों में सिर्फ 6 मौकों पर अर्द्धशतक लगा पाए.
बतौर कप्तान सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन
- रन: 932
- औसत: 25.88
- स्ट्राइक रेट: 152.03
- अर्द्धशतक/शतक: 0/6
अगर वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके रिकॉर्ड को हटा दें और टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका के खिलाफ उनकी पारी को भी माइनस करें तो सूर्या के बल्ले से आखिरी बड़ी पारी 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ आई थी. कप्तानी मिलने के बाद खेली 42 पारियों में से 15 मौकों पर वह दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए थे.
शुरुआत में सूर्या ने माना था कि वह रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन जब वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम का ऐलान हुआ तो यह तय था कि अगर सूर्या टीम के कप्तान ना होते तो बतौर बल्लेबाज वह स्क्वाड में जगह ना बना पाते. कप्तान बनने के बाद विदेशी सरजमीं पर सूर्या ने जितने भी टी20 अंतरराष्ट्रीय खेले, उसमें सिर्फ एक बार वह 50 से अधिक रन बना पाए. बाकी के 5 अर्द्धशतक उन्होंने घरेलू परिस्थितियों में लगाए थे.
ऐसा भी नहीं था कि सूर्या को स्टार नहीं मिल रहा था. 2024 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से सूर्या 12 पारियों में 30 से अधिक रन बनाने में सफल हुए हैं. यह आंकड़े खराब तो नहीं कहे जा सकते, लेकिन इसके बाद वह इसे बड़ी पारी में बदल नहीं पाए.
कप्तान बनने के बाद सीरीज दर सीरीज प्रदर्शन
श्रीलंका के खिलाफ: 3 मैच, 92 रन
बांग्लादेश के खिलाफ: 3 मैच, 112 रन
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ: 4 मैच, 26 रन
इंग्लैंड के खिलाफ: 5 मैच, 28 रन
एशिया कप 2025: 7 मैच, 72 रन
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ: 5 मैच, 84 रन
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ: 4 मैच, 34 रन
न्यूजीलैंड के खिलाफ: 5 मैच, 242 रन
टी20 वर्ल्ड कप 2026: 9 मैच, 242 रन
लेकिन जीतती रही टीम इंडिया
भले ही सूर्या बल्ले से फ्लॉप हुए लेकिन टीम इंडिया जीतती रही. भारत ने उनकी अगुवाई में 45 खेले मुकाबलों में 35 मैच जीते. टीम इंडिया सिर्फ 6 मैच हारी. जबकि 2 मैचों का कोई नतीजा नहीं आया. भारत बीते दो सालों में दूसरी सबसे मैच जीतने वाली टीम है. जबकि फुल मेंबर नेशन में कोई भी टीम इंडिया के आस-पास नहीं है. भारत इस दौरान कोई सीरीज नहीं हारी. साथ ही उसने एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता. सूर्या की अगुवाई में भारत ने 2024 में चैंपियन बनने के बाद से कुल 6 सीरीज द्विपक्षीय सीरीज खेलीं, जिनमें से 6 में जीती.
सूर्यकुमार यादव का टी20 कप्तानी रिकॉर्ड (सीरीज-दर-सीरीज, 2024 वर्ल्ड कप के बाद से)
- बनाम श्रीलंका (घर पर, 2024): भारत 3-0 से जीता
- बनाम बांग्लादेश (घरेलू, 2024): भारत 3-0 से जीता
- बनाम दक्षिण अफ्रीका (बाहर, 2024): भारत 3-1 से जीता
- बनाम इंग्लैंड (घर पर, 2025): भारत 4-1 से जीता
- टी20 एशिया कप 2025: भारत बना चैंपियन
- बनाम ऑस्ट्रेलिया (घर पर, 2025): भारत 2-1 से जीता
- बनाम न्यूजीलैंड (घर पर, 2026): भारत 4-1 से जीता
- टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत चैंपियन बना
गुरुवार को लगेगी मुहर
एनडीटीव को सूत्रों ने जानकारी दी है कि गुरुवार को, नियमों के अनुसार, बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया एपेक्स काउंसिल को जानकारी देंगे कि कप्तान सूर्यकुमार यादव को हटाया जा रहा है. यह साफ है कि अगर सूर्य को कैप्टनसी से हटाया जाता है, तो लगभग 18 महीने तक अच्छा परफॉर्म न करने के बाद वह एक प्लेयर के तौर पर भी टीम में नहीं रहेंगे.
यह भी पढ़ें: पैट कमिंस ने बढ़ाई SRH की चिंता, IPL 2027 से बाहर रहने के दिए संकेत, बड़ा सवाल- किसकी चमकेगी किस्मत
यह भी पढ़ें: आईपीएल के बाद बेहद व्यस्त है टीम इंडिया का शेड्यूल,टी20, वनडे की भरमार, खेलेगी सिर्फ 3 टेस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं