देश के होनहार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा मौजूदा समय में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. उनके आक्रामक बल्लेबाजी की पूरी दुनिया दीवानी है. समय-समय पर उनके खेल को लेकर पूर्व दिग्गज क्रिकेटर अपनी राय रखते रहते हैं. इसी कड़ी में उनको लेकर देश के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने अब अपना विचार साझा किया है. उनका मानना है कि 26 वर्षीय अभिषेक को टेस्ट क्रिकेट में भी शिरकत करना चाहिए. रैना ने पूर्व टेस्ट क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के साथ एक पॉडकास्ट के दौरान बातचीत करते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि अभिषेक शर्मा को टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहिए.'
अभिषेक को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू का नहीं मिला है मौका
अभिषेक शर्मा को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका अबतक नहीं मिला है. हालांकि, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वह पंजाब की तरफ से काफी मुकाबले खेल चुके हैं. जहां उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है.
अभिषेक का फर्स्ट क्लास प्रदर्शन
खबर लिखे जाने तक अभिषेक शर्मा ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कुल 24 मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 37 पारियों में 30.60 की औसत से 1071 रन निकले हैं. जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल है. 100 रनों की खेली गई शतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च शतकीय पारी है.
गेंद से भी जमाया है रंग
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अभिषेक शर्मा ने बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी से भी लोगों को प्रभावित किया है. खबर लिखे जाने तक उन्होंने यहां 24 मैच की 27 पारियों में गेंदबाजी की है. जहां उन्हें 49.10 की औसत से 20 सफलता हाथ लगी है. 136 रन खर्च कर चार विकेट उनका एक मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है.
अभिषेक का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
वहीं बात करें अभिषेक के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के बारे में तो उन्होंने देश के लिए अबतक केवल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शिरकत किया है. जहां उनके बल्ले से 56 मैच की 55 पारियों में 30.73 की औसत से 1629 रन निकले हैं. जिसमें दो शतक और 11 अर्धशतक शामिल है.
यह भी पढ़ें- इंग्लैंड क्रिकेट पर राज करने आए अनेरिन-क्रोकोम्बे! वनडे और T20I सीरीज के लिए इंग्लिश टीम का हुआ ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं