भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन रविवार को पहली पारी में पांच विकेट पर 300 रन बनाए. इस दौरान टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के एक ही एडिशन में 1,000 रन बनाने वाले पहले भारतीय कप्तान बनकर इतिहास रच दिया. गिल ने 20 जून 2025 को लीड्स के हेडिंग्ले में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए टेस्ट कप्तानी में डेब्यू किया था.
2025-27 WTC साइकिल में कप्तान के तौर पर अपने रनों की संख्या 1,000 तक पहुंचाने के लिए उन्हें भारत-श्रीलंका दूसरे टेस्ट में 26 रनों की जरूरत थी. उन्होंने मेहमान टीम के लिए 108 गेंदों पर 50 रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की. कोलंबो के SSC में चल रहा भारत-श्रीलंका टेस्ट, 2025-27 WTC साइकिल में कप्तान के तौर पर गिल का 10वां मैच है और अब उनके नाम 1,024 रन हो गए हैं.
भारत के कप्तान के तौर पर अपनी पहली टेस्ट सीरीज में, गिल ने जून और अगस्त 2025 के बीच इंग्लैंड के खिलाफ 754 रन बनाए थे. इसके बाद, पिछले साल अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में उन्होंने 192 रन बनाए. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में गिल ने सिर्फ एक पारी खेली, जिसमें उन्होंने चार रन बनाए.
भारतीय कप्तानों में WTC के एक ही एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में गिल के बाद विराट कोहली का नंबर आता है. कोहली ने 2019-21 WTC साइकल में भारत के लिए 15 मैच खेले और 934 रन बनाए.
WTC के एक एडिशन में भारतीय कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन
- WTC 2025-27: शुभमन गिल - 10 मैच, 17 पारियां, 1,024 रन, सर्वश्रेष्ठ 269 रन, औसत 68.26, 5 शतक, 2 अर्धशतक
- WTC 2019-21: विराट कोहली- 15 मैच, 24 पारियां, 934 रन, सर्वश्रेष्ठ 254*, औसत 42.45, 2 शतक, 5 अर्धशतक
- WTC 2023-25: रोहित शर्मा- 17 मैच, 31 पारियां, 864 रन, सर्वश्रेष्ठ 131, औसत 28.80, 3 शतक, 4 अर्धशतक
- WTC 2021-23: विराट कोहली- 7 मैच, 13 पारियां, 415 रन, सर्वश्रेष्ठ 79, औसत 31.92, 0 शतक, 3 अर्धशतक
- WTC 2021-23: रोहित शर्मा- 7 मैच, 11 पारियां, 390 रन, सर्वश्रेष्ठ 120, औसत 35.45, 1 शतक, 0 अर्धशतक
WTC के एक ही एडिशन में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के जो रूट के नाम है. रूट ने 2019-21 WTC साइकिल में इंग्लैंड के कप्तान के तौर पर 20 मैच खेले और 1,660 रन बनाए. उन्होंने 2021-23 WTC साइकिल में भी इंग्लैंड के कप्तान के तौर पर 12 मैचों में 1,175 रन बनाए.
WTC के एक एडिशन में कप्तान के तौर पर सबसे ज़्यादा रन
- WTC 2019-21: जो रूट (इंग्लैंड)- 20 मैच, 37 पारियां, 1,660 रन, बेस्ट स्कोर 228, 3 शतक, 8 अर्धशतक
- WTC 2021-23: बाबर आजम (पाकिस्तान)- 14 मैच, 26 पारियां, 1,527 रन, बेस्ट स्कोर 196, 4 शतक, 10 अर्धशतक
- WTC 2021-23: जो रूट (इंग्लैंड)- 12 मैच, 23 पारियां, 1,175 रन, बेस्ट स्कोर 180*, 5 शतक, 4 अर्धशतक
- WTC 2021-23: दिमुथ करुणारत्ने (श्रीलंका)- 12 मैच, 23 पारियां, 1,054 रन, बेस्ट स्कोर 147, 2 शतक, 8 अर्धशतक
- WTC 2025-27: शुभमन गिल (भारत)- 10 मैच, 17 पारियां, 1,024 रन, बेस्ट स्कोर 269, 5 शतक, 2 अर्धशतक
- WTC 2023-25: बेन स्टोक्स (इंग्लैंड)- 18 मैच, 32 पारियां, 1,007 रन, बेस्ट स्कोर 155, 1 शतक, 7 अर्धशतक
- WTC 2019-21: दिमुथ करुणारत्ने (श्रीलंका)- 10 मैच, 18 पारियां, 999 रन, बेस्ट स्कोर 244, 4 शतक, 4 अर्धशतक
ये भी पढ़ें- Devdutt Padikkal Century: सचिन-सहवाग क्लब में देवदत्त पडिक्कल की एंट्री, 9 साल बाद किसी भारतीय ने किया कमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं