रांची में भारत को दूसरे टी-20 मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रन बनाए थे लेकिन भारतीय गेंदबाज विशाल स्कोर का बचाव नहीं कर पाए, वेस्टइंडीज ने 4 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया. शोई होप ने 102 रन की आतिशी पारी खेली और मैच को पूरी तरह से पलट दिया. भारत की हार के बाद पूर्व क्रिकेटर गेंदबाजों पर निशाना साध रहे हैं वहीं, गंभीर ने भी हार के बाद रिएक्ट किया है, गंभीर ने मैच के बाद कहा कि गेंदबाजों की गलती नहीं है, यह पिच ही ऐसी है कि यहां गेंदबाज असर साबित हो सकते हैं. गंभीर ने सीधे तौर पर यह भी माना है कि ऐसे परफॉर्मेंस से गेंदबाजों का करियर दांव पर है.
उनका करियर दांव पर लगा हुआ है
भारत की हार के बाद कोच गौतम गंभीर से प्रेस कॉन्फ्रेंस पूछा गया कि क्या टीम मैनेजमेंट बल्ले और गेंद के बीच बेहतर मुकाबला देखना चाहेगा, तो उन्होंने कहा: "कौन नहीं चाहेगा कि बल्ले और गेंद के बीच अच्छा मुकाबला हो? बिल्कुल. जो आप चाहते हैं, वही हम भी चाहते हैं. अगर आप सिर्फ छक्के और चौके देखना चाहते हैं, तो हम भी वही देखना चाहते हैं. अगर आप बराबरी का मुकाबला चाहते हैं, तो हम भी बराबरी का मुकाबला चाहते हैं, क्योंकि गेंदबाज हमारे भी तो हैं, है ना?"
"वे विदेशी गेंदबाज नहीं हैं, उनका करियर भी दांव पर लगा है.. उन्होंने भी इस ड्रेसिंग रूम तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है. ऐसा नहीं है कि उन्होंने मेहनत नहीं की. उन्होंने भी कड़ी मेहनत की है. इसलिए अगर बराबरी का मुकाबला होता है, तो यह अच्छा होगा और बेहतर क्रिकेट देखने को मिलेगा."
'हम सुधार करते रहना चाहते हैं'
हालांकि, गंभीर ने यह मानने से इनकार कर दिया कि टॉस ने अहम भूमिका निभाई, उन्होंने कहा कि टीमों को यह समझना होगा कि ओस पड़ने पर और पिच से ज्यादा मदद न मिलने पर कैसे गेंदबाजी की जाए. इससे पहले, वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर फ़ील्डिंग का फैसला किया था. इसके बाद भारत ने 249/5 का स्कोर बनाया, जिसमें संजू सैमसन (82), ईशान किशन (43), श्रेयस अय्यर (40) और तिलक वर्मा (44*) ने बल्लेबाज़ी में शानदार प्रदर्शन किया.
गंभीर ने कहा, "हम वर्ल्ड चैंपियन टीम हैं, इसलिए हम सुधार करते रहना चाहते हैं, और जाहिर है, ऐसी स्थितियों में गेंदबाजी करना मुश्किल होता है. हम जानते हैं कि प्लैट विकेट और ओस के कारण यह मुश्किल है, लेकिन हमें विपक्षी टीम को रोकने का तरीका खोजना होगा, खासकर तब जब उन्होंने पहले ओवर में दो और पहले6 ओवर में तीन विकेट गंवा दिए हों।"
"जाहिर है, यह मुश्किल था. लेकिन वेस्टइंडीज को भी श्रेय जाता है, खासकर शाई होप की बल्लेबाजी को. हम जानते हैं कि वे वर्ल्ड-क्लास बल्लेबाज हैं, खासकर इस फॉर्मेट में, इसलिए ज़ाहिर है कि यह मुश्किल था. लेकिन हम सुधार करते रहेंगे." उन्होंने आगे कहा, "असल बात यह है कि हम 250 रन का बचाव नहीं कर पाए. उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की.. वे जीत के हकदार थे, और हमें अभी भी काफी काम करना है. जब आप वेस्टइंडीज जैसी खतरनाक टीमों के खिलाफ खेल रहे हों, तो आपको यह समझना होगा कि बचाव कैसे किया जाए, खासकर तब जब आप टॉस हार जाएं."
यह भी पढ़ें | संजू सैमसन नंबर 1, रोहित शर्मा टॉप 5 में, धोनी के गढ़ में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले दुनिया का टॉप 5 बल्लेबाज
यह भी पढ़ें | गंभीर, अय्यर या कुलदीप, सुनील गावस्कर ने बताया दूसरे टी-20 में भारत की हार का सबसे बड़ा गुनहगार कौन?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं