विज्ञापन

ढाई साल टीम इंडिया से रहे बाहर, दो वर्ल्ड कप से चूके, अब क्यों कप्तानी की रेस में सबसे आगे निकले 'सरपंच साहब'?

श्रेयस अय्यर टी20 फॉर्मेट के तहत भारतीय टीम में वापसी के लिए पिछले पिछले ढाई साल से जूझ रहे थे. इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण सीरीज भी गंवाए. जिसमें दो टी20 वर्ल्ड कप भी शामिल है. मगर अब वह कप्तान के तौर पर लोगों की पहली पसंद हैं.

ढाई साल टीम इंडिया से रहे बाहर, दो वर्ल्ड कप से चूके, अब क्यों कप्तानी की रेस में सबसे आगे निकले 'सरपंच साहब'?
कप्तानी की रेस में सबसे आगे 'सरपंच साहब'!

आईपीएल (IPL 2026) का रोमांच खत्म हो चुका है. क्रिकेट प्रेमियों को अब छह जून से भारत और अफगानिस्तान (India vs Afghanistan) के बीच खेले जाने वाले इंटरनेशनल सीरीज का रोमांच देखने को मिलेगा. उसके बाद भारतीय टीम आयरलैंड और इंग्लैंड का सामना करेगी. आगामी सीरीज को बड़े मुकाबलों से पहले तैयारी के रुप में भी देखा जा रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले टी20 सीरीज से कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है. वहीं हाल ही में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है. यहां उनका प्रदर्शन ठीक ठाक रहा तो वह भविष्य में टीम के नियमित सदस्य भी बन सकते हैं.

कप्तानी के रेस में 'सरपंच साहब' सबसे आगे 

यहीं नहीं खबरें तो ऐसी भी सामने आ रही हैं कि आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी जा सकती है. हाल के वर्षों में उन्होंने अपने खेल के साथ-साथ अपनी सूझबूझ भरी कप्तानी से हर किसी को प्रभावित किया है. आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में उनकी कप्तानी का जादू देखने को मिला तो वह टीम के नियमित कप्तान भी बन सकते हैं. क्योंकि पिछले काफी समय से सूर्यकुमार यादव का फॉर्म डगमगाया हुआ है. यहीं नहीं वह 35 साल के भी हो चुके हैं. आने वाले 24 सितंबर को 36 साल के हो जाएंगे. ऐसे में चयनकर्ता समय रहते उनका विकल्प भी ढूंढने में लगे हुए हैं. 

टीम इंडिया में वापसी के लिए ढाई साल से जूझ रहे थे श्रेयस अय्यर!

श्रेयस अय्यर टी20 फॉर्मेट के तहत भारतीय टीम में वापसी के लिए पिछले पिछले ढाई साल से जूझ रहे थे. इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण सीरीज भी गंवाए. जिसमें दो टी20 वर्ल्ड कप भी शामिल हैं. लोग लगातार उनके खेल की सराहना कर रहे थे. मगर किस्मत का साथ नहीं मिलने की वजह से वह बार-बार चूक जा रहे थे. अब जब किस्मत ने करवट मारी है तो वह बतौर खिलाड़ी ही नहीं कप्तान के तौर पर भी लोगों की पहली पसंद बन गए हैं. 

आईपीएल प्रदर्शन का अय्यर को मिल रहा है इनाम 

कप्तान तौर पर अय्यर की हो रही लगातार चर्चा उनके आईपीएल प्रदर्शन का इनाम है. पिछले कुछ सीजन से लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उन्होंने चयनकर्ताओं को अपने बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया था. पिछले तीन सीजन में उन्होंने लोगों को अपने बल्ले की धार तो दिखाई ही है. इसके साथ-साथ उन्होंने कप्तानी से भी सबका दिल जीता है. उनकी अगुवाई में पहले केकेआर ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. उसके बाद 2025 में उन्होंने काफी अर्से के बाद पंजाब की टीम को फाइनल तक का सफर तय करवाया. इस बार भी पहले हॉफ तक लग रहा था कि पंजाब की टीम प्लेऑफ तक आसानी से पहुंच जाएगी. मगर दूसरे चक्र में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन की वजह से उनका सपना टूट गया. 

नंबर चार के नैसर्गिक बल्लेबाज हैं अय्यर 

अय्यर नंबर चार के नैसर्गिक बल्लेबाज हैं. उन्होंने इस क्रम पर खेलते हुए भारतीय टीम को कई मुकाबले जिताए हैं. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में देश के लिए उन्होंने खबर लिखे जाने तक कुल 51 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए 10 पारियों में 37.57 की औसत से 263 रन बनाए हैं. जिसमें दो अर्धशतक शामिल है. ये रन उन्होंने 150.28 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं. 

वहीं वनडे फॉर्मेट में उन्होंने चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 46 पारियों में 48.82 की स्ट्राइक रेट से 1953 और टेस्ट की दो पारियों में 28 की औसत से 56 रन बनाए हैं. 

अय्यर का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर 

बात करें अय्यर के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के बारे में तो उन्होंने देश के लिए खबर लिखे जाने कुल 14 टेस्ट, 76 वनडे और 51 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से टेस्ट की 24 पारियों में 36.86 की औसत से 811, वनडे की 70 पारियों में 46.51 की औसत से 2977 और टी20 इंटरनेशनल की 47 पारियों में 30.66 की औसत से 1104 रन निकले हैं. 

अय्यर के नाम टेस्ट क्रिकेट में एक शतक और पांच अर्धशतक, वनडे में पांच शतक और 23 अर्धशतक एवं टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में आठ अर्धशतक दर्ज है. 

यह भी पढ़ें- 'कोहली ऑस्ट्रेलिया में एक बड़ा नाम हैं', विराट के फैन निकले ऑस्ट्रेलियाई उप प्रधानमंत्री, जानें उनकी तारीफ में क्या कुछ कहा


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com