विज्ञापन

टी20 रैंकिंग में श्रेयस अय्यर की बड़ी छलांग, करियर के सर्वश्रेष्ठ पायदान पर पहुंचे, टॉप-10 में चार भारतीय बल्लेबाज

श्रेयस अय्यर आईसीसी टी20 रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है.

टी20 रैंकिंग में श्रेयस अय्यर की बड़ी छलांग, करियर के सर्वश्रेष्ठ पायदान पर पहुंचे, टॉप-10 में चार भारतीय बल्लेबाज
श्रेयस अय्यर सर्वश्रेष्ठ टी20 रैंकिंग पर पहुंचे

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में वह तीन स्थान की छलांग लगाकर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं.अय्यर ने लखनऊ में खेले गए श्रृंखला के पहले टी20 मुकाबले में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला टी20 शतक जड़ा था. इसी प्रदर्शन का असर उनकी रैंकिंग पर भी देखने को मिला है. उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन का बड़ा फायदा मिला है.

टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत का दबदबा कायम है. भारतीय टीम के चार बल्लेबाज शीर्ष-10 में शामिल हैं. ईशान किशन 904 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं. उन्होंने दूसरे स्थान पर मौजूद अभिषेक शर्मा पर 13 अंकों की बढ़त बना रखी है. पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान करियर के सर्वश्रेष्ठ 883 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. आईसीसी ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान के कप्तान फरहान ने भी करियर के सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक हासिल किए हैं.

अन्य बल्लेबाजों की बात करें तो श्रीलंका के कुसल मेंडिस तीन स्थान के फायदे से 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं. वहीं वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड 13 स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त 24वें और भारत के संजू सैमसन चार स्थान के सुधार के साथ संयुक्त 27वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

गेंदबाजों की रैंकिंग में वेस्टइंडीज के रोस्टन चेस को बड़ा फायदा हुआ है. भारत के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद वह 24 स्थान की छलांग लगाकर 23वें स्थान पर पहुंच गए. इसके अलावा टी20 अंतरराष्ट्रीय ऑलराउंडरों की सूची में भी वह दो पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं.

पाकिस्तान के सलमान मिर्जा भी नौ स्थान के सुधार के साथ 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि साइम अयूब आठ स्थान की छलांग लगाकर 54वें स्थान पर पहुंचने में सफल रहे.

टेस्ट रैंकिंग में भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा शीर्ष स्थान पर कायम हैं. दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन के बाद एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि साइमन हार्मर पांच स्थान का सुधार करते हुए संयुक्त 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

इस बीच डरबन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत के बाद कई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी रैंकिंग में फायदा मिला है. ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 214 रन से हराया था. ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ ने पहली पारी में 190 रन और दूसरी पारी में 82 रन की शानदार पारी खेली. इस प्रदर्शन के दम पर वह टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से 49वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

वहीं उनके साथी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन चार स्थान ऊपर चढ़कर 34वें स्थान पर पहुंच गए हैं. दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने भी चार स्थान का सुधार करते हुए संयुक्त 10वां स्थान हासिल किया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Indians, India, Shreyas Santosh Iyer, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com