समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की शादी की तारीख तय हो चुकी है. यह कपल 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में शादी के बंधन में बंधेगा. शादी की तारीख पक्की होने के बाद, दोनों परिवारों ने समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसके वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी पसंद किए जा रहे हैं.
क्रिकेटर रिंकू सिंह की बहन नेहा सिंह ने अपनी मां और भाभी के साथ भाई रिंकू की शादी की तैयारियों को लेकर शॉपिंग शुरू कर दी है. नेहा ने अपने व्लॉग में बताया कि वह परिवार के साथ साड़ियां खरीदने के लिए बाजार पहुंची थीं. इस दौरान उन्होंने एक शोरूम से नौ साड़ियां पसंद कीं. इसके बाद मां के साथ दूसरे और तीसरे शोरूम में भी गईं, जहां शादी के लिए कुछ और साड़ियां और कपड़े पसंद किए. परिवार में शादी को लेकर उत्साह साफ नजर आ रहा है और तैयारियां अब जोर पकड़ने लगी हैं. नेहा ने बताया कि अगली शॉपिंग बच्चों के कपड़ों के लिए होगी.
शाहरुख खान भी शादी में हो सकते हैं शामिल
रिंकू सिंह की शादी में परिवार के सदस्यों के अलावा, करीबी रिश्तेदारों और खास मेहमानों के भी शादी में शामिल होने की उम्मीद है. शाहरुख खान के आने के बारे में बात करते हुए, रिंकू ने एक इंटरव्यू में बताया कहा कि उन्होंने सुपरस्टार को फंक्शन में बुलाया है. उन्होंने कहा, 'मैंने शाहरुख सर को अपनी शादी में भी बुलाया है.
दरअसल, रिंकू और प्रिया सरोज ने पहली बार 2022 में बात करना शुरू किया था, जब उन्हें एक फैन पेज पर प्रिया की फोटो दिखी. हालांकि उन्हें इंस्टाग्राम पर मैसेज करने में हिचकिचाहट हो रही थी, लेकिन जब उन्होंने देखा कि प्रिया ने उनकी कुछ फोटो लाइक की हैं, तो उनमें हिम्मत आ गई.
रिंकू ने खुद बताया कैसे शुरू हुई लव स्टोरी
रिंकू ने अपनी लव स्टोरी को लेकर बताया कि , 'इसकी शुरुआत 2022 में कोविड के समय हुई थी, जब IPL मुंबई में हो रहा था. मेरा एक फैन पेज था जिस पर प्रिया के गांव में हो रही किसी वोटिंग के सिलसिले में उसकी फोटो डाली गई थी. प्रिया की बहन फोटो और वीडियो शूट करती है, इसलिए मुझे लगता है कि उसने मदद के लिए फैन पेज से फोटो डालने को कहा होगा. मैंने फोटो देखी और वह मुझे पसंद आ गई. मुझे लगा कि वह मेरे लिए एकदम सही है. मैंने उसे मैसेज करने के बारे में सोचा, लेकिन फिर लगा कि ऐसा करना ठीक नहीं होगा.'
8 जून को हुई रिंकू और प्रिया की सगाई
रिंकू ने आगे कहा, 'उन्हें मेरी कुछ तस्वीरें पसंद आईं, फिर मैंने उन्हें इंस्टाग्राम पर मैसेज किया और वहीं से सब शुरू हुआ. फिर हमारी बातचीत होने लगी. एक-दो हफ़्ते में हम रेगुलर बात करने लगे, मैच से पहले भी बात होती थी. तो, मुझे 2022 से ही प्यार का एहसास होने लगा था.' मैदान पर अपनी काबिलियत साबित करने के बाद रिंकू भारत के T20I सेटअप का एक अहम हिस्सा बन गए हैं, वहीं उनकी होने वाली पत्नी प्रिया सरोज एक सांसद और वकील हैं. क्रिकेटर रिंकू सिंह और एसपी सांसद प्रिया सरोज की सगाई 8 जून, 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी.
यह भी पढ़ें- बिहार में कहां की हैं ये खूबसूरत वादियां? रिंकू सिंह का नया पोस्ट वायरल, जंगल के बीच दिखे खतरनाक शिकारी
यह भी पढ़ें- विराट कोहली का नाम लेकर वैभव सूर्यवंशी के लिए भिड़े वीरेंद्र सहवाग, कह दी ये बड़ी बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं