विज्ञापन

अब लोकल क्रिकेट लीग बन रहीं गेम चेंजर, IPL 2026 में प्रियांश आर्या-समीर रिजवी जैसे खिलाड़ी बिखेर रहे चमक

IPL 2026 Upcoming Stars: सिर्फ तीन साल के अंदर साढ़े 8 करोड़ से घटकर 1 करोड़ रुपये से कम कीमत हासिल करनेवाले समीर रिज़वी दिल्ली के दमदार बैटर बनकर उभरे हैं.

अब लोकल क्रिकेट लीग बन रहीं गेम चेंजर, IPL 2026 में प्रियांश आर्या-समीर रिजवी जैसे खिलाड़ी बिखेर रहे चमक
IPL 2026 Upcoming Stars:

IPL 2026 Upcoming Stars: दुनिया की सबसे अमीर और नामचीन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) में सिर्फ़ दिग्गज खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि कई नए, अनजाने खिलाड़ी पावर परफ़ोरमेंस से सुर्ख़ियां बटोर रहे हैं. उनकी टीमें और फ़ैन्स उनसे बड़ी उम्मीदें रख रही हैं. ये वो खिलाड़ी हैं, जो अपने राज्य के लिए रणजी ट्रॉफी या आयु वर्ग का टूर्नामेंट नहीं खेले या बहुत ही कम मैच खेले, लेकिन राज्य में आयोजित घरेलू टी20 लीग में दमदार प्रदर्शन दिखाते हुए य न केवल आईपीएल टीमों का हिस्सा बने, बल्कि इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में प्रदर्शन से खासी सुर्खियां बटोर रहे हैं. बड़ी टीमों ने भी  इनकी काबिलियत को हाथों-हाथ लिया है और इन्हें खुलकर मौका किया जा रहा है. ये खिलाड़ी दिल्ली प्रीमियर लीग, यूपी प्रीमियर लीग, कर्नाटक प्रीमियर लीग, मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग और तमिलनाडु प्रीमियर लीग से लेकर केरल प्रीमियर लीग तक से आकर IPL में खेल रहे हैं. और आने  वाले समय में ऐसे खिलाड़ियों की संख्या में और भी ज्यादा और खासी तेजी से इजाफा होने की उम्मीद है.  चलिए आपको कुछ ऐसे ही खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं, जो अपने राज्य के लिए BCCI की घरेलू राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तो ज्यादा सफल नहीं रहे, लेकिन लीग से इन्होंने अपने लिए आगे का रास्ता बना लिया. साथ ही, ये बहुत ही कम उम्र में अच्छी कमाई भी कर रहे हैं. 

समीर रिजवी: दाम में कम, काम में दम

यूपी प्रीमियर लीग में कानपुर सुपरस्टार्स टीम के कप्तान, मेरठ के 22 साल के ऑलराउंडर समीर रिज़वी की कहानी बिल्कुल फ़िल्मी है. IPL 2026 के पहले दोनों ही मैचों में दिल्ली के लिए मैचविनिंग पारी खेलकर मैन ऑफ़ द मैच का ख़िताब जीत चुके समीर रिज़वी पर दिल्ली की टीम ने भरोसा दिखाया और वो उनके भरोसे पर पूरी तरह खरा उतर रहे हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक ट्रेडिंग के दौरान राजस्थान की टीम समीर रिज़वी पर भी दांव लगा रही थी. मगर हेमांग बदानी और दिल्ली के थिंक-टैंक ने उन्हें हाथों से निकलने नहीं दिया. 

सिर्फ तीन साल के अंदर साढ़े 8 करोड़ से घटकर 1 करोड़ रुपये से कम कीमत हासिल करनेवाले समीर रिज़वी दिल्ली के दमदार बैटर बनकर उभरे हैं. मुंबई की दमदार गेंदबाज़ी के ख़िलाफ़ मेरठ के ऑलराउंडर समीर रिज़वी शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, मयंक मार्कंडेय और मिचेल सैंटनर से लेकर कॉर्बिन बॉश तक की धुलाई करने वाले 22 साल के दांये हाथ के मेरठ के समीर रिजवी इस सीज़न आईपीएल में बड़ा स्टार बनकर उभर  रहे हैं. 

IPL 2026 के पहले मैच में लखनऊ के ख़िलाफ़ 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनानेवाले रिज़वी ने मुंबई के ख़िलाफ़ 51 गेंदों पर मैचविनिंग 90 रनों की पारी खेली. लखनऊ के ख़िलाफ़ मैच में रिज़वी ने अब्दुल समद से लेकर मोहसिन ख़ान. एडन मार्करम और शाहबाज़ अहमद जैसे गेंदबाज़ों को अपने निशाने पर रखा. 

प्रियांश आर्या- क्लास भी, तूफान भी

24 साल के धमाकेदार बैटर प्रियांश आर्या विशुद्ध दिल्ली प्रीमियर लीग की खोज हैं. पिछले सीज़न आईपीएल में 39 गेंदों पर एक तेज़ और क्लासिक शतक लगाकर उन्होंने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. पंजाब ने उन्हें 3 करोड़ 80 लाख रुपये में खरीदकर एक अच्छी खरीद की. पंजाब के लिए ओपनिंग करते हुए पहले दो मैचों में उन्होंने गुजरात के ख़िलाफ़ 7 और चेन्नई के ख़िलाफ़ 11 गेंदों पर 39 रनों की मैचविनिंग पारी खेली. चेन्नई के ख़िलाफ़ प्रियांश मैन ऑफ़ द मैच के ख़िताब से भी नवाजे गए. 

प्रिंस यादव- दिल्ली का पेसर, लखनऊ की शान 

दिल्ली प्रीमियर लीग के एक और खोज प्रिंस यादव को लखनऊ ने सिर्फ़ 30 लाख रुपये की रकम में खरीदा. दिल्ली प्रीमियर लीग में 24 साल के दांये हाथ का ये पेसर कप्तान ऋषभ पंत की अगुआई में पुरानी दिल्ली 6 टीम के लिए अपना जौहर दिखाते रहा. इस सीज़न लखनऊ के लिए पहले दोनों ही मैचों में किफ़ायती गेंदबाज़ी करते हुए उन्होंने 2-2 विकेट झटके हैं. 

विपराज निगम- फिरकी गेंदबाज़ को बड़े मौके का इंतजार

यूपी प्रीमियर लीग में धूम मचाने वाले विपराज ने उत्तर प्रदेश लिए घरेलू क्रिकेट के सभी फॉर्मैट में भी उम्दा प्रदर्शन किया. 21 साल के लेग स्पिनर विपराज निगम से एक्सपर्ट्स बड़ी उम्मीदें कर रहे हैं. पिछले सीज़न विपराज ने 14 मैचों में 11 विकेट झटके थे. 20 साल के विपराज लोअर ऑर्डर में तेज़ रफ़्तार से बैटिंग भी करते हैं. दिल्ली की टीम ने उन्हें 50 लाख रुपये में खरीदा.  

प्रशांत वीर सिंह- मौका तो मिले!

यूपी प्रीमियर लीग में नोएडा सुपरकिंग्स के कप्तान प्रशांत वीर सिंह और कार्तिक शर्मा IPL 2026 के ऑक्शन में सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी साबित हुए. चेन्नई ने उन्हें 14.2 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया. दो मैचों में इस बॉलिंग ऑलराउंडर, लेफ़्ट आर्म स्पिनर ने नाबाद 6 और 43 रनों की पारी तो खेली है. लेकिन चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने इन्हें गेंदबाज़ी का मौक़ा नहीं दिया है और उनकी आलोचना भी हो रही है. 

दिग्वेश राठी- एक और सीजन चमकने को तैयार 

दिल्ली प्रीमियर लीग के 26 साल के अटैकिंग लेगस्पिनर ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ टीम के लिए धूम मचाकर लखनऊ टीम में शामिल हुए. लखनऊ ने उन्हें 30 लाख की रकम देकर खरीदा और पिछले सीज़न 14 मैचों में 13 विकेट लिए. इस बार भी उन्होंने हैदराबाद के ख़िलाफ़ इकलौते मैच में लियाम लिविंगस्टोन का विकेट अपने नाम किया है. 

सार्थक रंजन - DPL में कमाया नाम 

नामचीन राजनेता पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने अदानी दिल्ली प्रीमियर लीग की नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स टीम के लिए पिछले सीज़न खूब रन बटोरे. सार्थक ने DPL 2025 में 58 गेंदों पर एक शतकीय पारी भी खेली. कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 30 लाख रुपये की रकम देकर खरीदा है. लेकिन उन्हें अबतक आईपीएल में मौक़ा मिलना बाक़ी है.

तेजस्वी दाहिया: सुपर सिक्सहिटर बैटर 

23 साल के विकेटकीपर बैटर एक टीचर खानदान से आते हैं. कोलकाता टीम ने उन्हें 3 करोड़ की बड़ी रकम देकर खरीदा है. दिल्ली प्रीमियर लीग में वो सबसे ज़्यादा छक्के जड़नेवालों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहे और करीब 200 के स्ट्राइक रेट से 339 रन बटोरे. 

शिवांग कुमार- धोनी की कहानी का किरदार निभाने को तैयार

मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के इस 23 साल के ऑलराउंडर ने भोपाल लियोपार्ड्स टीम के लिए ओपनिंग करते हुए 42 गेंदों पर 91 रनों की पारी खेली थी. उस पारी में उन्होंने 9 छक्के जड़े थे. बांये हाथ के रिस्ट ऑर्म स्पिनर शिवांग को उत्तर प्रदेश में अहमियत नहीं मिली. 

एक रिपोर्ट के मुताबिक शिवांग कुमार और उनके पिता ने एमएस धोनी की फिल्म देखकर दुबारा मध्य प्रदेश में अपनी किस्मत आज़माई. हैदराबाद के लिए पहले दोनों मैचों में उन्होंने रन तो नहीं बटोरे लेकिन विकेट ज़रूर अपने नाम किया. शिवांग को हैदराबाद की टीम ने 30 लाख रुपये देकर खरीदा है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com