विज्ञापन

'सेलेक्टरों को उन्हें गंभीरता से लेना होगा', चोपड़ा ने कहा कि वैभव के डेब्यू के लिए इंतजार करना चाहिए

Aakash Chopra: जहां तमाम दिग्गज वैभव को जल्द ही भारत के लिए मौका देने की बात कर रहे हैं, तो आकाश चोपड़ा इंतजार कराने की बात कह रहे हैं

'सेलेक्टरों को उन्हें गंभीरता से लेना होगा', चोपड़ा ने कहा कि वैभव के डेब्यू के लिए इंतजार करना चाहिए
Aakash ov Vaibhav: आकाश चोपड़ा
Source: Social media

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में बुधवार को हैदराबाद के खिलाफ 93 रन की पारी के बाद क्रिकेट जगत से बाहर भी वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) के नाम का शो है, तो पूर्व दिग्गज उनका अपनी-अपनी नजर से आंकलन कर रहे हैं. इसी कड़ी में पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने राजस्थान रॉयल्स के किशोर ओपनर वैभव सूर्यवंशी को विशेष प्रतिभा करार देते हुए कहा कि टीम इंडिया के लिए उनके डेब्यू के लिए इंतजार किया जा सकता है क्योंकि अभी वह सिर्फ 15 साल के ही हैं.  इस सीजन में 680 रनों के साथ फिलहाल ऑरेन्ज कैप पर कब्जा जमाए वैभव बुधवार को एक शॉट भर से आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ने से चूक गए, लेकिन उन्होंने अपनी निडर बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह से स्तब्ध कर दिया.

आकाश ने कहा, 'हम अभी भी अगले विश्व कप से दो साल दूर हैं और इस बीच अभी खासा समय है.  हां, वैभव सूर्यवंशी को उनके आईपीएल फॉर्म के आधार पर भारत के लिए चुनना एक रोमांचक विचार है. आप इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते क्योंकि आईपीएल भारत का शीर्ष टी20 टूर्नामेंट है. वह दाएं-बाएं हर तरफ रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं. आपको उन्हें गंभीरता से लेना होगा. वह विशेष हैं और इसमें कोई शक नहीं है.'

पूर्व ओपनर ने कहा,  'लेकिन आप सिर्फ बदलाव करने के लिए बदलाव नहीं करते हैं. यह सीधा सा नियम है. किसी को टीम से बाहर करने के लिए उसे असफल होना पड़ेगा. अगर कोई पहले से ही टीम में टॉपर है, तो आप उसे सिर्फ इसलिए क्यों बदलेंगे क्योंकि किसी और ने बड़े रन बनाए हैं? अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन इस समय वे टॉपर हैं. आप उन्हें नहीं बदल सकते. अगर आप ऐसा करते हैं, तो अगले दो या तीन वर्षों में जब वैभव का खराब दौर आएगा, तो वही चीज फिर से होगी.अगले युवा बल्लेबाज को टीम में धकेल दिया जाएगा. इसलिए, चयनकर्ताओं को दबाव का सामना करना पड़ेगा. लेकिन उन्हें वही करना होगा जो भारतीय क्रिकेट के लिए सबसे अच्छा है. वे सही फैसला लेंगे. उनका भारत के लिए डेब्यू कल ही होना जरूरी नहीं है. यह इंतजार कर सकता है. वह केवल 15 साल के हैं. कोई जल्दबाजी नहीं है.' 

सुनामी रिकॉर्ड के साथ उतरेंगे अब वैभव

सूर्यवंशी की इस शानदार आतिशबाजी ने उन्हें एक ही आईपीएल सीजन में सर्वाधिक 59 छक्कों के क्रिस गेल के 12 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए भी देखा. अब तक 65 छक्कों के साथ वैभव का शुक्रवार को न्यू चंडीगढ़ में होने वाले क्वालिफायर 2 के मुकाबले में जब गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों के खिलाफ सूर्यवंशी का आमना-सामना होगा.

आकाश ने कहा, 'गेंदबाजों के पास आमतौर पर वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ एक योजना होती है और पैट कमिंस ने यॉर्कर के साथ शुरुआत की. इस पर वैभव शुरुआत में रन नहीं बना सके. लेकिन एक बार जब उनकी आंखें जम गईं, तो कुछ भी काम नहीं आया. SRH के गेंदबाज असहाय नजर आए. ऐसा लगा जैसे वे किसी सुनामी की चपेट में आ गए हों. और जब वैभव जैसा बल्लेबाज इस तरह के फॉर्म में हो, तो देखने के अलावा आप बहुत कम ही कुछ कर सकते हैं.'

दिग्गज कमेंटेटरों में शुमार चोपड़ा ने कहा, 'SRH के पास एक अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण है. पैट कमिंस और ईशान मलिंगा विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं। उनमें से एक विश्व कप विजेता है. कमिंस ने अपनी पूरी कोशिश की लेकिन उनके पास कोई जवाब नहीं था. एक पल के लिए सूर्यवंशी की उम्र को भूल जाइए, बस उनकी गुणवत्ता (क्वालिटी) को देखिए.' उन्होंने कहा, 'यह लंबे समय में किसी ओपनर द्वारा खेली गई सबसे बेहतरीन जवाबी हमलावर  पारियों में से एक थी. एक अच्छे गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ, उन्होंने पूरी तरह से नियंत्रण के साथ खेला. गेंदबाजों के पास योजनाएं थीं, लेकिन वे योजनाएं पूरी तरह से विफल रहीं. यही एक विशेष खिलाड़ी की पहचान है.'


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com