- रूसी पर्यटक ने इंस्टाग्राम रील शेयर कर पर्यटकों को आगरा में अकेले न घूमने की सलाह दी.
- आगरा पुलिस की जांच में छेड़छाड़ या अभद्रता का दावा पूरी तरह झूठा और भ्रामक मिला.
- महिला ने खुद यह वीडियो बनवाया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पेश किया गया.
ताजनगरी आगरा में रूसी टूरिस्ट किरा सुवोरोवा के एक इंस्टाग्राम रील ने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है, जिसमें उन्होंने पर्यटकों को आगरा में अकेले न घूमने की सलाह दी है. हालांकि, इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए आगरा पुलिस की एसीपी डॉ. सुकन्या शर्मा ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस जांच के मुताबिक, महिला का यह वीडियो पूरी तरह भ्रामक है और धरातल पर छेड़छाड़ जैसी कोई घटना नहीं हुई थी. पुलिस ने अब भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है.
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, भारत घूमने आईं रूसी पर्यटक किरा सुवोरोवा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था. यह वीडियो आगरा की यमुना किनारा रोड का बताया गया, जिसमें किरा लाल रंग की ड्रेस पहनकर सड़क पर पैदल चलती दिख रही हैं. वीडियो में अचानक एक ऑटो चालक उनके सामने आता है और "मैम-मैम" कहकर कुछ कमेंट करता नजर आता है.
आगरा पुलिस की जांच में खुला 'वीडियो का सच'
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आगरा पुलिस ने तुरंत इसकी गंभीरता से जांच शुरू की. आगरा कमिश्नरेट की सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया था, जिसके बाद विभिन्न प्रकार की भ्रामक और तथ्यहीन टिप्पणियां की जा रही थीं. गहन जांच में यह साफ हो गया है कि वीडियो में महिला के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, फब्तियां कसने या अन्य कोई आपत्तिजनक घटना नहीं हुई थी. महिला ने खुद यह वीडियो बनवाया था और बाद में इसे गलत तरीके से पेश किया गया.
भ्रामक खबरें फैलाने वालों को पुलिस की चेतावनी
एसीपी डॉ. शर्मा ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और गरिमा से जुड़े मुद्दे बेहद संवेदनशील होते हैं. ऐसे में गलत तथ्यों और भ्रामक सूचनाओं के जरिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास पूरी तरह अनुचित है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना पूरी जानकारी के सोशल मीडिया पर असत्य और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी (वैधानिक) कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगरा पुलिस 'अतिथि देवो भवः' की भावना के अनुरूप देश-विदेश से आने वाले सभी पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व विश्वास बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
यह भी पढ़ें- Manish Patel Rewa: मनीष पटेल रीवा 'पोक्कभान' ने किया सरेंडर, 4M फॉलोअर्स वाले यूट्यूबर का पूरा केस क्या?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं