विज्ञापन

कहीं पहले ही मैच में न मिल जाए कड़ी टक्कर? जापान के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया के स्टार ने दी चेतावनी

सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड की पिच बैलेंस है जहां पहली पारी का औसत स्कोर लगभग 120 रन रहता है. पिच पर गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों को मैच के दौरान मदद मिलती है.

कहीं पहले ही मैच में न मिल जाए कड़ी टक्कर? जापान के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया के स्टार ने दी चेतावनी
श्रेयस अय्यर
IANS

भारतीय क्रिकेट टीम जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने के लिए तैयार है. जापान की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले केंडेल कादोवाकी फ्लेमिंग 22 सितंबर को सानो में भारत के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपने देश की कप्तानी करेंगे. इस मैच में जापान ने वही टीम उतारने का फैसला किया है जो आइची-नागोया में एशियाई खेलों में खेलेगी. मैच के लेकर फैंस के बीच काफी क्रेज देखने को मिल रहा है. इस बीच टीम इंडिया के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने पिच और वेदर को लेकर बड़ा अपडेट दिया है.

वरुण ने कहा है कि स्पिनर एशियन गेम्स में अहम भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि मौसम के बदलते हालात ही तय करेंगे कि टूर्नामेंट के दौरान पिचें कैसा बर्ताव करेंगी. एएसआईसीएस इंडिया की तरफ से आईएएनएस के साथ एक खास बातचीत में चक्रवर्ती ने कहा, 'हर मैच और हर टूर्नामेंट के लिए तैयारी की जरूरी होती है. हमें वो करना ही होगा. यह हर दूसरे टूर्नामेंट की तरह ही है. हम अच्छी तैयारी करेंगे और जो भी हमारे रास्ते में आएगा, हम उसे हराएंगे. गेंदबाजी यूनिट को वहां की स्थिति के मुताबिक ढलना होगा.'  

'जापान में स्पिन को मदद मिल सकती है'

उन्होंने कहा, 'मैंने देखा है कि पिचें थोड़ी कम तैयार हो सकती हैं. इसलिए स्पिन को मदद मिल सकती है. मुझे नहीं पता कि जापान का मौसम पिचों के बर्ताव पर क्या असर डालेगा. हम बस हर तरह के हालात का सामना करने की तैयारी कर रहे हैं.'

वापसी के लिए तैयार हैं वरुण चक्रवर्ती

टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे चक्रवर्ती ने कहा, 'अब तक का सफर बहुत अच्छा रहा है. हमने इस बार वर्ल्ड कप जीता. मेरी चोट की वजह से मुझे दिक्कत हुई थी, लेकिन मैं वापस आ गया हूं और ज्यादा फिट महसूस कर रहा हूं. मैंने बहुत सारी स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और रनिंग की है. इसका श्रेय सीओई को जाता है. यहां मैंने बहुत ट्रेनिंग की है.'  

उन्होंने कहा, 'मैंने क्रिकेट बहुत देर से शुरू किया. 28 साल की उम्र में इंडिया के लिए खेला. मैं बहुत देर से आया हूं. अभी क्रिकेट में सात से आठ साल हो गए हैं और मैं कहूंगा कि मैं अपने करियर के पहले हाफ में हूं. अभी बहुत लंबा रास्ता तय करना है और अब तक यह एक अलग तरह का सफर रहा है और मुझे लगता है कि यह और भी ऐसा ही होने वाला है.'

नए वेरिएशन जोड़ने पर काम कर रहे चक्रवर्ती

अपनी कला को बेहतर बनाने के बारे में बात करते हुए, चक्रवर्ती ने बताया कि वह पर्दे के पीछे लगातार नए वेरिएशन जोड़ने पर काम करते हैं, लेकिन अपने मौजूदा स्किल सेट को बेहतर बनाना उनका मुख्य मकसद है. अपनी मिस्ट्री गेंदों को हाई-टेक कैमरों और तकनीकी विश्लेषकों से बचाने के सवाल पर चक्रवर्ती ने कहा, 'दबाव में गेंदों को सही जगह डालना तकनीक से ज्यादा जरूरी है. अब कोई सीक्रेट नहीं है क्योंकि हर जगह बहुत सारे वीडियो विश्लेषक हैं. आप जो कुछ भी करते हैं वह रिकॉर्ड हो रहा है.'

उन्होंने कहा, 'क्रिकेट में बस एक ही चीज है, वह है ह्यूमन टच, जहां बल्लेबाज को पता नहीं होता कि मैं उन्हें क्या गेंद डालने वाला हूं. यह मुझे तय करना होता है. मुझे नहीं लगता कि कोई एआई या वीडियो विश्लेषक इसका अंदाजा लगा सकता है. हमें इसी के साथ खेलना होगा.'

करियर के लक्ष्यों से जुड़े सवाल पर वरुण ने कहा, 'मैं लंबी अवधि के बजाय कम अवधि के गोल सेट करता हूं क्योंकि मुझे नहीं लगता कि मैं पांच साल बाद की योजना बना पाऊंगा. मैं अगले छह महीनों में जो करना चाहता हूं उसकी योजना ही बना पाऊंगा. मैं शॉर्ट-टर्म गोल पर ज्यादा फोकस करता हूं.' 

दूसरी ओर इस मुकाबले के लिए जापान की टीम पूरी तरह से तैयार है. आईसीसी ने बताया कि जापान की टीम में इब्राहिम ताकाहाशी और डेक्लन सुजुकी मैककॉम्ब अन्य दो खिलाड़ी हैं जिन्हें 50 से अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलने का अनुभव है. इस टूर्नामेंट का आयोजन भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया जा रहा है.

तीस वर्षीय कप्तान कादोवाकी फ्लेमिंग ने अब तक 55 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 139.41 के स्ट्राइक रेट से 1871 रन बनाए हैं. उनके नाम पर दो शतक और 12 अर्धशतक दर्ज हैं. एशियाई खेल 19 सितंबर से शुरू हो रहे हैं। पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी। विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज भारत मौजूदा टी20 विश्व कप चैंपियन है। जापान आईसीसी टी20 रैंकिंग में 41वें स्थान पर है. जापान की 15 सदस्यीय टीम में विकेटकीपर वतारू मियाउची और लेग स्पिनर माकोतो तानियामा भी शामिल हैं.

स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर जेक कुसुदा नैर्न और तेज गेंदबाज त्सुयोशी तकादा को घरेलू मैचों में अच्छे प्रदर्शन के दम पर टीम में शामिल किया गया है. भारत के खिलाफ यह मैच भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के बीच शिखर सम्मेलन के दौरान हुए समझौते के तहत खेला जा रहा है.

सानो क्रिकेट ग्राउंड पिच रिपोर्ट

सानो क्रिकेट ग्राउंड जापान की उन चुनिंदा जगहों में से एक है जहां क्रिकेट खेला जाता है. इसकी पिच प्लास्टिक कार्पेट से बनी है और काफी अच्छी हालत में है. इस मैदान का इस्तेमाल बेसबॉल के लिए भी किया जाता है. यह स्टेडियम जापान क्रिकेट एसोसिएशन का मुख्यालय है और यहां अंतरराष्ट्रीय टीमों के बीच कई क्रिकेट मैच खेले जा चुके हैं. सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड की पिच बैलेंस है जहां पहली पारी का औसत स्कोर लगभग 120 रन रहता है. पिच पर गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों को मैच के दौरान मदद मिलती है.

जापान की टीम: केंडेल कादोवाकी फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा हिन्ज़, बेंजामिन इटो डेविस, एलेस्टर कादोवाकी फ्लेमिंग, कोहेई कुबोटा, जेक कुसुदा नैर्न, वतारू मियाउची (विकेटकीपर), रेओ साकुरानो थॉमस, एलेक्स शिराई पाटज़ुकिटर, सुगाया मैक्लान (विकेटकीपर) त्सुयोशी तकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, मकोतो तानियामा, लाचलान यामामोटो लेक.

ये भी पढ़ें-  मनु भाकर का पूरे दिन कौन करता है इंतजार? स्टार शूटर ने पहली बार किया खुलासा, शेयर की तस्वीर

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket, India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com