Sanju Samson Sixes Record as Opener, CSK vs DC IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में संजू ने न सिर्फ अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को जीत दिलाई, बल्कि छक्कों का एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया जिसने दिग्गजों को भी हैरान कर दिया है. इस मैच में संजू सैमसन एक नए अवतार में नजर आए. बतौर सलामी बल्लेबाज (Opener) उतरते ही उन्होंने दिल्ली के गेंदबाजों पर धावा बोल दिया. संजू ने पारी का पहला छक्का जड़ते ही आईपीएल में बतौर ओपनर अपने 50 छक्के पूरे कर लिए. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई, जैसे ही उनके बल्ले से तीसरा छक्का निकला, उन्होंने ओवरऑल टी20 क्रिकेट में बतौर ओपनर 150 छक्के पूरे करने का ऐतिहासिक कारनामा भी कर दिखाया.
ऑरेंज कैप की रेस में संजू सैमसन
संजू सैमसन इस सीजन में रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. दिल्ली के खिलाफ 52 गेंदों में नाबाद 87 रनों की पारी (6 छक्के और 7 चौके) के दम पर वह अब ऑरेंज कैप की रेस में पांचवें पायदान पर पहुंच गए हैं. संजू ने इस सीजन के 10 मैचों में 167 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 402 रन कूट दिए हैं. उनके बल्ले से अब तक कुल 42 चौके और 21 छक्के निकल चुके हैं, जो उनकी आक्रामक फॉर्म की गवाही दे रहे हैं.
CSK के लिए 'मैच विनर' बने संजू सैमसन
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जब चेन्नई ने 45 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे, तब संजू ने कार्तिक शर्मा (41*) के साथ मिलकर मोर्चा संभाला. दोनों ने मिलकर 66 गेंदों में 114 रनों की अटूट साझेदारी की और 17.3 ओवर में ही मैच खत्म कर दिया. संजू की इस निडर बल्लेबाजी ने न सिर्फ दिल्ली के हाथों से जीत छीनी, बल्कि चेन्नई को प्लेऑफ की दौड़ में भी मजबूती से बनाए रखा है.दिल्ली के लिए संजू सैमसन अब एक ऐसे 'जानी दुश्मन' बन चुके हैं, जिनके सामने आते ही रिकॉर्ड्स की झड़ी लग जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं