विज्ञापन

संजू सैमसन ने रोहित-अभिषेक शर्मा के क्लब में मारी एंट्री, टी20I में भारत के लिए बतौर ओपनर 1 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज

संजू सैमसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 में अर्धशतक लगाकर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की.

संजू सैमसन ने रोहित-अभिषेक शर्मा के क्लब में मारी एंट्री, टी20I में भारत के लिए बतौर ओपनर 1 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
संजू सैमसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 में अर्धशतक लगाया

पहले टी20 में बल्ले से नाकाम रहने वाले संजू सैमसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे मुकाबले में जोरदार वापसी की. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने सिर्फ 22 गेंदों में 57 रन की तूफानी पारी खेली और इसी दौरान एक खास उपलब्धि भी अपने नाम कर ली. संजू टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए बतौर ओपनर 1000 रन पूरे करने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं.

संजू सैमसन अब रोहित शर्मा, केएल राहुल, शिखर धवन और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों के एलीट क्लब में शामिल हो गए हैं. भारत के लिए टी20I में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है, जिन्होंने 3750 रन बनाए हैं. उनके बाद केएल राहुल (1826), शिखर धवन (1759), अभिषेक शर्मा (1726) और अब संजू सैमसन (1026) का नाम आता है.

संजू ने यह मुकाम बेहद आक्रामक अंदाज में हासिल किया. उन्होंने अपनी विस्फोटक पारी में 7 चौके और 6 छक्के लगाए. उनकी बल्लेबाजी इतनी आक्रामक रही कि अफगान गेंदबाज शुरुआत से ही दबाव में नजर आए. संजू का स्ट्राइक रेट 259 से ज्यादा रहा और उन्होंने अपने टी20 करियर का सबसे तेज अर्धशतक भी जड़ दिया.

भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा रन

रैंकखिलाड़ीरन
1रोहित शर्मा3750
2केएल राहुल1826
3शिखर धवन1759
4अभिषेक शर्मा1726
5संजू सैमसन1026

भारत को 160 रन का लक्ष्य मिला था जिसे 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया. दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला 

इससे पहले अफगानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 159 रन बनाए थे. कप्तान इब्राहिम जादरान ने 37 रन बनाए जबकि राशिद खान ने 28 और मोहम्मद नबी ने 20 रन का योगदान दिया. भारत की ओर से नितीश रेड्डी सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 3 विकेट झटके. अर्शदीप सिंह को 2 विकेट मिले, जबकि जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई ने एक-एक विकेट हासिल किया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sanju Viswanath Samson, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com