Ruturaj Gaikwad on CSK Lost To SRH: आईपीएल 2026 के 27वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 10 रनों से हार का सामना करना पड़ा इस सीजन की चौथी हार से कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ काफी निराश नजर आए. उन्होंने कहा कि टीम के बल्लेबाज अहम समय पर साझेदारियां बनाने में नाकाम रहे, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा.
एसआरएच के खिलाफ मिली हार के बाद कप्तान ऋतुराज ने कहा, "जिस तरह से SRH का पावरप्ले चला, उसे देखकर मुझे लग रहा था कि स्कोर 220-230 के आसपास जाएगा. स्कोर को 30 रन कम करके उन्हें 200 से नीचे रोकना यकीनन शानदार था. 10 ओवरों में सिर्फ 80 रन चाहिए थे. वहां से बस कुछ साझेदारियां बनाने की जरूरत थी. 10 ओवर पूरे होने के बाद अगले 2 ओवरों में हमने महज 4 रन बनाए. आखिर के ओवरों में 12 से 13 रन प्रति ओवर का पीछा करना मुश्किल होता है.
हालांकि, ऋतुराज ने हार के बावजूद टीम के गेंदबाजों की सराहना की. उन्होंने कहा, "यह लगातार तीसरा मैच है जब हमारी गेंदबाजी यूनिट ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. आज पावरप्ले में भी मुझे लगा कि अभिषेक ने शानदार खेल दिखाया. मेरे हिसाब से सभी गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया. वह (अंशुल कंबोज) अपनी गेंदबाजी पर, खासकर आखिर के ओवरों की गेंदबाजी पर बहुत मेहनत कर रहे हैं। ऐसे गेंदबाज बहुत कम मिलते हैं जिनके पास पूरी स्पष्टता हो और जो कप्तान से कह सकें कि मुझे पता है कि क्या करना है, और मैं यही करने वाला हूं."
राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 194 रन लगाए. टीम की तरफ से अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 59 रनों की दमदार पारी खेली. वहीं, हेनरिक क्लासेन का शानदार प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा और उन्होंने 39 गेंदों में 59 रन बनाए.क्लासेन ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए. नीतीश कुमार रेड्डी ने 12 रनों का योगदान दिया.
हालांकि, सीएसके 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट गंवाने के बाद 184 रन ही बना सकी.टीम की ओर से मैथ्यू शॉर्ट ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि आयुष म्हात्रे ने 13 गेंदों में 30 रनों का योगदान दिया. सरफराज खान ने 19 गेंदों में 25 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने 16 गेंदों में 21 रन बनाए। गेंदबाजी में एसआरएच की तरफ से ईशान मलिंगा ने 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 2 विकेट झटके.
ये भी पढ़ें- Abhishek Sharma: अभिषेक शर्मा का IPL में तहलका, ऐसा महारिकॉर्ड बनाकर रचा इतिहास, दुनिया के पहले बल्लेबाज बने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं