Rohit Sharma set for scans for hamstring injury: रविवार को अपने होम ग्राउंड पर खेल रही मुंबई इंडियंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इस मुकाबले में मुंबई को एक झटका लगा क्योंकि रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते बल्लेबाजी बीच में ही छोड़कर वापस चले गए. रोहित अच्छे टच में थे और रेयान रिकेल्टन के मिलकर उन्होंने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी. रिटायर्ड हर्ट होने से पहले मैदान पर फिजियो ने उन्हें उपचार दिया था, लेकिन एक गेंद खेलते ही उन्हें समझ आ गया को वो बल्लेबाजी जारी नहीं रख पाएंगे. वहीं अब रोहित की चोट पर अपडेट आया है. रिपोर्ट्स की मानें तो रोहित का स्कैन होगा और उसके बाद तय होगा कि वो पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेंगे या नहीं.
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शर्मा अपनी हैमस्ट्रिंग इंजरी की गंभीरता का पता लगाने के लिए स्कैन करवाएंगे. 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मैच में रोहित खेलेंगे या नहीं, यह इन स्कैन के नतीजों पर निर्भर करेगा. 38 साल के रोहित रविवार रात छठे ओवर में मैदान से बाहर चले गए थे. मैदान छोड़ने से पहले उन्होंने 13 गेंदों में 19 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था. पावरप्ले के आखिरी ओवर की दूसरी गेंद के बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे. रोहित की चोट कितनी गंभीर है, इस पर स्थिति अभी साफ़ नहीं है.

बेंगलुरु के खिलाफ मैच में फिजियो से उपचार लेते रोहित शर्मा.(फोटो क्रेडिट: पीटीआई)
मुंबई के खिलाड़ी शेरफेन रदरफोर्ड ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,"मुझे अभी पूरी तरह से पक्का नहीं पता - शायद यह हैमस्ट्रिंग की थोड़ी-बहुत समस्या है - लेकिन मैं निश्चित रूप से कुछ नहीं कह सकता. मैं डगआउट में था, इसलिए मेरे पास इस बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं है."
रोहित ने चार मैचों में 137 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है. रविवार रात चोट लगने से पहले वह अच्छी लय में दिख रहे थे. मुंबई इंडियंस, जो अपने चार में से तीन मैच हार चुकी है, को अपने इस अहम खिलाड़ी के अनुभव की ज़रूरत होगी, जिसने हाल ही में इस फ्रेंचाइज़ी के साथ अपने 15 साल पूरे किए हैं.
मुंबई के लिए पूरे किए 6 हजार रन
बेंगलुरु के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा ने खास उपलब्धि को अपने नाम किया. रोहित ने मुंबई की तरफ से खेलते हुए आईपीएल में 6 हजार रन पूरे कर लिए हैं. आईपीएल इतिहास में रोहित इस मुकाम तक पहुंचने वाले महज दूसरे खिलाड़ी है. मुंबई की ओर से खेलते हुए इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी रोहित शर्मा के नाम है. एक फ्रेंचाइजी की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में रोहित दूसरे नंबर पर मौजूद हैं. इस लिस्ट में रोहित से आगे सिर्फ विराट कोहली हैं, जिन्होंने आरसीबी की तरफ से खेलते हुए 8,840 रन बनाए हैं.
यह भी पढ़ें: Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी के पास T20 में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी का मौका
यह भी पढ़ें: IPL 2026: जीत के लिए तरसी कोलकाता को मिली गुड न्यूज, इस घातक गेंदबाज को मिली NOC, जल्द होगा टीम में शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं