Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में एक नया इतिहास रच दिया है. रोहित शर्मा ने लिस्ट 'ए' क्रिकेट में अपने 14,000 रन पूरे कर लिए हैं. इस मुकाबले को शुरू होने से पहले उन्हें इस बड़े मुकाम तक पहुंचने के लिए केवल 10 रनों की जरूरत थी, जिसे उन्होंने मैदान पर आते ही आसानी से पूरा कर लिया. रोहित शर्मा के बल्ले से वनडे क्रिकेट में ही कुल 11640 रन बनाए हैं.
357 मैचों में ठोक चुके हैं 37 शतक और 74 अर्धशतक
रोहित शर्मा के लिस्ट-ए क्रिकेट के कुल आंकड़ों पर नजर डालें तो यह किसी भी बल्लेबाज के लिए एक बड़ा सपना जैसा है. उन्होंने अब तक अपने करियर में कुल 357 मैच खेले हैं, जिसकी 345 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 46 से ज्यादा की शानदार औसत के साथ 14,038 रन अपने नाम दर्ज करा लिए हैं. इस लंबे और कामयाब सफर के दौरान रोहित के बल्ले से 37 बेहतरीन शतक और 74 अर्धशतक निकले हैं, जो उनकी निरंतरता और लंबी पारियां खेलने की काबिलियत को साफ दिखाता है.
48 रन बनाकर राशिद खान का बने शिकार
रोहित शर्मा अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान बहुत ही आक्रामक मूड में बल्लेबाजी कर रहे थे. उन्होंने अफगानिस्तान के गेंदबाजों को रिमांड पर लेते हुए 48 रनों की तेज पारी खेली. अपनी इस पारी में रोहित ने 6 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के भी जड़े. हालांकि, रोहित शर्मा अपने अर्धशतक से चूक गए और अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान की घूमती हुई गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे.
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, प्रिंस यादव का वनडे डेब्यू
इससे पहले, अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीता और पिच के मिजाज को देखते हुए भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया. भारतीय टीम इस मैच में नए बदलावों के साथ मैदान पर उतरी है. उम्मीद के मुताबिक यशस्वी जायसवाल ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर पारी की शुरुआत की, जबकि नियमित कप्तान शुभमन गिल इस मैच में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आ रहे हैं. टीम की गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव की वापसी हुई है, वहीं मध्यम तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को आज भारत के लिए अपना पहला वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच (डेन्यू मैच) खेलने का मौका मिला है.
भारतीय टीम ने धर्मशाला में बारिश से प्रभावित पहला वनडे मैच 7 विकेट से जीता था और फिलहाल तीन मैचों की इस सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है. इसके बाद सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला शनिवार को चेन्नई में खेला जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं