Vaibhav Suryavanshi Vs Don Bradman : मैदान पर वैभव सूर्यवंशी अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचा रहे हैं तो वहीं, दूसरी ओर मैदान के बाहर पूर्व दिग्गज उनकी तूफानी बैटिंग को देखकर हैरत में हैं. वैभव को लेकर भारतीय दिग्गज रॉबिन उथप्पा ने एक ऐसा बयान दिया है जिसने पूरे वर्ल्ड क्रिकेट को हैरत में डाल दिया है. उथप्पा ने 15 साल के बैटर वैभव की तुलना ऑल टाइम ग्रेट सर डॉन ब्रैडमैन से कर डाली है जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनका यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है.अपने यू-ट्यूब चैनल पर दोनों के बीच तुलना करते हुए उथप्पा ने कहा कि "ब्रैडमैन को रन बनाने से रोकने के लिए गेंदबाज अक्सर 'बॉडी-लाइन' बॉलिंग का सहारा लेते थे, हालांकि वैभव सूर्यवंशी के करियर की अभी शुरुआत ही है, लेकिन गेंदबाज अक्सर उनके खिलाफ भी इसी रणनीति का इस्तेमाल करते दिखते हैं"
वैभव की तकनीक ब्रैडमैन जैसी
दो बार आईपीएल का खिताब जीतने वाले उथप्पा ने वीडियो में कहा, "अभी यह कहना मुश्किल है. हमने अभी तक यह नहीं देखा है कि वैभव जो कर रहे हैं, उस पर गेंदबाज कैसे रिएक्ट करते हैं. लोग अभी भी उनकी बल्लेबाजी के अंदाज को समझने की कोशिश कर रहे हैं. इसलिए हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा. क्योंकि जब ब्रैडमैन उस तरह से बल्लेबाजी करते थे, तो गेंदबाज 'बॉडी-लाइन' बॉलिंग का सहारा लेते थे. वैभव की तकनीक ब्रैडमैन जैसी ही है, जिसमें वह लगभग कभी LBW आउट नहीं होते थे."
पूर्व भारतीय दिग्गज ने कहा, "अगर वैभव अपने स्ट्राइक रेट के साथ 40 से ज्यादा का औसत बनाए रख सकते हैं, तो वह मैदान पर तूफान ला देगा, उसे असाधारण खिलाड़ी बना देगा. यह देखना भी दिलचस्प होता कि अगर दूसरा विश्व युद्ध न हुआ होता और ब्रैडमैन ने 30 और टेस्ट मैच खेले होते, तो क्या उनका औसत 99 या 100 से ज़्यादा होता?"
उथप्पा ने कहा, "आजकल 'असाधारण' पहले की तुलना में ज्यादा देखने को मिलते हैं, ऐसा इसलिए है क्योंकि लोग पारंपरिक बॉलिंग या बल्लेबाजी तकनीकों पर निर्भर नहीं हैं. आज किसी भी तकनीक को ज्यादा स्वीकार किया जाता है. ज्यादातर खिलाड़ी खेलने के किसी खास तरीके के बजाय अपनी स्वाभाविक, भगवान की ओर से से दी गई टैलेंट पर भरोसा कर रहे हैं."
क्या रॉबिन उथप्पा ने वैभव सूर्यवंशी के बारे में जो कहा सही है? दरअसल, उथप्पा का बयान वैभव की तकनीकी क्षमता की तारीफ है, लेकिन इसे " ब्रैडमैन" का तमगा नहीं, बल्कि उनकी प्रतिभा पर मिला एक बड़ा तारीफ माना जाना चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं