Riyan Parag PC Breaks Silence on Commentators and Trolling, IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाइंट्स को हराकर अपने प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है. इस जीत में सबसे बड़ी भूमिका की बात करें तो वो रहा वैभव सूर्यवंशी का जिन्होंने 93 रनों की तूफानी पारी खेलकर राजस्थान के लिए जीत की नींव तैयार कर दी थी. अपने करो ये मरो मुकाबले में राजस्थान ने कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल ने अपनी भूमिका को बखूबी निभाया और निर्णायक मुकाबले में जीत के साथ आगे बढ़ें. राजस्थान रॉयल की जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रियान पराग मौजूद रहे और उन्होंने बेबाकी से सभी सवालों पर अपना जवाब दिया और साथ ही कुछ खास अपील भी कर डाली.
इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में मैदान के अंदर और बाहर काफी कुछ घट रहा है. लगातार होने वाली आलोचनाओं और सोशल मीडिया की बयानबाजी पर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने खुलकर अपनी बात रखी है. उन्होंने साफ कर दिया है कि वो अब इन चीजों से ऊपर उठ चुके हैं और उनका पूरा ध्यान सिर्फ अपने खेल पर है.
लोग तो बातें करेंगे ही, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता
अपनी मानसिक मजबूती और आलोचनाओं को संभालने पर बात करते हुए रियान पराग ने कहा, "पहली बात तो यह है कि अब मैं एक चीज बहुत अच्छे से समझ गया हूं कि मैं चाहे जो भी करूं, लोग बातें करेंगे ही. मैंने अब इतनी समझ बना ली है. दूसरी बात यह है कि बाहर जो भी बातें हो रही हैं, उससे मेरे खेल, मेरी फॉर्म या मेरी सोच पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए. क्योंकि यह जो कीबोर्ड वारियर्स (सोशल मीडिया पर लिखने वाले लोग) हैं, यह बाहर का काम है और इसे बाहर ही छोड़ देना चाहिए."
मेरा खुद पर भरोसा किसी भी आलोचना से बड़ा है
पराग का मानना है कि मैदान के बाहर का शोर उनके आत्मविश्वास को कम नहीं कर सकता. उन्होंने आगे कहा, "मैं अपने खेल के बारे में कितना सोचता हूं या मुझे अपने खेल पर कितना भरोसा है, मुझे लगता है कि बाहर की बातें उस पर हावी नहीं होनी चाहिए. जहां तक इस साल आईपीएल में चल रही चीजों का सवाल है, तो मैदान के बाहर बहुत सी चीजें हो रही हैं."
हम भी इंसान हैं, हमसे भी गलतियां होती हैं
क्रिकेट फैंस की उम्मीदों और खिलाड़ियों की मेहनत पर बात करते हुए रियान पराग ने कहा, "मुझे लगता है कि यह पूरा देश क्रिकेट से बहुत प्यार करता है. हम खिलाड़ी के तौर पर जब भी मैदान पर उतरते हैं, तो मैच देखने आई भीड़ और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं. इसलिए मुझे लगता है कि क्रिकेट से प्यार करिए और इसे इसी नजरिए से देखिए. खिलाड़ी बहुत कड़ी मेहनत कर रहे हैं. जब कोई टीम 75 या 80 रन पर ऑलआउट हो जाती है, तो यह कहना बहुत आसान होता है कि वो खेलना नहीं चाहते या उन्हें खेलना नहीं आता, लेकिन उस मैच से पहले तीन या चार दिनों की कड़ी तैयारी होती है. हमारी तैयारी 220 या 250 रन बनाने की होती है, लेकिन कभी-कभी ऐसा नहीं हो पाता. हम भी इंसान हैं, गलतियां हमसे भी होती हैं."
कमेंटेटर्स से अपील, खेल को सम्मान दें, सिर्फ क्रिकेट की बात करें
रियान पराग ने मैच के दौरान कमेंट्री करने वाले दिग्गजों से भी एक खास अपील की है. उन्होंने कहा, "मैं बस यही कहूंगा कि बाहर जो कुछ भी हो रहा है, खासकर कमेंटेटर्स जिनकी आवाज सीधे लोगों तक पहुंच रही है, मैं उनसे बस यही गुजारिश करूंगा कि क्रिकेट से प्यार करें और सिर्फ क्रिकेट के बारे में बात करें. मुझे लगता है कि जो खेल इस देश के लिए इतना महत्वपूर्ण है, जिसमें हम सबसे अच्छे हैं, उसे थोड़ा सम्मान मिलना चाहिए. वहां सिर्फ और सिर्फ क्रिकेट की बात होनी चाहिए, कुछ और नहीं."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं