टीम इंडिया के बल्लेबाज रिंकू सिंह फिलहाल दोहा में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में खेल रहे है, लेकिन इसी के साथ-साथ ही उन्हें अगले महीने ही होने जा रही अपनी शादी और होने वाली परिजन का भी पूरा ध्यान है. रिंकू की मंगेतर और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज आज अपना जन्मदिन मना रही हैं. और इस खास मौके पर भारतीय बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पर प्रिया के साथ एक तस्वीर साझा की और उनके लिए जन्मदिन का एक प्यारा सा संदेश लिखा. 8 जून 2025 को सगाई करने वाला यह जोड़ा अगले महीने शादी के बंधन में बंधने जा रहा है.उनकी शादी 4 दिसंबर को तय हुई है. उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 23 नवंबर 1998 को जन्मीं प्रिया इस साल 28 वर्ष की हो गई हैं.
रिंकू को प्रिया का मैसेज
रिंकू ने प्रिया के जन्मदिन पर एक खास तस्वीर शेयर की और साथ ही एक प्यारा संदेश भी लिखा. उन्होंने लिखा, 'जन्मदिन मुबारक हो प्रिया. यह जन्मदिन खास है और आने वाला दिन और भी ज्यादा खास होने वाला है.' वहीं, रिंकू की शादी की तैयारियां भी चरम पर चल रही हैं. शादी समारोह 4 दिसंबर को लखनऊ के रवांडा होटल में आयोजित होगा. रिंकू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं को भी शादी का निमंत्रण दिया है. हाल ही में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और उन्हें खुद शादी का निमंत्रण सौंपा था.
शुरुआती दोनों मैचों में नहीं चले रिंकू
इस बीच, रिंकू फिलहाल कतर के दोहा में आयोजित 'एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026' में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. हालांकि, अब तक खेले गए दो मैचों में यह बाएं हाथ का बल्लेबाज कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाया है. रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके, जिसमें 'इंडिया ए' को हार का सामना करना पड़ा. अब रिंकू टूर्नामेंट के बाकी मैचों में अपनी फॉर्म वापस पाने की कोशिश करेंगे ताकि वे भारत को जीत के साथ टूर्नामेंट खत्म करने में मदद कर सकें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं