विज्ञापन

RCB vs KKR IPL 2026: रायपुर की पिच क्या असर दिखाएगी, इस XI के साथ उतरेंगी टीमें? जानें तमाम बातें

RCB vs KKR IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच आईपीएल 2026 का 57वां मुकाबला खेला जाना है. प्लेऑफ की रेस के लिए दोनों टीमों को जीत चाहिए होगी.

RCB vs KKR IPL 2026: रायपुर की पिच क्या असर दिखाएगी, इस XI के साथ उतरेंगी टीमें? जानें तमाम बातें
Royal Challengers Bengaluru vs Kolkata Knight Riders

Royal Challengers Bengaluru vs Kolkata Knight Riders IPL 2026: प्लेऑफ की दहलीज पर खड़ी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम को अगर अंतिम चार में अपनी जगह लगभग सुनिश्चित करनी है तो उसके बल्लेबाजों को बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के गेंदबाजों के सामने आक्रामक प्रदर्शन करना होगा. आरसीबी फिलहाल 14 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है.  दूसरी तरफ कोलकाता है, जिसे अगर आज के मैच में हार मिली तो उसका बोरिया बिस्तर बंधना लगभग तय हो जाएगा. ऐसे में दोनों टीमों के लिए जीत हर हाल में जरूरी है. 

संघर्ष कर रहे RCB के बल्लेबाज

आरसीबी ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन पिछले कुछ मैच में उसके बल्लेबाज अपेक्षित खेल नहीं दिखा पाए. मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में 167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उसकी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी और उसने बमुश्किल जीत हासिल की थी. उसकी टीम आगे फिर से इस तरह की परिस्थिति से नहीं गुजरना चाहेगी. पिछले मैच में वह क्रुणाल पंड्या के अर्धशतक और अंतिम ओवर में भुवनेश्वर कुमार के छक्के से ही लक्ष्य तक पहुंच पाई थी.

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टूर्नामेंट के शुरू में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन पिछले कुछ मैच में वह रन बनाने के लिए जूझते हुए नजर आए. अगर आरसीबी को वापसी करनी है तो पाटीदार को आगे बढ़कर नेतृत्व करना होगा. पिछली छह पारियों में वह केवल एक बार पचास से अधिक और एक बार बीस से अधिक का स्कोर ही बना पाए हैं.

कोलकाता के गेंदबाजों पर दारोमदार

शुरुआती छह मैचों में से एक भी ना जीत पाने के बाद कोलकाता ने लगातार चार मैच जीते. टीम आठवें स्थान पर हैं और उसके 9 अंक हैं. कोलकाता अपने पिछले मैचों में जीत दर्ज करने में सफल हुई तो उसमें गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहतर रहा. हालांकि, बेंगलुरु के खिलाफ मैच से पहले उसके लिए झटके की बात यह है कि मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोटिल हैं और उनका अगले मैच में खेलना संदिग्ध है. इसके अलावा 
भुवनेश्वर कुमार और जोश हेडलवुड के सामने कोलकाता के बल्लेबाजों की भी परीक्षा होगी. 

क्या असर दिखाएगी रायपुर की पिच

रायपुर की पिच पिछले मैच की तरह ही चिपचिपी रहती है और गेंद रुककर बल्ले पर आएगी.  बेंगलुरु-मुंबई मैच के लिए पिच को भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या ने चैलेंजिंग सरफेस बताया था. मुंबई 166 रन बना पाई और फिर भी गेम आखिरी बॉल तक गया. ऐसे में आज भी हाई स्कोरिंग मैच होगा, इसकी उम्मीद काफी कम है और लो स्कोर भी एक रोमांचक मैच दे सकता है. 160-180 का स्कोर डिफेंड किया जा सकेगा, उम्मीद कर सकते हैं. वहीं इस सप्ताह फिर से गर्मी है. 

कैसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

बात अगर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की करें तो बेंगलुरु और कोलकाता 35 मैचों में भिड़े हैं. बेंगलुरु इस दौरान सिर्फ 15 मैच जीत पाई है जबकि 20 मुकाबलों में बाजी कोलकाता ने मारी है. बीते पांच मैचों की बात करें तो कोलकाता ने बेंगलुरु को 4 बार हराया है.

दोनों टीमों की संभावित XII

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), वेंकटेश अय्यर/रोमारियो शेफर्ड, जितेश शर्मा (विकेट कीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार/जैकब डफी

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेट कीपर), कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती/नवदीप सैनी.

यह भी पढ़ें: RCB vs KKR IPL 2026: 'संजू सैमसन की झलक...' KKR के स्टार बल्लेबाज को लेकर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज का बड़ा बयान

यह भी पढ़ें: अगरकर एंड कंपनी की बड़ी बैठक, तैयार होगा टीम इंडिया का रोडमैप, BCCI के रडार पर ये खिलाड़ी- रिपोर्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com