विज्ञापन

9 छक्के, 4 चौके, 128.57 का स्ट्राइक रेट, डेब्यू टेस्ट में फिफ्टी जड़ रजाउल्लाह ने रच दिया इतिहास, कौन है ये पाक बल्लेबाज?

रजाउल्लाह टेस्ट में डेब्यू करते हुए नौवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं.

9 छक्के, 4 चौके, 128.57 का स्ट्राइक रेट, डेब्यू टेस्ट में फिफ्टी जड़ रजाउल्लाह ने रच दिया इतिहास, कौन है ये पाक बल्लेबाज?
रजाउल्लाह ने रचा इतिहास

पाकिस्तानी युवा ऑलराउंडर रजाउल्लाह ने इतिहास रच दिया है. वह टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करते हुए नौ या नौवें क्रम से नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं. पहले स्थान पर अबुल हसन का नाम आता है. जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2012 में नौ या नौवें क्रम से नीचे बल्लेबाजी करते हुए 113 रन बनाए थे. दूसरे स्थान पर रेगी डफ का नाम आता है. डफ ने इंग्लैंड के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट में 104 रनों की शतकीय पारी खेली थी. तीसरे स्थान पर एश्टन अगर काबिज हैं. एश्टन ने भी इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू टेस्ट मुकाबले में 98 रनों की पारी खेली थी. चौथे स्थान पर कॉर्बिन बॉश का नाम आता है. जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सेंचुरियन टेस्ट में डेब्यू करते हुए नाबाद 81 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. इन चारों दिग्गजों के बाद रजाउल्लाह पांचवें स्थान पर आ गए हैं. 21 वर्षीय बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट में नौवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 81 रनों की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी खेलकर सबको अपना दीवाना बना दिया है. 

रजाउल्लाह ने 63 गेंदों में ठोके 81 रन

मैच के दौरान रजाउल्लाह ने नौवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कुल 63 गेंदों का सामना किया. इस बीच देखते ही देखते उन्होंने 128.57 की स्ट्राइक रेट से 81 रन ठोक डाले. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से चार चौके और नौ खूबसूरत छक्के देखने को मिले. अपनी इस बल्लेबाजी के दौरान रजाउल्लाह ने मैदान कुल 117 मिनट गुजारे. जिसके बाद से उनकी चारों तरफ सराहना हो रही है. 

कौन हैं रजाउल्लाह? 

बर्मिंघम में खेली गई इस पारी के बाद रजाउल्लाह रातों रात स्टार बन गए हैं. हर कोई उनके बारे में जानना चाह रहा है. अगर आप भी युवा बल्लेबाज के बारे में सर्च कर रहे हैं, तो उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें हम आप तक लेकर आए हैं. 

रजाउल्लाह का जन्म पांच अप्रैल साल 2005 में मरदान में हुआ था. मौजूदा समय में वह 21 साल और 160 दिन के हैं. टीम में वह बतौर तेज गेंदबाज हिस्सा लेते हैं. रजाउल्लाह दाहिने हाथ से तेज गेंदबाजी करते हैं और दाहिने हाथ से ही बल्लेबाजी भी करते हैं. 

रजाउल्लाह का घरेलू क्रिकेट करियर 

खबर लिखे जाने तक रजाउल्लाह ने घरेलू क्रिकेट में कुल आठ फर्स्ट क्लास, नौ लिस्ट 'ए' और सात टी20 मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनको फर्स्ट क्लास की 14 पारियों में 20.86 की औसत से 30, लिस्ट 'ए' की नौ पारियों में 54.71 की औसत से सात और टी20 की सात पारियों में 34.14 की औसत से सात सफलता हाथ लगी है. 

यह भी पढ़ें- टेंशन में टीम इंडिया, जो दनादन ठोक रहा है रन, वही अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले हुआ चोटिल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Razaullah, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com