Ravichandran Ashwin Angry Over CSK Fans Over Troll Ruturaj Gaikwad: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फ़ैन्स ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया है, क्योंकि टीम एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्ले-ऑफ में जगह बनाने से चूक गई. ऐसा लग रहा था कि CSK ने लीग स्टेज में लगातार तीन हार से पहले अपने अभियान को पटरी पर ला दिया था, लेकिन इन हारों की वजह से वो टॉप-चार की दौड़ से बाहर हो गए. जहां पूरी टीम एक यूनिट के तौर पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई, वहीं जिस खिलाड़ी को सबसे ज्यादा आलोचना का सामना करना पड़ा, वह हैं कप्तान ऋतुराज गायकवाड़. CSK के कप्तान की आलोचना करते हुए फैंस को हद पार करते देख, रविचंद्रन अश्विन ने अपनी निराशा ज़ाहिर की और समर्थकों को सलाह दी कि वे उन उम्मीदों से आगे बढ़ें जो वे तब रखते थे जब धोनी कप्तान थे.
ऋतुराज के लिए सीजन नहीं रहा शानदार
ऋतुराज के लिए यह सीजन बहुत अच्छा नहीं रहा. उन्हें न सिर्फ निरंतरता बनाए रखने में संघर्ष करना पड़ा, बल्कि उन्होंने जिस स्ट्राइक रेट से रन बनाए, उसने उनके इरादों पर भी सवाल खड़े कर दिए. CSK के कप्तान ने यह सीजन 337 रनों के साथ समाप्त किया, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 123.44 और औसत 28.08 रहा. उनके प्रदर्शन से निराश होकर, कुछ CSK फ़ैन्स तो सोशल मीडिया पर उन्हें गालियाँ देने तक उतर आए.
अश्विन ने अपने YouTube चैनल पर एक वीडियो में बोलते हुए, ऋतुराज को निशाना बनाने वाले फ़ैन्स की कड़ी आलोचना की और साथ ही यह भी माना कि यह अब इस फ्रेंचाइजी की नई हकीकत है.
आर अश्विन का आलोचकों को करारा जवाब
चेन्नई सुपर किंग्स की हार के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलर्स के निशाने पर हैं. इस बीच भारतीय दिग्गज रविचंद्रन अश्विन खुलकर ऋतुराज के समर्थन में उतर आए हैं. अश्विन ने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा, "मैं अपनी बात पर पूरी तरह कायम रहूंगा कि ऋतुराज गायकवाड़ एक बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं. कभी-कभी लोग सोशल मीडिया पर इतनी ज्यादा गालियां देते हैं कि मुझे उसके पीछे का कारण ही समझ नहीं आता. ऋतुराज उस तरह के खिलाड़ी बिल्कुल नहीं हैं कि उन पर इस तरह का गुस्सा निकाला जाए. खराब फॉर्म किसी के साथ भी हो सकती है और किसी का भी समय बदल सकता है."
अश्विन ने ईशान किशन का दिया उदाहरण
खिलाड़ियों के उतार-चढ़ाव को समझाने के लिए अश्विन ने ईशान किशन का उदाहरण दिया. उन्होंने आगे कहा, "आप ईशान किशन को ही देख लीजिए. अगर आपको याद हो, तो मुंबई इंडियंस ने नीलामी में ईशान किशन को खरीदने के लिए बहुत सारा पैसा खर्च किया था, लेकिन मुंबई के लिए उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था. इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने उन पर भरोसा जताया और निवेश किया, और आज देखिए वह हैदराबाद के लिए कितनी बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं. इसलिए, समय हर किसी के लिए बदलता है. किसी भी खिलाड़ी को गालियां देना या इस तरह की हरकत करना सच कहूं तो बिल्कुल भी समझदारी की बात नहीं है."
धोनी के दौर जैसी उम्मीदें छोड़ दें फैंस, अब बदल चुका है समय
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व स्पिनर रहे अश्विन ने फैंस से एक बेहद महत्वपूर्ण अपील की है. उन्होंने कहा कि फैंस को अब टीम से वैसी उम्मीदें रखना बंद कर देना चाहिए, जैसी वे तब रखते थे जब एमएस धोनी टीम की कप्तानी संभालते थे. अश्विन ने साफ शब्दों में कहा, "हमें इस कड़वे सच को समझना होगा कि चेन्नई इस बार टूर्नामेंट की बेहतरीन टीमों में से एक नहीं रही है. अब वह समय आ चुका है जहां चीजें बदल गई हैं. धोनी और सीएसके ने पिछले 18 सालों में फैंस को इस बात का आदी बना दिया था कि हम हर बार जीतेंगे और प्लेऑफ में पहुंचेंगे ही पहुंचेंगे. लोगों को लगता था कि यह बहुत आसान है."
उन्होंने मौजूदा आईपीएल के कड़े मुकाबले का जिक्र करते हुए कहा, "अब समय बदल चुका है और टूर्नामेंट में 10 टीमें हैं. हर टीम बहुत अच्छा क्रिकेट खेलती है. जिस दिन किसी टीम का दिन अच्छा हो, वह मैदान पर किसी भी दूसरी मजबूत टीम को हरा सकती है. इस बार चेन्नई ने अपने से नीचे की उन सभी टीमों को हराया है जो पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे हैं. इसलिए, उन्हें आगे बढ़ने के लिए अभी और कड़ी मेहनत करनी होगी, लेकिन उनकी टीम में आगे जाने की काफी संभावनाएं हैं."
आईपीएल 2026 से चेन्नई सुपर किंग्स के बाहर होने के बाद दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया है. अश्विन ने ईशान किशन का उदाहरण देते हुए कहा कि खराब समय किसी का भी आ सकता है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं