Rashid Latif Big Attack on Pakistan Cricket: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ़ ने हाल ही में खत्म हुए T20 वर्ल्ड कप में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर तीखा हमला बोला है. पाकिस्तान सुपर 8 से ही टूर्नामेंट से बाहर हो गया था. 2022 टी20 वर्ल्ड कप के बाद से आयोजित हुए आईसीसी इवेंट्स में पाकिस्तान का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. टीम 2022 के बाद से किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाई है. दूसरी तरफ टीम इंडिया है, जिसने इसी दौरान अपने प्रदर्शन से वर्ल्ड क्रिकेट में अपना दबदबा कायम किया है. टीम 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी. जबकि उसके बीते तीन आईसीसी इवेंट्स- टी20 वर्ल्ड कप 2024, चैंपियंस ट्रॉफी और टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने ननाम किया है.
दोनों टीमों के अलग-अलग नतीजों की तुलना करते हुए, पूर्व पाकिस्तानी दिग्गज राशिद लतीफ़ ने कहा कि जहां पाकिस्तान के DNA में हारना शामिल है, वहीं भारत ने हाल के समय में ICC इवेंट्स में अपने बेहतरीन प्रदर्शन को एक आदत बना लिया है. लतीफ़ ने भारत की हालिया सफलता का श्रेय उनकी एक दशक की कड़ी मेहनत को भी दिया.
पाकिस्तान में रिपोर्ट्स से बात करते हुए राशिद लतीफ़ ने कहा,"टॉस हारने के बाद भी उन्होंने 250 रन बनाए. कोई भी उन्हें पकड़ नहीं पाएगा. उन्होंने यह सब रातों-रात नहीं किया है; यह पिछले लगभग 10 सालों की उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है. पिछले ICC इवेंट्स या एशिया कप को ही देख लीजिए." लतीफ़ ने आगे कहा,"भारत के DNA में ट्रॉफ़ियां जीतना है, और हमारे DNA में नॉकआउट से पहले ही हार जाना है. उनके DNA में फ़ाइनल खेलना और जीतना है."
लतीफ़ ने खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट के कुप्रबंधन को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर भी तंज कसा, और उसे एक "कमज़ोर बोर्ड" बताया. "कमज़ोर बोर्ड ही ऐसा करते हैं. जब आप कोई कॉन्ट्रैक्ट साइन करते हैं, तो उसमें सब कुछ होता है. उसमें जुर्माने और इनाम का भी ज़िक्र होता है."
यह भी पढ़ें: रिकी पोटिंग ने बताया गौतम गंभीर-सूर्यकुमार यादव के इस फैसले ने पलटी बाजी, भारत तीसरी बार बना टी20 वर्ल्ड चैंपियन
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल के पोस्ट पर बवाल, वर्ल्ड कप की दी बधाई, लेकिन संजू सैमसन के साथ कर दिया 'खेला'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं