विज्ञापन

असम चुनाव में 'बीफ' पर सियासी संग्राम, BJP पर बिफरीं सबसे युवा उम्मीदवार; दर्ज कराई शिकायत

AJP की सेंट्रल गुवाहाटी उम्मीदवार कुंकी चौधरी ने शनिवार को आरोप लगाया कि BJP के IT सेल ने उनका एक AI-जेनरेटेड वीडियो बनाया है और उसे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर फैला रहा है.

असम चुनाव में 'बीफ' पर सियासी संग्राम, BJP पर बिफरीं सबसे युवा उम्मीदवार; दर्ज कराई शिकायत
भाजपा पर बिफरीं असम में सबसे युवा उम्मीदवार

असम में विधानसभा चुनाव के प्रचार के बीच सबसे युवा उम्मीदवार ने भाजपा पर फर्जी एआई फैलाने का आरोप लगाया है. एजेपी की उम्मीदवार कुंकी चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा के आईटी सेल ने उनका एक एआई वीडियो बनाया है और उसे सोशल मीडिया पर फैला रहा है. कुंकी चौधरी ने कहा कि भाजपा का आईटी सेल इस तरह का वीडियो बनाने में इतना पैसा और मेहनत क्यों खर्च कर रहा है? अगर उन्हें वीडियो बनाना ही है तो मेरे घर आइए, मैं बयान दूंगी. जानकारी के अनुसार, कुंकी चौधरी ने इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है. 

'BJP आईटी सेल ने बनाया AI वीडियो'

AJP की सेंट्रल गुवाहाटी उम्मीदवार कुंकी चौधरी ने शनिवार को आरोप लगाया कि BJP के IT सेल ने उनका एक AI-जेनरेटेड वीडियो बनाया है और उसे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर फैला रहा है. कुंकी चौधरी का एक वीडियो जो वायरल हो गया था, वह एक फ़र्ज़ी AI-जेनरेटेड वीडियो था. कुंकी ने कहा, "BJP के IT सेल ने मेरा एक फ़र्ज़ी AI-जेनरेटेड वीडियो बनाया है. असम के मुख्यमंत्री और विजय गुप्ता इतनी बेचैनी क्यों दिखा रहे हैं?" 

उन्होंने कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि भाजपा मेरे खिलाफ इतना घटिया रवैया क्यों अपना रही है. मैं राजनीति में अभी नई हूं और वे मेरे साथ ऐसा कर रहे हैं.  इससे पहले मुख्यमंत्री द्वारा उनकी मां पर लगाए गए आरोपों के बाद कुंकी ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने देश में उन्हें घर-घर में मशहूर करने के लिए शर्मा को धन्यवाद दिया था. उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री जी को बहुत-बहुत धन्यवाद. मुझे पता चला है कि मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने मेरी मां पर कुछ आरोप लगाए हैं, जो पूरी तरह से झूठे हैं.'' ये आरोप साबित करते हैं कि ‘‘भाजपा ने गुवाहाटी मध्य सीट पर हार स्वीकार कर ली है.

गुवाहाटी में रैली के दौरान हुआ था विरोध

बीफ़ विवाद के बाद, AJP की सेंट्रल गुवाहाटी उम्मीदवार कुंकी चौधरी को शुक्रवार रात गुवाहाटी में अपनी चुनावी रैली के दौरान जनता से तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा. पार्टी का दावा है कि ये लोग BJP समर्थक थे. एक वायरल वीडियो में देखा गया है कि सेंट्रल गुवाहाटी में अपनी चुनावी रैली के दौरान जनता ने कुंकी चौधरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी 'AJP वापस जाओ' के नारे लगा रहे थे. यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन से परास्नातक डिग्री प्राप्त 27 वर्षीय कुंकी गुवाहाटी मध्य सीट से चुनाव मैदान में हैं. उनका मुकाबला भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार गुप्ता से है. 

एफआईआर दर्ज कराने का यह घटनाक्रम असम के सीएम हिमंत विश्व शर्मा के उस दावे के दो दिन बाद सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि कुंकी की मां शिक्षाविद सुजाता गुरुंग चौधरी ने बीफ खाने से संबंधित पोस्ट साझा किए थे. कुछ वर्गों के लिए आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं और पाकिस्तान का समर्थन किया था जिससे ‘सनातनी' लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची थी. बीफ़ विवाद अब चर्चा का मुख्य विषय बन गया है और इसने BJP तथा AJP के बीच एक नया राजनीतिक तनाव पैदा कर दिया है. असम BJP के मंत्री के दावे के अनुसार, बीफ़ विवाद के बाद कल चुनावी रैली में कुंकी चौधरी को 'विरोध' का सामना करना पड़ा. 

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा असम जातीय परिषद (AJP) और गुवाहाटी सेंट्रल उम्मीदवार कुंकी चौधरी पर हमला बोलने के बाद सियासी संग्राम तेज हो गया है. कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए दावा किया है, "तो आखिरकार लोग INDI गठबंधन के हिंदू-विरोधी रवैये के खिलाफ खुलकर बोलने लगे हैं. उन्होंने एक ऐसे उम्मीदवार को मैदान में उतारा है, जिसके परिवार ने सार्वजनिक रूप से बीफ़ खाते हुए तस्वीरें पोस्ट की हैं. वे हिंदुओं को हल्के में क्यों लेते हैं? क्या वे कभी 'अल्पसंख्यकों' के साथ भी ऐसा करने की हिम्मत करेंगे?"

यह भी पढ़ें- असम चुनाव से पहले हिमंता बिस्वा सरमा ने किया बड़ा वादा, बोले - जीतने के बाद साल में दो सिलेंडर मुफ्त में देंगे

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com