विज्ञापन

Karnataka vs Kashmir: चिन्नास्वामी स्टेडियम नहीं तो कहां खेला जाएगा रणजी का फाइनल मुकाबला? मैदान का नाम आया सामने

कर्नाटक क्रिकेट असोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी संतोष मेनन ने कहा हम मेजबान हैं और हमारे पास कई विकल्प हैं. अब ये फाइनल तय समय पर हुबली में खेला जाएगा.

Karnataka vs Kashmir: चिन्नास्वामी स्टेडियम नहीं तो कहां खेला जाएगा रणजी का फाइनल मुकाबला? मैदान का नाम आया सामने
हुबली में खेला जाएगा रणजी का फाइनल मुकाबला
  • जम्मू कश्मीर की टीम पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है और कर्नाटक के हुबली मैदान पर मुकाबला खेलेगी
  • चिन्नास्वामी में पिछले साल हुए भगदड़ हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से रणजी फाइनल का आयोजन संभव नहीं हो पाया
  • चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुरक्षा सुधार किए गए हैं और दर्शकों की निकासी के लिए अतिरिक्त गेट बनाये गए हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

तीन दिनों बाद पहली बार रणजी का फाइनल खेलने वाली जम्मू कशमीर की टीम, 8 बार की चैंपियन कर्नाटक से उनके हुबली के घरेलू मैदान में टकराकर इतिहास रचने की कोशिश करेगी. कश्मीर की टीम के 25 से 30 खिलाड़ियों ने कोच अजय शर्मा के साथ इस सीजन धूम मचा रखी है. मौजूदा सीजन की 91वीं रणजी चैंपियनशिप की रेस का फाइनल मुकाबला, 24 फरवरी से 28 फरवरी के बीच, कई मायनों में ऐतिहासिक होगा. मेजबान कर्नाटक की टीम अपना 15वां फाइनल मैच, पहली बार फाइनल में पहुंची कश्मीर के ख़िलाफ़ हुबली में खेलेगी.  

NDTV से ख़ास बातचीत में कर्नाटक क्रिकेट असोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी संतोष मेनन ने कहा, “हम मेज़बान हैं और हमारे पास कई विकल्प हैं. अब ये फ़ाइनल तय समय पर ही हुबली (KSCA हुब्ब्ली ग्राउंड) में खेला जाएगा.”

मॉडर्न चिन्नास्वामी है तैयार, पर..

8 महीने पहले IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की 18 साल बाद ऐतिहासिक जीत के बाद जश्न मनाने के दौरान 4 जून, 2025 को स्टेडियम और उसके चारों तरफ भीड़ से हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 56 लोग घायल हो गए थे. उस हादसे के 8 महीने 20 दिन दिन बाद भी रणजी फ़ाइनल का होना इस मैदान पर मुमकिन नहीं हो पाया है.   

बदल गया है चिन्नास्वामी स्टेडियम 

NDTV की टीम दो दिनों पहले चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंची तो पूर्व तेज गेंदबाज और कर्नाटक क्रिकेट संघ के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद, जनरल सेक्रेटरी संतोष मेनन और कई अधिकारी लगातार देर तक स्टेडियम का जायजा लेते रहे. लेकिन आखिरकार बीसीसीआई से रायशुमारी के बाद रणजी के फाइनल के आयोजन को लेकर चिन्नास्वामी स्टेडियम पर बात नहीं बनी. 

जनरल सेक्रेटरी संतोष मेनन ने NDTV को बताया, “स्टेडियम में सुरक्षा के लिहाज से कई बदलाव किए गए हैं. सुरक्षा के लिहाज से पूरे स्टेडियम को एक लेवल पर ला दिया गया है. बहुत सारी सीढ़ियां तोड़कर लेवलिंग की कई है. लोगों की निकासी के लिए 14 अतिरिक्त गेट बनाए गए हैं. कई पुराने गेट तोड़कर उसे चौड़ा किया गया है. एक साथ हजारों दर्शक निकल सकेंगे.''

संतोष मेनन ने ये भी कहा, “सुरक्षा के लिहाज से स्टेडियम के बाहर भी इसी तरह से लेवलिंग की गई है. बॉक्स ऑफ़िस टिकट का सिस्टम ख़त्म है. फ़ैन्स ऑनलाइन टिकट खरीदकर ही स्टेडियम आ सकेंगे. फिर से भीड़ या भगदड़ की दुर्घटना को रोकने के कई उपाय किए गए हैं. स्टेडियम में पीने के पानी और शौचालयों को भी और बेहतर किया गया है.”

फिर से कब से शुरू होंगे मैच, हो सकेंगे IPL के मैच? 

कर्नाटक क्रिकेट संघ के महासचिव संतोष मेनन ने इस बारे में कोई साफ जवाब नहीं दिया कि चिन्नास्वामी में फिर से कब से क्रिकेट मैच का आयोजन हो सकेगा या फिर, 2026 के IPL के मैचों का आयोजन चिन्नास्वामी स्टेडियम में होता मुमकिन दिख भी रहा है या नहीं. 

उन्होंने ये इशारा जरूर किया कि स्टेडियम की तैयारी के बाद KSCA की ओर से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को प्रस्ताव भेजा गया है. लेकिन RCB की टीम फूंक-फूंककर कदम रख रही है और IPL के मैचों की मेजबानी के लिए विचार करने पर थोड़ा और वक्त लेना चाहती है. 

हुबली है कर्नाटक क्रिकेट संघ का दूसरा घर

बेंगलुरु का चिन्नास्वामी स्टेडियम वर्ल्ड क्रिकेट के मानचित्र पर मशहूर है. लेकिन बेंगलुरु से करीब 350 किलोमीटर दूर हुबली का क्रिकेट ग्राउंड भी शानदार माना जाता है. 

हुबली के खूबसूरत क्रिकेट ग्राउंड (डी.आर. बेन्द्रे क्रिकेट स्टेडियम) को 2012 में बनाया गया था और जिसकी क्षमता 50,000 की बतायी जाती है. इसका नाम मशहूर कन्नड़ कवि और ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता डी.आर. बेन्द्रे के नाम पर रखा गया है. 

इस स्टेडियम ने कई यादगार क्रिकेट मैचों की मेजबानी की है. इसी मैदान पर भारत-A और वेस्टइंडीज-A के बीच एक अनौपचारिक टेस्ट मैच भी खेला गया जहां चेतेश्वर पुजारा ने तिहरा शतक जमाया था. यह कर्नाटक प्रीमियर लीग टीम, हुबली टाइगर्स का भी घरेलू मैदान है.

कर्नाटक ने अबतक कश्मीर के खिलाफ अपने चारों रणजी मैच जीते हैं. लेकिन इसबार कश्मीर की टीम अलग कलेवर में नजर आ रही है और कर्नाटक ने कश्मीर का इस सीजन जाएंट-किलर वाला सफर अच्छी तरह देखा है.

यह भी पढ़ें- बांग्लादेशी महिला टीम ने किया कमाल, पाकिस्तान खिताब की रेस से बाहर, भारत के साथ होगा फाइनल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com