विज्ञापन

'उसके लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं', कौन है RCB का नंबर-1 बल्लेबाज, जीत के बाद कैप्टन रजत पाटीदार ने किया खुलासा

RCB Captain Rajat Patidar Statement After Win Against SRH: रजत पाटीदार ने जीत के बाद कहा विराट जब भी मैदान पर उतरते हैं और टीम लक्ष्य का पीछा कर रही होती है, तो वह नंबर एक बल्लेबाज होते हैं.

'उसके लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं', कौन है RCB का नंबर-1 बल्लेबाज, जीत के बाद कैप्टन रजत पाटीदार ने किया खुलासा
Rajat Patidar

RCB Captain Rajat Patidar Statement After Win Against SRH: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) के उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से हरा दिया. जीत के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार खुश नजर आए. मैच के बाद पाटीदार ने कहा, 'लड़कों ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत में अहम योगदान दिया. डफी अपना पहला मैच खेल रहा था, और जिस तरह से उसने गेंदबाजी की, वह हमारे लिए मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. हम विकेट का आकलन कर रहे थे. विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा था. विराट कोहली और पड्डिकल ने जीत की मजबूत नींव रखी. उसके लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं.'

पाटीदार ने कहा, 'विराट जब भी वह मैदान पर उतरते हैं और टीम लक्ष्य का पीछा कर रही होती है, तो वह नंबर एक बल्लेबाज होते हैं. वह आखिर तक क्रीज पर डटे रहे. फिल सॉल्ट ने हैरान करने वाला कैच लपका.' 

वहीं, सीजन के पहले मुकाबले में मिली करारी हार से एसआरएच के कप्तान ईशान किशन काफी निराश नजर आए. मैच के बाद ईशान ने कहा, 'मुझे लगता है कि पहले 3-4 ओवरों के बाद विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा हो गया. हमने शुरुआत में ही कुछ विकेट गंवा दिए थे. अगली बार हमें इस बात का ध्यान रखना होगा, क्योंकि दूसरी पारी में विकेट को देखते हुए, उस पर बैटिंग करना काफी आसान था और गेंद भी काफी अच्छे से आ रही थी. अगली बार हमें शॉट चयन में समझदारी दिखानी होगी.'

किशन ने कहा, 'आरसीबी के बल्लेबाजों को जीत का श्रेय दिया जाना चाहिए. विराट भाई ने जिस तरह लक्ष्य का पीछा किया वो शानदार था. उनका विकेट जल्दी लेना बहुत जरूरी होता है. वरना, अगर वह खेलते रहे, तो उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है. हमें थोड़ी और मेहनत करनी होगी.'

एसआरएच कप्तान ने कहा. 'यह पहला मैच है और अभी के लिए ये गलतियां स्वीकार्य हैं. हम गेंदबाजी को लेकर थोड़े और सावधान रहेंगे. हमें अपनी रणनीति को अमल में लाना है. इस मैच के बाद हम और मजबूत होकर उभरेंगे. मैंने मैच के हर पल का आनंद लिया. अपनी कप्तानी पर मैं इतना ही कह सकता हूं कि अगर हम आने वाले मैच जीतते हैं, तो टूर्नामेंट में आगे बढ़ना हमारे लिए काफी आसान हो जाएगा.'

एसआरएच ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन के 80 और अनिकेत वर्मा के 43 रनों की पारियों की बदौलत 9 विकेट पर 201 रन बनाए थे. विराट कोहली के नाबाद 69 और देवदत्त पड्डकिल के 61 रनों की पारी की बदौलत आरसीबी 15.4 ओवर में 4 विकेट पर 203 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया. 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लेने वाले आरसीबी के तेज गेंदबाज जैकब डफी प्लेयर ऑफ द मैच रहे.

यह भी पढ़ें- 'विराट भाई का विकेट', SRH से कहां हुई चूक? हार के बाद ईशान किशन ने बताया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com