न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र एक विज्ञापन की शूटिंग के दौरान डाइव लगाकर कैच लेने के प्रयास में चोटिल हो गए और उनका भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलना संदिग्ध है. रचिन के कंधे में चोट लगी है. शुक्रवार को उनकी चोट का आकलन किया गया जो गंभीर नहीं है लेकिन चोट से उबरने की प्रक्रिया के दौरान उनकी प्रगति से ही पता चल पाएगा कि वह कब तक वापसी कर पाएंगे.
न्यूजीलैंड 22 अक्टूबर से एक नवंबर तक पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए भारत की मेजबानी करेगा. न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि यह अब भी ‘अस्पष्ट' है कि रविंद्र सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं.
न्यूजीलैंड के ‘परफॉर्मेंस' मैनेजर माइक सैंडल ने क्रिकइन्फो डॉट कॉम से कहा, 'यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण चोट थी. रचिन के लिए हमें बहुत दुख है और हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि वह जल्द से जल्द फिट होकर मैदान पर वापसी करें. विज्ञापन की शूटिंग के लिए उन्होंने अनुमति ली थी और इसके लिए उचित सुरक्षा उपाय लागू किए गए थे.'
'रविंद्र की वापसी में जल्दबाजी नहीं'
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि टीम अपने व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए रविंद्र की वापसी में जल्दबाजी नहीं करेगी. वाल्टर ने कहा, 'हमारा अगले छह महीनों में टेस्ट क्रिकेट में व्यस्त कार्यक्रम होने के कारण हम रचिन की वापसी को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं.'
रचिन रवींद्र का क्रिकेट करियर
रचिन रवींद्र ने टेस्ट क्रिकेट में कुल 24 मैचों की 44 पारियों में 1,865 रन बनाए हैं, जबकि वनडे में 39 मैचों की 35 पारियों में उनके नाम 1,424 रन हैं. टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 51 मैचों में 759 रन बनाए हैं. टेस्ट में उनका हाईएस्ट स्कोर 240 रन है, वहीं वनडे में 123 और टी20 में 69 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. उनके नाम टेस्ट में 5 शतक और 7 अर्धशतक, वनडे में 5 शतक और 6 अर्धशतक दर्ज हैं.
गेंदबाजी की बात करें तो रचिन रवींद्र ने टेस्ट में 11, वनडे में 21 और टी20 इंटरनेशनल में 26 विकेट लिए हैं. टेस्ट में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 3/33, वनडे में 4/60 और टी20 इंटरनेशनल में 4/27 है. उन्होंने टेस्ट में 34 मेडन ओवर भी डाले हैं, जबकि वनडे में 2 और टी20 इंटरनेशनल में 1 मेडन उनके नाम है.
ये भी पढ़ें- एशिया कप ट्रॉफियों पर आई खुशखबरी, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने दिया बड़ा अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं