Praful Hinge Succes Story; SRH vs RR IPL 2026: नागपुर के नंदनवन मोहल्ला में देर रात फ़ैन्स का तांता लगा हुआ है. करियर का पहला आईपीएल खेलते हुए हैदराबाद के पहले ओवर में ही तीन विकेट लेकर धूम मचाने वाले प्रफुल्ल प्रकाश हिंगे छह मिनट से कम के एक ओवर में तीन विकेट लेकर स्टारडम की चमकती दुनिया में कदम रख लिया. प्रफुल्ल प्रकाश ने अपने IPL के पहले मैच के पहले ही ओवर के दूसरे, चौथे और छठे गेंद पर विकेट लेकर हैदराबाद के स्टेडियम में सनसनी मचा दी. प्रफुल्ल ने वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुहान ड्रि प्रिटोरियस के विकेट ले लिये. यही नहीं प्रफुल्ल ने अपने दूसरे ओवर की छठी गेंद पर कप्तान रियान पराग का विकेट भी अपने नाम कर लिया.
मैच के बाद STAR SPORTS से बात करते हुए मैन ऑफ़ द मैच (4-0-34-4) प्रफुल्ल अपने मैनिफ़ेस्टेशन के बारे में कहते हैं, “मैंने मैच से पहले ये ज़रूर सोचा था कि मैं पहले मैच में 4 या 5 विकेट लूंगा. मैंने 13 साल की उम्र में क्रिकेट शुरू किया था तो पिताजी को बोला था कि मैं क्रिकेट खेलना चाहता हूं.” प्रफुल्ल ये भी बताते हैं, “मेरे लिए वैभव सूर्यवंशी का विकेट सबसे ख़ास रहा. मैंने दोस्तों को बोल कर रखा था कि पहली गेंद पर बाउंसर देकर वैभव को आउट करुंगा.”
नवजोत सिंह सिद्धू STAR SPORTS में कहते हैं, “प्रफुल्ल पहले बैटर बनना चाहता था. लेकिन पिताजी ने कहा कि बेटा तू बॉलर बन. सबकी नज़रें वैभव पर थीं और और उसने तीन इन-फॉर्म बैटर्स के विकेट ले लिये.”
बहन की शादी के रिसेप्शन के दिन भी गेंदबाज़ी का इम्तिहान
हैदराबाद ने 24 साल के पेसर प्रफुल्ल प्रकाश हिंगे ने भी शायद ऐसा सपना नहीं देखा होगा. लेकिन प्रफुल्ल के जिगरी दोस्त और विदर्भ और WPL में महिला बैंगलोर टीम के साइड आर्मर यश थोराट फ़ख़्र से बताते हैं, “हम सबके लिए ये सपने जैसा ही है. लेकिन इस एक ओवर के लिए उन्होंने 10 साल बहुत मेहनत की है. पिछले तीन साल से IPL में उनका सेलेक्शन नहीं हो रहा था. लेकिन हैदराबाद ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा और अपने पहले ही मैच में उन्होंने अपना हुनर दिखाकर पैसा वसूल प्रदर्शन कर दिया.”
यश उनके आईपीएल में सेलेक्शन को लेकर भी दिलचस्प कहानी बताते हैं. यश कहते हैं, “प्रफुल्ल ने अपनी बहन की शादी के दिन भी बस आधे दिन की ही छुट्टी ली और प्रैक्टिस करते रहे. अपने बहन की शादी के दिन वो मुंबई टीम के लिए ट्रायल्स देते रहे जबकि बहन की शादी के रिसेप्शन के दिन हैदराबाद की ट्रायल्स का हिस्सा रहे.”
यश ये भी बताते हैं कि प्रफुल्ल के बनने में उनके माता-पिता ने बहुत सपोर्ट किया है. उनके पिता बिजली विभाग से रिटायर हो चुके हैं. लेकिन बेटे के सपने को हमेशा सपोर्ट करते रहे.
वरुण एरॉन और उमेश यादव से प्रभावित हैं प्रफुल्ल
यश कहते हैं, “प्रफुल्ल रोज़ मेहनत करते हैं. कोई ऑफ़ नहीं लेते. रोज़ जिम और रोज़ प्रैक्टिस. खाना-पीना, डाइट सबका बराबर खयाल रखते हैं. भगवान की बड़ी कृपा है. उनके यहां तक पहुंचने में वरुण (एरॉन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर) भैया का बहुत बड़ा हाथ है. वरुण भैया ने उनका वीडियो देखा था और उन्हें चेन्नई की MRF अकादमी में बहुत अच्छी तरह से संवारा. वो वरुण भैया के बारे में बहुत बातें करते हैं. वरुण भैया ने 6 महीने MRF अकादमी में उन्हें वाकई तराश दिया.”
हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन ने राजस्थान के ख़िलाफ़ उनके पहले मैच में पहला ओवर देकर उनका हौसला बढ़ा दिया. पहले ही ओवर में प्रफुल्ल ने शानदार लाइन लेंथ दिखाते हुए राजस्थान के तीन फॉर्म में खेल रहे बैटर का विकेट अपने नाम कर लिये. IPL के 18 सीज़न में पहले जो कोई गेंदबाज़ नहीं कर सका, प्रफुल्ल ने वो कारनामा कर सपने जैसी शुरुआत कर दी.
प्रफुल्ल प्रकाश हिंगे एक भारतीय क्रिकेटर हैं जो विदर्भ के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हिंगे ने 2024 में विदर्भ के लिए फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया और 2025-26 के सत्र में 10 मैचों में 27 विकेट लिए. वो विदर्भ की विजय हजारे ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे और ऑस्ट्रलिया जाकर जॉश हेज़लवुड की संगत में भी अपनी गेंदबाज़ी को निखारा तो प्रफुल्ल उमेश यादव से भी बेहद प्रभावित बताए जाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं