ऑस्ट्रेलियाई दौरे के अपने तीसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पहुंचे, जहां उन्होंने कई खिलाड़ियों से मुलाकात की. पीएम मोदी जिन प्रमुख खिलाड़ियों से मिलें उनमें पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की कप्तान लिसा स्थालेकर भी शामिल रहीं. लिसा स्थालेकर पहली भारतीय मूल की खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला है. लिसा ने इस दौरान पीएम मोदी से एक बैट पर ऑटोग्राफ भी लिया. बता दें, मेलबर्न में दोनों प्रधानमंत्रियों ने मिलकर भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप जारी किया, जो स्पोर्ट्स ट्रेनिंग और कैपेसिटी बिल्डिंग, स्पोर्ट्स साइंस और टेक्नोलॉजी, और स्पोर्ट्स इंडस्ट्री और इन्वेस्टमेंट के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देगा.
पुणे में जन्म से लेकर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान तक
लिसा का जन्म पुणे में हुआ था. लेकिन एक नवजात शिशु के रूप में अस्पताल में ही छोड़ दिया गया था. बाद में एक नजदीकी अनाथालय में उन्हें रखा गया, जहां से हरेन और उनकी पत्नी सू ने लिसा को गोद लिया. अनाथालय प्रबंधन ने लिसा का नाम लैला रखा था. एक नए नाम, नए परिवार के साथ लिसा पहले केन्या और फिर ऑस्ट्रेलिया गईं. लिसा को क्रिकेट से उनके पिता ने रूबरू करवाया था.
लिसा का क्रिकेट करियर 1997 में न्यू साउथ वेल्स के साथ शुरू हुआ था. इसके चार बार बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए पहला अंततरराष्ट्रीय मैच खेलकर इतिहास रच दिया. 2001 में उन्होंने इग्लैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था. लिसा 2013 तक ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की सदस्य रहीं. 2013 वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कह दिया था.
लिसा ने अपने करियर के दौरान ऑस्ट्रेलिया के लिए 8 टेस्ट मैच खेले जिसमें उन्होंने 416 रन बनाए और 23 विकेट लिए. जबकि 125 वनडे मैचों में उन्होंने 2728 रन बनाए और 146 शिकार किए. 54 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके नाम 769 रन और 60 विकेट हैं. लिसा 2005 और 2013 के वनडे वर्ल्ड कप और 2010 और 2012 के टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहीं. उन्हें दो बार बेलिंडा क्लार्क अवार्ड जीत चुकी हैं, जो साल की सबसे बेहतरीन ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर को मिलता है.
क्रिकेट दोनों देशों के बीच बातचीत का सेंटर
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच स्पोर्ट्स रोडमैप पर लिसा ने डीडी न्यूज से बात करते हुए कहा,"मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा और रोमांचक है कि दोनों देश एक साथ आए हैं और यह रोडमैप बनाया है. क्रिकेट शायद हमारे दोनों देशों के बीच बातचीत करने और अच्छे से रहने के मुख्य सेंटर में है. लेकिन फिर और भी बहुत सारे मौके हैं."
"ज़ाहिर है, कॉमनवेल्थ गेम्स, भारत के लिए ओलंपिक्स आने वाले हैं और ओलंपिक्स में ऑस्ट्रेलिया के इतिहास को देखते हुए और यहां मेलबर्न में आयोजित किया था, उम्मीद है, कि वह जानकारी शेयर की जा सकेगी और मुझे यह बात पसंद है कि दोनों सरकारें हैं जो हम एक-दूसरे से शेयर कर सकते हैं ताकि एक-दूसरे के देश को मज़बूत किया जा सके."
यह भी पढ़ें: पहले चूके, फिर दागा गोल... एम्बाप्पे 60 साल में ऐसा करने वाले चौथे खिलाड़ी, मेसी के साथ खास क्लब में हुए शामिल
यह भी पढ़ें: चेन्नई में BBL, ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर IPL: क्रिकेट डिप्लोमेसी की नई राह पर भारत-ऑस्ट्रेलिया- रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं