जिसका डर था, ठीक वैसा ही हुआ. और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) मे वीरवार को पहले से ही प्ले-ऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराकर उसका प्ले-ऑफ का गणित और ज्यादा बिगाड़ दिया. यह पंजाब किंग्स की लगातार पांचवी हार रही. जीत के लिए पंजाब के मिले 201 रनों का पीछा करते हुए पूर्व कप्तान रोहित और आतिशी रिकल्टन (48 रन, 23 गेंद 4 चौके, 4 छक्के) ने इंडियंस को पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दी. रोहित के बाद नमन धीर (9 ) सस्ते में लौटे, तो मामला बिगड़ता दिखाई पड़ा. और जब आखिरी 3 ओवरों में मुंबई को जीतने के लिए 50 रन की जरूर थी, तब सभी ने पंजाब की जीत को लगभग पक्का मान लिया था, लेकिन यहां से तिलक वर्मा (नाबाद 75 रन, 33 गेंद, 6 चौके, 6 छक्के) ने मिली भारत ए की कप्तानी का जश्न मनाते हुए दिख रही मुंबई की हार को टालते हुए इसी शानदार जीत में तब्दील कर दिया. मुंबई ने एक गेंद बाकी रहते हुए 4 विकेट के नुकसान पर मैच अपने नाम करते हुए पंजाब किंग्स को लगातार पांचवी बार झेलने पर मजबूर करते हुए उसका प्ले-ऑफ में पहुंचने का गणित और ज्यादा मुश्किल कर दिया.
पहली पाली में पंजाब के बल्लेबाजों ने मुंबई के सामने जीत के लिए 201 रनों का लक्ष्य रखा. मुंबई से पहले बैटिंग का न्योता पाने के बाद पंजाब की शुरुआत ज्यादा अच्छी तो नहीं रही, जब भारत ए टीम में जगह बनाने वाले लेफ्टी प्रियांश आर्या (22) जल्द ही आउट हो गए, लेकिन अच्छी बात यह रही कि एक छोर फॉर्म में चल रहे प्रभसिमरन (57 रन, 32 गेंद, 6 चौके, 4 छक्के) ने थमा रखा. उन्होंने कॉनोली (21) के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े. लेकिन प्रभसिमरन गए, तो कप्तान श्रेयस अय्यर (4) सहित पंजाब को एक के बाद एक तीन झटके ऐसे लगे, जो दहाई का भी आंकड़ा नहीं छू सके, लेकिन जब पंजाब की पारी जल्द ही सिमटती दिख रही थी, तब अफगानी ऑलराउंडर अजमतुल्लाह ओमारजई (38) ने उसे जरूरी इंजेक्शन लगाया. इससे पंजाब ने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 200 का आंकड़ा छू लिया. शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया. इस मैच में सूर्यकुमार के अलावा स्पिनर गजनफर की सेवाएं नहीं मिल पाएंगी.पंजाब ने भी अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं. और उसके पहलू से इस बहुत ही अहम मैच में हरप्रीत बरार, झेवियर बार्टलेट और अजमतुल्लाह ओमारजेई को शामिल किया गया है. मैच में खेलीं दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
मुंबई इंडियंस: रियान रिकलटन (विकेटकीपर), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कोर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, रघु शर्मा
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, अज़मतुल्लाह ओमरज़ई, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं