हाल ही में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल अथर्टन ने इंग्लैंड और पाकिस्तान सीरीज का सीधा प्रसारण कर रहे स्काई स्पोर्टस पर पूर्व कप्तान इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू क्या किया कि मानो पाकिस्तान का पूरा तंत्र हिल गया. पीसीबी तो इतना बौखला गया कि उसने सीरीज के बहिष्कार तक की धमकी दे डाली है. बहरहाल, ऐसा नहीं हो सकता कि पीसीबी ने यह सूचना पाक टीम प्रबंधन को न दी हो, लेकिन पाकिस्तान के मुख्य कोच सरफराज अहमद को एक नहीं बल्कि दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बहुत ही असहज स्थिति का सामना करना पड़ा है. पहली बार, सरफराज तब फंसते दिखाई पड़े, जब उन्होंने लीड्स में पहले टेस्ट के दौरान कहा कि बाबर आजम पहला टेस्ट नहीं खेलेंगे, तो दूसरी बार, मुख्य कोच को पत्रकारों के कई कठिन सवालों का सामना तब करना पड़ा जब जो रूट की इंग्लैंड टीम ने लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन मेहमान टीम को हर क्षेत्र में मात दे दी.
बहरहाल, लॉर्ड्स में भी बाबर की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम के 110 रन पर सिमटने और इंग्लैंड द्वारा दूसरे दिन 261 रन की मजबूत बढ़त हासिल करने के बाद सरफराज बल्लेबाजी के इस निराशाजनक प्रदर्शन, इंग्लैंड की प्रभावशाली गेंदबाजी और एक निराश टीम के लिए युवा अज़ान आवैस के अकेले संघर्ष करने पर पूछे गए आधा दर्जन तीखे सवालों से बचते दिखे. जहा सभी पाकिस्तानी पत्रकार लॉर्ड्स में मेहमान टीम के इस बेहद खराब प्रदर्शन को लेकर सरफराज पर सवाल दागते रहे, वहीं एक ब्रिटिश पत्रकार ने पीसीबी (PCB) के बहिष्कार वाले सवाल पूछा. इसने सभी का ध्यान खींचा.
जवाब में हेड कोच ने कहा, 'मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता. मैं सिर्फ मैच पर ध्यान दे रहा हूं.' सरफराज ने तब कहा जब रिपोर्टर ने उन्हें इमरान के बेटों के स्काई (Sky) इंटरव्यू को लेकर ईसीबी (ECB) और पीसीबी के बीच हुई बातचीत की जानकारी दी. उन्होंने कहा, 'आप इंटरव्यू की बात कर रहे हैं? हमें उस इंटरव्यू के बारे में कुछ नहीं मालूम.' पाकिस्तान के पूर्व कप्तान के अनुसार, ड्रेसिंग रूम में सब कुछ ठीक है. यह पूछे जाने पर कि क्या इमरान के परिवार के इंटरव्यू के बाद पाकिस्तान द्वारा लॉर्ड्स में मैदान पर न उतरने का कोई सुझाव दिया गया था, सरफराज ने जवाब दिया, 'सब ठीक हैं. हम उस समय दोपहर का भोजन (लंच) कर रहे थे.'
स्काई स्पोर्ट्स ने किया था इंटरव्यू का प्रसारण
पाकिस्तान के विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान, भ्रष्टाचार के आरोपों में 2023 से जेल में बंद हैं. स्काई स्पोर्ट्स ने दूसरे टेस्ट के पहले दिन लंच के दौरान पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री के बेटों सुलेमान और कासिम खान का इंटरव्यू प्रसारित किया था. कई रिपोर्टों के अनुसार पीसीबी ने धमकी दी थी कि यदि इंटरव्यू का प्रसारण हुआ तो वे लॉर्ड्स टेस्ट और तीन मैचों के बाकी दौरे को रद्द कर देंगे. हालांकि, इंटरव्यू का ब्रिटेन में प्रसारण किया गया और पाकिस्तानी खिलाड़ी रूटीन ब्रेक के बाद मैदान पर वापस लौट आए. इस इंटरव्यू के प्रसारण से ठीक पहले स्काई को अपने प्रसारण की योजनाओं को लेकर एक शिकायत मिली थी. इस संवेदनशील मामले पर तनाव के बीच ईसीबी ने भी सरकार से सलाह मांगी थी.
पत्रकारों को दी गई यह सलाह
स्काई द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीरों के साथ, पीटीवी (PTV) पाकिस्तान में इस टेस्ट मैच का सीधा प्रसारण कर रहा है क्योंकि यह मैच अपने समापन के करीब पहुंच रहा है. हालाँकि, आधिकारिक ब्रॉडकास्टर ने इस इंटरव्यू को न दिखाने का फैसला किया और इसकी जगह विज्ञापन चलाए. लॉर्ड्स में पहले दिन लंच के दौरान पाकिस्तान टीम के सदस्यों को यह इंटरव्यू देखते हुए देखा गया था. इस घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों का यह भी सुझाव है कि पाकिस्तानी पत्रकार श्रृंखला के बाकी बचे हिस्से के लिए इमरान या इस इंटरव्यू के बारे में कोई सवाल नहीं पूछेंगे. मेहमान पत्रकारों ने लीड्स (हेडिंग्ले) और लंदन (लॉर्ड्स) में भी इसी का पालन किया, जहां पाकिस्तान के इस महान ऑलराउंडर का कोई जिक्र नहीं हुआ.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं