भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है, लेकिन टीम चयन के बाद सबसे ज्यादा चर्चा जिस खिलाड़ी को लेकर हो रही है, वह हैं यशस्वी जायसवाल. पिछले कुछ महीनों में सीमित मौकों के बावजूद रन बनाने वाले इस युवा बल्लेबाज को वनडे टीम में जगह नहीं मिली. अब भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी इस फैसले पर अपनी राय रखी है.
अश्विन का मानना है कि अगर शुभमन गिल आखिरी दो वनडे मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहने वाले थे, तो यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल करने पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए था. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक खिलाड़ी को मौका देने का मामला नहीं है, बल्कि उसके आत्मविश्वास को बनाए रखने की भी जिम्मेदारी टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं की होती है.
दरअसल, यशस्वी के हालिया आंकड़े उनकी दावेदारी को और मजबूत बनाते हैं. अपनी पिछली तीन वनडे पारियों में उन्होंने 121 गेंदों पर नाबाद 116 रन, 9 गेंदों पर 4 रन और 86 गेंदों पर नाबाद 110 रन बनाए हैं. यानी पिछली तीन पारियों में उनके बल्ले से दो शतक निकले हैं. इसके बावजूद वह न्यूजीलैंड के खिलाफ घोषित वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं.
अश्विन ने कहा कि वह इस बहस को केवल "यशस्वी को मौका मिलना ही चाहिए था" के नजरिये से नहीं देख रहे हैं. उनका मानना है कि लगातार टीम से बाहर रहने का असर किसी भी खिलाड़ी के आत्मविश्वास पर पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले जो बेफिक्री और लय यशस्वी की बल्लेबाजी में दिखाई देती थी, वैसी बात अब नजर नहीं आती और इसके पीछे लगातार मौके न मिलना भी एक कारण हो सकता है.
पूर्व भारतीय स्पिनर ने याद दिलाया कि इंग्लैंड सीरीज में यशस्वी को सिर्फ एक पारी खेलने का मौका मिला था. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने शतक बनाया, अफगानिस्तान के खिलाफ भी शतक जड़ा, जबकि वेस्टइंडीज सीरीज में टीम में शामिल रहने के बावजूद उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली. अश्विन का कहना है कि जब कोई बल्लेबाज हर मौके पर रन बनाकर जवाब दे रहा हो, तब चयनकर्ताओं को उसके साथ संवाद बनाए रखना चाहिए.
उन्होंने कहा कि अगर वह चयनकर्ता या टीम प्रबंधन का हिस्सा होते, तो यशस्वी से सीधे बात करते और पूछते कि क्या वह आखिरी दो वनडे खेलना चाहते हैं. अश्विन के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का विकल्प कोई नहीं है और मैच अभ्यास से बेहतर तैयारी का कोई तरीका नहीं होता.
अश्विन ने यह भी सवाल उठाया कि यशस्वी ने आखिरी बार अंतरराष्ट्रीय मैच कब खेला था. उनका कहना था कि लंबे समय से वह नियमित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल पाए हैं, जबकि एक समय ऐसा था जब वह लगभग हर मौके पर रन बना रहे थे. उन्होंने यशस्वी को भारतीय क्रिकेट की एक बहुमूल्य प्रतिभा करार देते हुए कहा कि टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि ऐसे खिलाड़ी का सही तरीके से ख्याल रखा जाए.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों में शुभमन गिल कप्तानी करेंगे, जबकि अंतिम दो मैचों में श्रेयस अय्यर टीम की कमान संभालेंगे. टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा और अन्य खिलाड़ियों को जगह मिली है, लेकिन यशस्वी का नाम सूची से गायब है.
यशस्वी जायसवाल की पिछली 3 वनडे पारियां
116* (121 गेंद)
4 (9 गेंद)
110* (86 गेंद)
पिछली 3 पारियां, 2 शतक और लगाता शानदार प्रदर्शन... इसके बावजूद न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं. चयनकर्ताओं का यह फैसला आने वाले दिनों में बहस का बड़ा विषय बन सकता है. भारत और वेस्टइंडीज की टीमें 4-15 नवंबर के बीच पांच वनडे मुकाबलों की सीरीज खेलेंगी, जिसके बाद 19 नवंबर से 1 दिसंबर तक दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज आयोजित होगी.
शुरुआती तीन मैचों के लिए भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव.
चौथे और पांचवें मैच के लिए भारत की वनडे टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर/उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव.
भारत की टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर)*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं