PSL 2026 Ball Tampering Controversy: पाकिस्तान सुपर लीग के एक मुकाबले के दौरान लाहौर कलंदर्स पर बॉल-टैम्परिंग का गंभीर आरोप लगा है. यह मामला कराची किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में सामने आया, जहां फखर ज़मान पर गेंद से छेड़छाड़ करने का शक जताया गया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक, मैच रेफरी रोशन महानामा की अगुवाई में हुई सुनवाई में फखर ने आरोपों से इनकार किया है. अब अगले 48 घंटों में एक और सुनवाई होगी, जिसके बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा. यदि वह दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें कम से कम एक मैच के लिए बैन किया जा सकता है.
आखिरी ओवर में बढ़ा विवाद
यह विवाद मैच के बेहद अहम मोड़ पर सामने आया. कराची किंग्स को आखिरी ओवर में जीत के लिए 14 रन चाहिए थे और गेंदबाज़ी की जिम्मेदारी रऊफ के हाथों में थी. उसी दौरान कप्तान शाहीन अफरीदी, फखर ज़मान और रऊफ आपस में चर्चा करते नजर आए और इस दौरान गेंद को भी छुआ गया.
This is so Shameful
— Ehtisham Siddique (@iMShami_) March 29, 2026
pic.twitter.com/DqTWMk1Mbg
अंपायरों का फैसला और पेनल्टी
इसके बाद ऑन-फील्ड अंपायर फैसल अफरीदी ने गेंद की जांच की और दूसरे अंपायर शर्फुद्दौला के साथ लंबी बातचीत की. जांच के बाद अंपायरों ने फैसला दिया कि गेंद के साथ छेड़छाड़ हुई है. कराची किंग्स को पांच पेनल्टी रन दिए गए और गेंद भी बदल दी गई. इस फैसले के बाद कराची को आखिरी छह गेंदों में 9 रन चाहिए थे.
मैच का रोमांचक अंत
हालांकि, ड्रामा यहीं खत्म नहीं हुआ. कराची के बल्लेबाज़ खुशदिल शाह पहली ही गेंद पर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद मैच पलट गया. एक वाइड गेंद और फिर अब्बास अफरीदी के चौके और छक्के ने कराची को 19.3 ओवर में चार विकेट से जीत दिला दी.
फैसले पर उठे सवाल
इस घटना के बाद क्रिकेट जगत में अंपायरिंग के फैसलों और बॉल-टैम्परिंग की पहचान को लेकर बहस छिड़ गई है. कई पूर्व खिलाड़ियों और विशेषज्ञों का मानना है कि मैदान पर हुई बातचीत के आधार पर किसी एक खिलाड़ी को दोषी ठहराना आसान नहीं है.
लाहौर कलंदर्स टीम ने कहा
लाहौर कलंदर्स के मैनेजमेंट ने भी इस फैसले पर नाराज़गी जताई है. उनका कहना है कि पूरी पारी के दौरान कई खिलाड़ियों ने गेंद को छुआ था, ऐसे में किसी एक पल को चिन्हित करना मुश्किल है.
अब PCB के फैसले पर नजर
अब सभी की निगाहें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की अगली सुनवाई पर टिकी हैं. उम्मीद है कि हाई-डेफिनिशन फुटेज और मैच रेफरी की रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच की जाएगी, ताकि यह साफ हो सके कि वास्तव में गेंद से छेड़छाड़ हुई थी या नहीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं