Captain Shan Masood After Losing the Test Series to Bangladesh: पाकिस्तान क्रिकेट के बुरे दिन खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं. बांग्लादेश दौरे पर गई पाकिस्तान को 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से हार का सामना करना पड़ा है. ढाका में खेले गए पहले टेस्ट को 104 रन से गंवाने वाली पाकिस्तान को सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट में 78 रन से हार का सामना करना पड़ा है. सिलहट टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद निराश नजर आए. मैच के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शान मसूद ने कहा, "हमसे बहुत सारी गलतियां हुईं. जब आप किसी मैच की चौथी पारी में 360 के करीब रन बनाते हैं, तो उम्मीद करते हैं कि आप सही तरफ होंगे. मुझे लगता है कि पिछली तीन पारियों में हमें बहुत कुछ सोचना था. हमें मिला लक्ष्य सच में बहुत बड़ा था."
बांग्लादेश पहली पारी में एक समय अपने 6 विकेट 116 रन पर गंवा चुकी थी. इसके बाद टीम को पहली पारी में बढ़त मिली. इस पर पाकिस्तान कप्तान का कहना था कि आखिरी चार विकेटों ने बहुत सारे रन बनाए. हमने मौके गंवाए. बल्लेबाजी में भी हम जब 4 विकेट पर 142 रन पर थे, दो सेट बल्लेबाज क्रीज पर थे, तो टेस्ट क्रिकेट में आपको बड़ी पारी खेलनी होती है. हम ऐसा नहीं कर सके. पहली तीन पारियों में हमने कुछ गलतियां की. इस वजह से चौथे और पांचवें दिन की हमारी कोशिश का नतीजा जीत में नहीं बदल सका.
टेस्ट क्रिकेट पाकिस्तान की परेशानियों पर मसूद ने कहा, "मुझे लगता है कि टेस्ट क्रिकेट में आपकी किसी भी गलती की सजा मिलेगी. यह माफ करने लायक नहीं है. टेस्ट क्रिकेट हमेशा सबसे अच्छे खिलाड़ी खेलते हैं. आपको कोई आसान मैच नहीं मिलेगा और आपको सच में नतीजे निकालने के लिए मेहनत करनी होगी.
मुझे लगता है कि एक टीम के तौर पर हमें यही करने की जरूरत है. हमने खुद को ऐसी जगह पर रखा है. मैं बस कुछ ही टेस्ट मैच गिन सकता हूं जहां हम पूरी तरह से हार गए हों, लेकिन हर दूसरे टेस्ट मैच में हम ऐसी जगह पर रहे हैं जहां हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, चाहे गेंद से हो या फील्डिंग से. यह कुछ ऐसा है जो आपको लगातार पांच दिनों तक करना होता है और यही सीख इस टीम को सच में लेने की जरूरत है."
सिलहट टेस्ट की बात करें तो बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 278 रन बनाए थे. पाकिस्तान पहली पारी में 232 रन पर सिमट गई थी. पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश को 46 रन की बढ़त मिली थी. बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 390 रन बनाकर पाकिस्तान को जीत के लिए 437 रन का लक्ष्य दिया. पाकिस्तान 358 रन पर सिमट गई और 78 रन से मैच हार गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं