यह सही है कि टीम इंडिया के सुपरकिड वैभव सूर्यवंशी इलेवन में जगह नहीं बना पा रहे हैं, लेकिन दुनिया भर में वह चर्चा का विषय बने हुए हैं. हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ खत्म हुई तीन मैचों की सीरीज में वैभव एक भी मुकाबले की फाइनल XI में जगह नहीं बना सके, लेकिन अब न्यूजीलैंड के कोच ने सूर्यवंशी को चैलेंज दिया है. न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि भारत के युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी आगामी टी20 सीरीज न्यूजीलैंड के तेज बॉलरों और बाउंसी पिच का कैसे सामना कर पाते हैं. वाल्टर ने कहा कि उन्हें सीम-फ्रेंडली और उछालभरी न्यूजीलैंड की पिचों पर सूर्यवंशी को बल्लेबाजी करते देखने में विशेष रुचि होगी, और वे यह भी देखना चाहते हैं कि दबाव में आने पर वे कैसी प्रतिक्रिया देते हैं.
उन्होंने कहा, 'हां मैं उन्हें तेज और उछालभरी विकेटों पर खेलते देखना पसंद करूंगा और यह देखना चाहूंगा कि वहां उनका खेल कितना अलग नजर आता है, लेकिन वे एक बहुत ही रोमांचक खिलाड़ी हैं. आपने उन्हें आईपीएल में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के सामने दबदबा बनाते देखा है. मुझे लगता है कि असली चुनौती हमेशा यह देखने की होती है कि वह प्रदर्शन अलग परिस्थितियों में कैसे बदलता है और साथ ही हम अपनी परिस्थितियों में उनके सामने कैसी गेंदबाजी करते हैं.'
रॉब वॉल्टर ने कहा, 'इसके अलावा एक कोच के तौर पर अंदर से आप हमेशा अपने खिलाड़ियों को थोड़ा दबाव में देखना चाहते हैं ताकि यह पता चल सके कि वे उस पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं. अगर ऐसा होता है, तो मुझे इसका इंतजार रहेगा. अगर वे यहां नहीं भी होते हैं, तो भी उनके पास उनके अलावा कई बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं.' न्यूजीलैंड के कोच से भारत के जापान के खिलाफ हालिया टी20ई मैच के दौरान हुए उस विवादित 'वाइड' कॉल के बारे में भी पूछा गया, जिसने काफी बहस छेड़ दी थी. वाल्टर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने वह मैच करीब से नहीं देखा था और विवाद में पड़ने में उनकी कोई रुचि नहीं थी.
न्यूजीलैंड कोच बोले, 'मैंने उस मैच का बहुत छोटा हिस्सा देखा. मैंने देखा कि वाइड के फैसले को लेकर कुछ विवाद हुआ था. लेकिन ईमानदारी से कहूं तो मैंने उसे बहुत ज्यादा नहीं देखा. जितना कम देखें, उतना बेहतर है, मुझे लगता है.' वाल्टर ने स्वीकार किया कि फाइनल हारने का असर स्वाभाविक रूप से पड़ता है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि अपने घरेलू मैदान पर खेलने जा रही ब्लैक कैप्स (न्यूजीलैंड) टीम का इरादा केवल बदला लेना नहीं है.
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि वह भावना तो रहती ही है. कोई भी फाइनल हारना पसंद नहीं करता. मैं दो बार ऐसा देख चुका हूं. इसलिए मुझे इसके बारे में सब पता है, लेकिन मुझे लगता है कि सबसे पहली बात 'ब्लैक कैप्स' और न्यूजीलैंड का सही प्रतिनिधित्व करना है, तो आपके पास खिलाड़ियों का एक ऐसा समूह है जो हमेशा सबसे पहले यही करने की कोशिश करता है. बेशक, अगर आप घर पर कुछ मैच जीतने में सफल रहते हैं, तो यह बहुत बढ़िया होगा.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं