
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवाना होने से पहले टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी नए हेयर स्टाइल में नजर आए। जाहिर है ऑस्ट्रेलिया दौरे की चुनौती और आईपीएल में सट्टेबाजी मामले में चेन्नई सुपर किंग्स पर बढ़ते संकट का कोई असर धोनी के स्टाइल पर नहीं पड़ा है।
धोनी का नया अंदाज सेना के जवानों के हेयरस्टाइल से मेल खाता है, जिसे 'क्राफ्ड कट' भी कहा जाता है। वैसे धोनी की हेयर स्टाइलिस्ट सपना भवनानी के मुताबिक ये 'हाई एंड टाइट कट' है।
दरअसल क्रिकेट के मैदान में अपने प्रयोगों के लिए मशहूर धोनी बालों के साथ भी जब-तब प्रयोग करते रहे हैं। 2004 में जब धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा, तब उनके बाल लंबे हुआ करते थे।
देखते-देखते उनके लंबे छक्कों के साथ उनके लंबे बाल भी खूब मशहूर हो गए। इस स्टाइल ने पाकिस्तान के उस वक्त के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ तक को अपना दीवाना बना लिया था। उन्होंने धोनी से अपील की थी कि उन्हें अपने लंबे बाल नहीं कटाने चाहिए, क्योंकि इसमें वह बहुत अच्छे लगते हैं।
हालांकि 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप में कामयाबी हासिल करने के बाद धोनी ने अपने बाल छोटे करा लिए और उनका यह स्टाइल भी खूब चला। 2011 में धोनी को भारतीय सेना ने लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि दी, तो उन्होंने तय कर लिया कि अब वह लंबे बाल कभी नहीं रखेंगे।
2011 में ही वर्ल्ड कप जीतने के बाद उन्होंने अपने बाल मुंडवा लिए और उनका यह स्टाइल भी मशहूर हो गया। 2013 की चैंपियंस लीग के दौरान उनका 'मोहॉक हेयरस्टाइल' तो खूब चर्चित रहा। दरअसल, धोनी जिस मुकाम पर हैं, उनकी हर अदा स्टाइल के तौर पर मशहूर हो जाती है और यह बात उनके हेयर स्टाइल के साथ भी लागू होती रही है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं