विज्ञापन
This Article is From Apr 03, 2014

द.अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में धोनी के सामने चयन की दुविधा

द.अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में धोनी के सामने चयन की दुविधा
मीरपुर:

लगातार चार जीत दर्ज करने के बाद आत्मविश्वास से ओत-प्रोत टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में शुक्रवार को जब दक्षिण अफ्रीका से खेलेगी तो उसके सामने टीम संयोजन और युवराज सिंह की चोट बड़ा सिरदर्द होंगे।

टीम प्रबंधन दुआ कर रहा है कि युवराज टखने की चोट से उबर जाएं, जो उन्हें फुटबॉल सत्र के दौरान लगी थी।

भारतीय टीम के सामने दुविधा यह भी है कि खराब फार्म में चल रहे शिखर धवन की जगह अजिंक्य रहाणे को बरकरार रखा जाए या नहीं। इसके अलावा पिछले मैच में मोहम्मद शमी की जगह लेने वाले मोहित शर्मा को उतारा जाए या नहीं।

आक्रामक बल्लेबाज होने के बावजूद धवन टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर सके हैं, जिनकी जगह रहाणे को लिया गया। युवराज यदि पूरी तरह से फिट नहीं होते हैं तो रहाणे और धवन दोनों को अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है।

कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दुआ कर रहे होंगे कि युवराज समय रहते फिट हो जाएं चूंकि उनकी स्पिन गेंदबाजी भी काफी उपयोगी साबित होती है।

यह मुकाबला विराट कोहली और स्पिनर इमरान ताहिर और रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज डेल स्टेन का भी होगा। मौजूदा फार्म के आधार पर भारत का पलड़ा भारी लग रहा है लेकिन टी-20 क्रिकेट में जीत हार का फैसला महज तीन ओवरों में हो जाता है।

भारत ने पिछले चारों मैच जीते हैं जबकि दक्षिण अफ्रीका ने चार में से तीन मैच जीते। भारत ने ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और बांग्लादेश के अलावा गत चैम्पियन वेस्टइंडीज को हराया। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड, नीदरलैंड और इंग्लैंड पर जीत दर्ज की।

भारत जहां 2014 के शुरुआती ढाई महीने के खराब प्रदर्शन को भुलाना चाहेगा, वहीं दक्षिण अफ्रीका आईसीसी टूर्नामेंटों में दबाव के आगे घुटने टेकने वाले ‘चोकर्स’ का धब्बा मिटाने के इरादे से उतरेगा। भारतीय स्पिनर शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम की मददगार पिच पर अपना दबदबा बरकरार रखना चाहेंगे, जबकि दक्षिण अफ्रीका के आक्रमण का दारोमदार एबी डिविलियर्स और किंटोन डि काक पर होगा।

नंगे पैर से फुटबॉल मैच खेलने के दौरान युवराज को लगी चोट ने धोनी एंड कंपनी को चिंतित कर दिया है। शुरुआती मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद युवराज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले मैच में 43 गेंद में 60 रन बनाए थे।

युवराज यदि फिट नहीं हो पाते हैं तो रहाणे को टी20 टीम में जगह पक्की करने का मौका मिलेगा। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ 19 रन बनाए थे, लेकिन वह धवन से बेहतर फार्म में हैं।

धवन ने तीन मैचों में 31 रन बनाए। वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ वह बहुत खराब खेले। अभ्यास सत्र में वह हालांकि सबसे पहले मैदान पर उतरते हैं, लेकिन मैच में चल नहीं पा रहे। अब धोनी को तय करना होगा कि रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत धवन करेंगे या रहाणे।

तेज गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार के जोड़ीदार का चयन भी चिंता का सबब है। भुवनेश्वर ने 12 ओवरों में 4.33 की औसत से रन दिए हैं, लेकिन उनके नियमित जोड़ीदार मोहम्मद शमी काफी महंगे साबित हुए हैं।

मोहित शर्मा ने पिछले मैच में प्रभावी प्रदर्शन किया। उसने वाटसन को ऑफ कटर पर आउट किया। मोहित और भुवनेश्वर समान रफ्तार और विविधता से गेंदबाजी करते हैं जबकि शमी इनसे अधिक गति के गेंदबाज हैं। दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदें दुनिया के नंबर एक तेज गेंदबाज स्टेन पर टिकी होंगी, जिन्होंने चार मैचों में नौ विकेट लिए। वहीं लेग स्पिनर इमरान ताहिर के लिए भी यह असल परीक्षा होगी, जिन्होंने चार मैचों में सात से कम की इकानामी दर से 11 विकेट लिए हैं।

भारतीयों को पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट शृंखला में ताहिर को खेलने में दिक्कत नहीं हुई थी। मोर्नी मोर्कल के फिट होने पर ब्यूरान हेंडरिक्स और वेन परनेल में से एक को बाह बैठना होगा। वहीं बल्लेबाजी एबी डिविलियर्स पर निर्भर होगी, जिनका साथ देने के लिए किंटोन डिकाक हैं।

टीमें भारत- महेंद्र सिंह धोनी  (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, युवराज सिंह, सुरेश रैना, रविंद्र जडेजा, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, मोहित शर्मा, स्टुअर्ट बिन्नी, अजिंक्य रहाणे, अमित मिश्रा और वरूण आरोन

दक्षिण अफ्रीका- फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), हाशिम अमला, किंटोन डिकाक, एबी डिविलियर्स, फरहान बेहार्डियेन, जेपी डुमिनी, डेविड मिलर, एल्बी मोर्कल, मोर्नी मोर्कल, डेल स्टेन, इमरान ताहिर, ब्यूरान हेंडरिक्स, वेन परनेल, लोंवाबो सोटसोबे, आरोन फागिंसो।

लेखक के बारे में
img
Bhasha
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
टी-20 वर्ल्ड कप, दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत, महेंद्र सिंह धोनी, T20 World Cup, South Africa Vs India, MS Dhoni
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com