विज्ञापन

सिराज पर नेता कर रहे गंदी सियासत, क्या गिल धोनी की तरह देंगे जवाब?

सिराज को टीम में शामिल ना की आलोचना सही लेकिन इसे धार्मिक रंग देना गलत

सिराज पर नेता कर रहे गंदी सियासत, क्या गिल धोनी की तरह देंगे जवाब?
सिराज को लेकर मचा बवाल, अब कप्तान गिल के सामने बड़ी चुनौती
BCCI

17 साल पहले 2009 के इंग्लैंड टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान ट्रेंट ब्रिज में कप्तान एमएस धोनी अपनी पूरी टीम के साथ प्रेस कांफ़्रेंस में आ गए. एक साथ पूरी टीम का प्रेस कांफ़्रेंस के लिए आना बहुत बड़ी बात थी. मगर धोनी की अगुआई में टीम इंडिया ने ऐसा कर मीडिया में चल रही उन तमाम अटकलों को क़रारा जवाब दे दिया कि टीम इंडिया में फूट पड़ी है और उनमें एका नहीं है.  2009 में ट्रेंट ब्रिज में हुए उस प्रेस कांफ़्रेंस में कप्तान एमएस धोनी एक जनरल की तरह मीडिया को पतंगबाज़ी से बचने की हिदायत देते रहे. कप्तान एसएस धोनी आगे बैठकर प्रेस को सबोंधित करते रहे और उनके पीछ वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, प्रज्ञान ओझा, इरफ़ान पठान, ज़हीर ख़ान, ईशांत शर्मा टीम मैनेजर अनिरुद्ध चौधरी और पूरी टीम खड़ी रही- एक साथ, एकदम सॉलिड. 

Latest and Breaking News on NDTV

गिल-गंभीर-सिराज ने जवाब दिया तो!

कल्पना करें कि मौजूदा टेस्ट सीरीज़ में भी टीम इंडिया न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट और सीरीज़ जीतकर एकबार फिर एक साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस के लिए आ जाए. कप्तान शुभमन गिल, मो. सिराज,जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली, रोहित शर्मा और पूरी टीम. फिर धर्म के नज़रिये से टीम सेलेक्शन देखने वाले नेता और उनकी पार्टी के लिए कितना बड़ा सेल्फ़ गोल साबित हो सकता है!  

वेलिंगटन टेस्ट में खली सिराज की कमी

वेलिंगटन टेस्ट के पांचवें दिन सोमवार को अब सिर्फ़ दो नतीजे मुमकिन हैं- भारत की जीत या अगर अनहोनी हुई तो मैच ड्रॉ हो सकता है. लेकिन इस अहम टेस्ट मैच के पहले दिन किवी टीम 5 विकेट पर 70 के स्कोर से 5 विकेट पर 243 के स्कोर तक पहुंच गई और फ़ैन्स समेत क्रिकेट एक्सपर्ट्स का गुस्सा फूट पड़ा. टीम चयन और ख़ासकर मो सिराज के टीम से बाहर रखे जाने को लेकर सवालों की बौछार हो गई. वेलिंगटन टेस्ट की पहली पारी में मो. सिराज की कमी साफ़ तौर पर खली और तकरीबन सबने कहा कि सिराज को टीम में नहीं रखकर टीम इंडिया ने अपना सत्यानाश कर लिया है. 

Latest and Breaking News on NDTV

सिराज को नहीं चुनना बड़ी ग़लती- क्रिकेट एक्सपर्ट्स 

वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिलदेव ने धर्म से अलग इस बात पर ज़ोर दिया कि निजी पसंद-नापसंद के आधार पर प्लेइंग XI का चयन नहीं किया जा सकता.  कपिलदेव ने कहा,"मेरी बात करूं तो, मुझे वह पसंद है. आपकी पसंद-नापसंद अलग हो सकती है - हो सकता है कि कुछ लोग कहें कि वह इसके लायक नहीं हैं. लेकिन टीम का चयन चयनकर्ताओं, कप्तान और मैनेजर को करना होता है. हमारी पसंद-नापसंद से कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए. यह इस बात पर निर्भर करता है कि संगठन की क्या योजना है."

पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और टीम इंडिया के हेड कोच रहे रवि शास्त्री ने कहा, “उम्मीद है कि भारत ज़ोरदार वापसी करेगा. लेकिन अगर तेज़ी, कौशल और सीम मूवमेंट ही पैमाना था, और 140 की गति तक पहुँचना भी मुश्किल हो रहा था, तो एक सवाल तो पूछना ही होगा- मोहम्मद सिराज कहाँ थे? अनुभव, आक्रामकता और गेंद से कुछ कर दिखाने की क्षमता. इसका भी तो कुछ महत्व है!”

पूर्व कप्तान और कॉमेन्टेटर सुनील गावस्कर ने इसे “baffling” यानी हैरान करने वाला फ़ैसला बताया. गावस्कर ने कहा, “सिराज ने कभी भारत को निराश नहीं किया, उनकी गेंदबाज़ी में कुछ भी गलत नहीं है, उनकी लय अच्छी है. 

पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने भी इसे लेकर मायूसी ज़ाहिर की. अज़हर ने कहा, “सिराज को टीम में न देखकर निराश हूँ. बुमराह की गैरमौजूदगी में जब टीम को ज़रूरत थी, तब उन्होंने प्रतिबद्धता, क्षमता और जुझारूपन दिखाया. वो हमेशा आगे बढ़कर देश के लिए खेले.” टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर-ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने कहा, “Harsh, very Harsh but this is the new normal.” उन्होंने अपने youtube-यूट्यूब चैनल में कहा, “पहले सिराज और बुमराह का नाम लिखो, फिर बाकी दो तेज़ गेंदबाज़ चुनो.” उन्होंने चेतावनी भी दी कि ये सिर्फ “ट्रेलर” है, अगर ऐसा ही चला तो सिराज 2027 ODI वर्ल्ड कप टीम में भी नहीं होंगे. 

पूर्व टेस्ट क्रिकेटर सदागोप्पन रमेश ने याद दिलाया, “टेस्ट में शेर-चीते से ज़्यादा घोड़ा ज़रूरी होता है. सिराज वो घोड़ा है- पूरे मैच में उसकी मेहनत 1% भी कम नहीं होती.”  उन्होंने याद दिलाया कि शुभमन गिल की कप्तानी में इंग्लैंड सीरीज़ में सिराज ही स्टार थे, तब गिल ने उन्हें “कप्तान का सपना” कहा था। 

कॉमेन्टेटर हर्षा भोगले समेत पूर्व टेस्ट क्रिकेटर वसीम जाफ़र जैसे कई क्रिकेटर टीम इंडिया के फ़ैसले से दंद दिखे. वसीम जाफ़र ने कहा, “प्लेइंग XI में सिराज का नहीं होना हैतरअंगेज़ (‘shocking') बात है.”

Latest and Breaking News on NDTV

‘सिराज' पर सियासत 

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने टीम इंडिया में मोहम्मद सिराज के प्लेइंग XI में जगह नहीं दिये जाने पर बड़ा बयान देकर बवाल मचा दिया. राजनीतिक बहस शुरू हो गई. इमरान मसूद अपने ही बयान पर राजनीतिक तौर पर घिरते भी दिखे.  कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि या कि टीम इंडिया के स्टार पेसर मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से सिर्फ इसलिए बाहर रखा गया, क्योंकि उनके नाम में ‘सिराज' जुड़ा है. 

सिराज के सेलेक्शन को लेकर बवाल बढ़ा तो इमरान मसूद की ही पार्टी की नेत्री और दिवंगत कांग्रेसी नेता अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने बयान देकर पार्टी को इमरान मसूद के बयान से दूर करने की कोशिश की. वैसे मुमताज पटेल का बयान इमरान मसूद के पहले के बयान के लिए रफ़्फ़ूगिरी की कोशश सी नज़र आती है. 

मुमताज पटेल ने कहा कि भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ियों का चयन हमेशा से उनकी मेरिट के आधार पर हुआ है. मुझे लगता है, “सबसे अच्छे फॉर्म वाले, उस टूर्नामेंट के लिए टीम के तौर पर सबसे उपयुक्त क्रिकेटरों को हमेशा एक साथ रखा गया है. मुझे संदेह है, मैंने कभी क्रिकेट को राज्य, धर्म, संस्कृति, जाति या किसी भी चीज के नाम पर बंटते नहीं देखा. इसे इससे दूर रखें.” 

गंभीर-आगरकर VS विराट-रोहित-शमी विवाद- जाति-धर्म का रोल नहीं 

टीम इंडिया में विराट कोहली और रोहित शर्मा के वर्ल्ड कप 2027 में खेले जाने को लेकर लगातार विवाद होते रहे हैं. इसे लेकर गौतम गंभीर से लेकर पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर भी मीडिया, फ़ैंस और एक्सपर्ट्स के निशाने पर रहे. लेकिन धर्म या जाति की बात सामने नहीं आई. 

इन धुरंधर खिलाड़ियों को धर्म के आधार पर कैसे बांटेंगे?

भारत के सबसे कम उम्र के कप्तान मंसूर अली ख़ान पटौदी, टेस्ट मैचों में लगातार तीन सेंचुरी लगानेवाले मो. अज़हरुद्दीन, टीम इंडिया के धुरंधर विकेटकीपर सैयद किरमानी, विदेशों में टेस्ट मैच में 1936 में सबसे पहले शतक लगानेवाले स्टाइलिश ओपनर मुश्ताक़ अली, टीम इंडिया के जांबाज़ गेंदबाज़ ज़हीर ख़ान, स्विंग के सुल्तान और ऑलराउंडर इरफ़ान पठान, इरफ़ान पठान के भाई और धुंआधार बैटर यूसुफ़ पठान, नैटवेस्ट के हीरो और फ़ील्डिंग में टीम इंडिया के जॉन्टी रोड्स मो. कैफ़, वसीम जाफ़र, मो. शमी और मो. सिराज़- ये लिस्ट एक से बढ़कर एक टैलेंटेड क्रिकेटर से भरी है जो इत्तिफ़ाकन मुसलमान भी थे.  

भारतीय क्रिकेट इतिहास में खिलाड़ियों और कप्तान के चयन को लेकर कई विवाद हुए हैं. और, बड़े विवाद हुए हैं. लेकिन धर्म के आधार पर बांटकर सियासत करने से राजनीतिक पार्टियां बचती रही हैं. खेल के मैदान पर खिलाड़ियों के टैलेंट का क्रूर इम्तिहान होता है. ना तो गेंद धर्म देखती है और ना बल्ला जाति. सियासतदां इसेजितनी जल्दी समझ जाएं, झुलसने से बच जाएंगे.

यह भी पढ़ें | IND vs PAK LIVE Score: क्रीज पर आते ही अली राजा ने वैभव सूर्यवंशी को घूरा, भारत के सामने 314 रन की चुनौती

यह भी पढ़ें | भारत-पाक मैच में बढ़ा तनाव, हर्षित राणा और मोहम्मद रंधावा भिड़े, देखकर अंपायर सदमे में, बीच-बचाव करने पहुंचे

यह भी पढ़ें | अब्दुल समद रन आउट, रिंकू सिंह के रॉकेट थ्रो ने मचाया तहलका, PAK बल्लेबाज ने पकड़ लिया सिर, Video

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mohammed Siraj, New Zealand Vs India 2026/27, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com