Mohammed Shami got Award for 'Obstructing The Field' Dismissal: रविवार को इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुआ मुकाबला काफी रोमांचक रहा. मोहम्मद शमी के आखिरी गेंद पर छक्के से मैच टाई हुआ और फैंस को इस सीजन का पहला सुपर ओवर देखने को मिला, जिसमें कोलकाता ने आसान जीत दर्ज की. रिंकू सिंह कोलकाता की जीत के नायक रहे. लेकिन इस मैच में कोलकाता के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को जिस तरह से आउट दिया गया, उसको लेकर काफी बवाल हुआ. अंगकृष रघुवंशी को फील्ड में बांधा पहुंचाने के लिए आउट करार दिया गया. वह इस तरह से आउट होने वाले आईपीएल इतिहास के चौथे बल्लेबाज हैं. वहीं अब इसी विकेट पर लखनऊ ने कोलकाता के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है और उन्होंने मोहम्मद शमी को 'ChatGPT IQ Award' दिया है.
अंगकृष रघुवंशी जिस थ्रो पर आउट हुए थे, वो मोहम्मद शमी ने फेंका था. थर्ड अंपायर का मानना था कि रघुवंशी गेंद की लाइन में जानबूझकर आए. ऐसे में मोहम्मद शमी को रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स से हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के ड्रेसिंग रूम में 'ChatGPT IQ Award' मिला. शमी ने कोई विकेट नहीं लिया, लेकिन उन्होंने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर मैच को सुपर ओवर तक पहुंचाया. लखनऊ ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें असिस्टेंट कोच लांस क्लूजनर ने मैच में शमी के परफॉर्मेंस की लिस्ट दी और उन्हें अवॉर्ड देते समय उनके आउट होने का ज़िक्र किया. क्लूजनर ने कहा, शमी ने आउट करने में समझदारी दिखाई.
Elite skill, Super Giant mindset! 🫡
— Lucknow Super Giants (@LucknowIPL) April 27, 2026
Shami claims the ChatGTP Match IQ Award 👊 pic.twitter.com/NZSKA9hQ9p
मोहम्मद शमी का थ्रो रघुवंशी को लगा जब वह अपनी क्रीज पर लौटने की कोशिश कर रहे थे और थर्ड अंपायर ने फैसला किया कि वह जानबूझकर गेंद और विकेटकीपर के बीच में आए थे. वहीं सोमवार को इस बल्लेबाज पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है. रविवार को हुए मुकाबले में रघुवंशी को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है.
दरअसल, कोलकाता की पारी के दौरान पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर अंगकृष रघुवंशी को 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' के कारण आउट दे दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने मैदान पर ही अपनी नाराजगी जाहिर की थी. अंगकृष ने पवेलियन लौटते हुए गुस्से में जोर से जमीन पर बल्ला मारा था और अपना हेलमेट बाउंड्री लाइन के पास फेंक दिया था. कोलकाता का खेमा भी अंपायर के फैसले से काफी नाखुश दिखाई दिया था. टीम के हेड कोच अभिषेक नायर को भी गुस्से में अंपायर्स संग बातचीत करते हुए देखा गया था.
प्रिंस यादव की गेंद पर अंगकृष मिड-ऑन की तरफ शॉट खेलकर रन लेने के लिए दौड़े थे, लेकिन दूसरे छोर पर खड़े कैमरून ग्रीन ने उन्हें वापस भेज दिया था. अपना विकेट बचाने के लिए अंगकृष ने डाइव लगाई थी, लेकिन तभी फील्डर ने भी गेंद को स्टंप की तरफ थ्रो किया था. थ्रो सीधा अंगकृष के पैर में आकर लगा था, जिसके बाद एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत और बाकी खिलाड़ियों ने अपील की थी. मैदानी अंपायर्स ने थर्ड अंपायर की मदद ली थी, जिसके बाद अंगकृष को 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड'(फील्डिंग में बाधा पहुंचाने) का दोषी मानते हुए उन्हें आउट करार दे दिया था.
अंगकृष रघुवंशी आईपीएल में 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' के कारण आउट दिए जाने वाले चौथे बल्लेबाज बने. उनसे पहले अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा और युसूफ पठान को भी इस नियम के तहत आउट दिया जा चुका है. अंगकृष इस मुकाबले में 8 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, सुपर ओवर में पहुंचे मैच में कोलकाता ने लखनऊ के खिलाफ जीत दर्ज की.
यह भी पढ़ें: DC vs RCB, IPL 2026: विराट कोहली के निशाने पर मेगा रिकॉर्ड, 19 साल में ये कारनामा करने वाले होंगे पहले खिलाड़ी
यह भी पढ़ें: DC vs RCB IPL 2026: KL राहुल का बदला अंदाज़, फिर भी अनलकी, टीम इंडिया की राह है मुश्किल!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं