Lucknow Super Giants vs Kolkata Knight Riders IPL 2026 Highlights: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में रविवार को हुए एक रोमांचक मुकाबले में कोलकाता ने लखनऊ को सुपर ओवर में हरा दिया. यह इस सीजन का पहला मुकाबला रहा, जिसका फैसला सुपर ओवर से हुआ. कोलकाता से मिले 156 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 7 रन चाहिए थे और मोहम्मद शमी ने इस गेंद पर छक्का जड़कर मैच टाई किया, इसके बाद सुनील नरेन ने सुपर ओवर में सिर्फ 3 ही गेंदों में कहानी खत्म कर दी. जिसके बाद रिंकू ने विजयी चौका लगाया. (Scorecard)
कोलकाता पहली गेंद पर जीता
कोलकाता के लिए रिंकू सिंह और पॉवेल आए थे. लखनऊ के लिए प्रिंस यादव के हाथ में गेंद थी और रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ा और टीम को जीत दिलाई.
सुपर ओवर में लखनऊ बना पाई सिर्फ 1 रन
- कोलकाता के लिए सुनील नरेन गेंदबाजी के लिए आए थे, जबकि स्ट्राइक निकोलस पूरन के पास थी. वहीं दूसरे छोर पर माक्ररम रहे. नरेन ने पहली ही गेंद पर नरेन को बोल्ड किया.
- दूसरी गेंद पर सिंगल आया.
- इसकी अगली गेंद पर माक्ररम कैच आउट हुए. बाउंड्री लाइन पर पॉवेल ने जबरदस्त कैच लपका. बाउंड्री के अंदर उन्होंने कैच पकड़ा और रिंकू की तरफ उछाल दिया. रिंकू ने शाम का पांचवां कैच लिया.
आखिरी ओवर का रोमांच
- पहली गेंद पर स्ट्राइक मोहम्मद शमी के पास थी. गेंद बैट से कनेक्ट नहीं हुई, लेकिन फिर भी वह भागे और तेजी से सिंगल चुराया. जब तक विकेटकीपर थ्रो करते तब तक शमी नॉन स्ट्राइकर एंड पर पहुंच चुके थे.
- इसकी अगली गेंद नो बॉल रही. गेंद सीधे हिम्मत सिंह के हेलमेट पर लगी.
- इसकी अगली गेंद भी नो बॉल रही. इस पर हिम्मत ने लॉन्ग ऑन पर खेला था और दो रन बटोरे. फ्री हिट जारी रही. कोलकाता के कैंप में काफी बात हुई कि आखिरी लगातार दो नॉ-बॉल के बाद कौन बॉल फेंकेगा, लेकिन अंत में कार्तिक के साथ ही टीम गई.
- हिम्मत ने फ्री हिट का पूरा फायदा उठाया और चौका लगाया. कोलकाता को 4 गेंद में 8 रन चाहिए थे अब.
- हिम्मत इसकी अगली गेंद पर कैच आउट हुए. क्रीज पर नए बल्लेबाज प्रिंस यादव आए थे.
- इसकी अगली गेंद पर प्रिंस यादव ने बाइ का एक रन लिया. स्ट्राइक शमी के खाते में आई.
- अगली गेंद डॉट रही. ऐसे में मैच के टाई होने के लिए लखनऊ को 6 रन चाहिए थे.
- मोहम्मद शमी ने आखिरी गेंद पर लॉन्ग ऑफ की तरफ छक्का जड़ा.
लड़खड़ाई लखनऊ की बल्लेबाजी
इससे पहले 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. मिचेल मार्श सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद दूसरे विकेट के लिए एडेन मार्करम और कप्तान ऋषभ पंत ने 57 रनों की अहम साझेदारी निभाई. मार्करम ने 27 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि पंत ने 38 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया. पंत ने अपनी पारी में 4 चौके और एक छक्का लगाया. निकोलस पूरन की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही और वह 9 रन ही बना सके. मुकुल चौधरी महज एक रन बनाकर अनुकूल रॉय का शिकार बने. आयुष बदोनी ने 19 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 24 रन बनाए. वहीं, जॉर्ज लिंडे 8 रन बनाकर वैभव अरोड़ा का शिकार बने.
रिंकू के नाबाद अर्द्धशतक से कोलकाता संभला
रिंकू सिंह की नाबाद 83 रनों की पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाए. टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता ने मोहसिन खान की कहर बरपाती गेंदों के सामने सरेंडर कर दिया. टिम सीफर्ट बिना खाता खोले मोहसिन खान का शिकार बने. इसके बाद अंगकृष रघुवंशी 9 रन बनाकर आउट हुए, तो कप्तान अजिंक्य रहाणे 15 गेंदों का सामना करने के बावजूद 10 रन ही बना सके. रोवमैन पॉवेल सिर्फ एक रन ही बना पाए.
कैमरून ग्रीन ने टीम की लड़खड़ाती हुई पारी को कुछ हद तक संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह 21 गेंदों में 34 रन बनाने के बाद अपना विकेट गंवा बैठे. ग्रीन ने अपनी पारी में 3 छक्के लगाए. अनुकूल रॉय को मोहसिन खान ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा. वहीं, रमनदीप सिंह 11 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, रिंकू सिंह ने एक छोर संभाला. उन्होंने 50 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली. इस पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए. यह रिंकू का आईपीएल में सर्वोच्च स्कोर है. लखनऊ के लिए मोहसिन खान ने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट निकाले.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं