Rishabh Pant-Sanjiv Goenka Controversy: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की हार के बाद टीम मालिक संजीव गोयनका और कप्तान ऋषभ पंत के बीच बातचीत को लेकर उठे विवाद में नया मोड़ सामने आये है. लखनऊ टीम ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो जारी कर पूरे मामले की तस्वीर साफ करने की कोशिश की है. इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच हारने के बाद सोशल मीडिया पर एक छोटा वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. क्लिप में गोयनका और पंत के बीच गंभीर बातचीत होती दिख रही थी, जिसमें कोच जस्टिन लैंगर भी शामिल नजर आए. वीडियो को देखकर कई लोगों ने इसे विवाद या डांट-फटकार के रूप में देखा और अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी थी.
LSG ने शेयर किया वीडियो
विवाद बढ़ने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने एक नया वीडियो शेयर किया. इसमें उसी बातचीत के दूसरे एंगल में गोयनका और पंत को हंसते-मुस्कुराते और सहज अंदाज में बातचीत करते हुए देखा जा सकता है. दोनों के बीच किसी तरह का तनाव नजर नहीं आया, बल्कि माहौल काफी सामान्य दिखा. वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है, "जो कुछ भी आप देखते हैं, वह हमेशा पूरी सच्चाई नहीं होती; यहां मैच के बाद के वो बेरोकटोक पल हैं, जब कैमरे बंद नहीं होते".
Not everything you see is the true story, here's the unfiltered post match vibes, when cameras don't cut. pic.twitter.com/EiPMWrmlkQ
— Lucknow Super Giants (@LucknowIPL) April 2, 2026
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह दिखाया कि सोशल मीडिया पर अक्सर अधूरी जानकारी के आधार पर चीज़े मान ली जाती हैं. एक छोटे से क्लिप को देखकर पूरे घटनाक्रम का गलत अर्थ निकाल लिया गया, जबकि पूरी वीडियो सामने आने पर सच्चाई अलग नजर आई.
LSG टीम ने दिया साफ संदेश
टीम ने अपने पोस्ट के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि हर दिखने वाली चीज पूरी सच्चाई नहीं होती. इस स्पष्टीकरण के बाद अब यह मामला काफी हद तक शांत होता नजर आ रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं