मौजूदा आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे टीम इंडिया के लिए एक रियैलिटी चेक साबित हो रहा है. लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप का ख़िताब जीतने के बावजूद भारत के लिए टी-20 और वनडे का सफ़र बेहद शानदार हो ऐसा नहीं कहा जा सकता. आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे से पहले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया में जिस कदर उफ़ान था, संभवत: टीम मैनेजमेंट दबाव में आ गया. वैभव का सही इस्तेमाल नहीं हो पाया. आख़िरकार वैभव की तीन फ़्लॉप पारियों के बाद उन्हें आखिरी मैच से ड्रॉप कर दिया गया.
लॉर्ड्स पर रोहित खेलेंगे आख़िरी वनडे मैच?
अब भारत और इंग्लैंड के बीच 19 जुलाई को लॉर्ड्स वनडे से पहले सोशल मीडिया पर ये ख़बरें वायरल है कि 2027 के वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम मैनेजमेंट जो योजना बना रही है, रोहित शर्मा उस प्लान में शामिल नहीं हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चयनकर्ताओं ने इस बारे में रोहित शर्मा को बता भी दिया है.
चयनकर्ता जल्दी और मीडिया के दबाव में ले रहे फ़ैसले?
कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम मैनेजमेंट ने प्लान कर रखा था कि वैभव सूर्यवंशी को पहले छह मैचों में बाहर रखने के बाद उन्हें अनुभव के आधार पर संभवत: ज़िंबाब्वे में उनके करियर के पहले अंतर्राष्ट्रीय मैच में उतारा जाएगा. लेकिन मीडिया और सोशल मीडिया पर मचे बवाल के बाद मैनचेस्टर में वैभव सूर्यवंशी को मौक़ा मिला और फिर तीन पारियों में वो 14, 13, 15 रन ही बना सके. अब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रोहित शर्मा की वनडे की दो फ़्लॉप पारियों के बाद 11 (21 गेंद) और 26 (47 गेंद) की पारियों के बाद चयनकर्ताओं ने मन भी बना लिया कि उन्हें वनडे स्कीम से बाहर रखा जाए.
पिछले 12 महीने में कैसा रहा रोहित का रिकॉर्ड
लेकिन पिछले 12 महीनों के रिकॉर्ड को देखा जाए तो रोहित शर्मा ने 14 वनडे मैचों में 45 के औसत से 589 रन बनाए. इसमें उनकी सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ एक नाबाद मैचविनिंग शतकीय पारी 121 भी शामिल है. रोहित शर्मा सिडनी में प्लेयर ऑफ़ द मैच और प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ भी घोषित किये गये. इन 14 मैचों में उनके नाम 1 शतक और 4 अर्द्धशतकीय पारियां भी शामिल हैं.
39 साल के रोहित में कितना क्रिकेट बचा है, इस बारे में एक्सपर्ट्स के बीच एक राय नहीं है. 15 महीने बाद द.अफ़्रीका, नामीबिया और ज़िंबाब्वे (4 अक्टूबर-21 नवंबर, 2027) के पिचों पर क्या बगैर रोहित शर्मा के टीम इंडिया ख़िताब के बारे में सोच सकती है, इस पर भी बहस ज़रूर होगी.
अगर लॉर्ड्स पर रोहित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा भी कहते हैं तो उनका भारतीय क्रिकेट में योगदान कभी नहीं भुला सकने वाला साबित होगा.
रोहित के बेमिसाल वनडे रिकॉर्ड
2024 के टी-20 के विश्व विजेता कप्तान वाइट बॉल और ख़ासकर वनडे क्रिकेट के शहंशाह रहे. 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भारत ने रोहित की अगुआई में फ़ाइनल तक का सफ़र किया. वनडे का सबसे बड़ा स्कोर 264 अब भी रोहित शर्मा के नाम है जो उन्होंने 2014 में श्रीलंका के ख़िलाफ़ ईडन गार्डन्स पर बनाया था. उस पारी में उन्होंने 173 गेंदों का सामना करते हुए 33 चौके और 9 छक्के लगाकर श्रीलंकाई गेंदबाज़ों को बंगाल की खाड़ी के दर्शन कराए थे.
रोहित शर्मा- बेमिसाल वनडे रिकॉर्ड
- वनडे मैच 287
- रन 11757
- बेस्ट 264
- औसत 49
- शतक- 33
- फिफ्टी- 62
‘फ़ैसले' टाइमिंग पर सवाल?
हिटमैन अपनी कप्तानी, अपनी टीममैनशिप, खेल भावना, टीम को पावर स्टार्ट देने और टीम की ज़रूरत के आगे अपनी पारी और रिकॉर्ड की परवाह नहीं करने के मामले में लाजवाब रहे हैं. उनके छक्के हमेशा देखने लायक रहे. उनके नटराज क्लासिक सिक्स की कॉमेन्टेटर्स विशेषणों के साथ तारीफ़ करते रहे. टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों ही फॉर्मैट में उनके नाम वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे ज़्यादा 656 छक्कों का भी रिकॉर्ड है.
बेशक, रोहित अभी 39 के हैं और अगले वर्ल्ड कप तक वो 40 के हो जाएंगे. लेकिन अगर वो क्रिकेट को लॉर्ड्स में अलविदा कहते हैं तो भारतीय क्रिकेट में उनके बेमिसाल के योगदान को देखते हुए फ़ैन्स और एक्सपर्ट्स इस फ़ैसले की टाइमिंग को लेकर सवाल ज़रूर खड़े करेंगे.
ये भी पढ़ें- लॉर्ड्स वनडे रोहित शर्मा का आखिरी मैच! विराट कोहली का क्या होगा? रिपोर्ट में बड़ा दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं