विज्ञापन
This Article is From Apr 20, 2016

क्रिस गेल बने बेटी के पिता, जानिए लिव-इन के दौरान और कौन-से सितारे बने पैरेंट...

क्रिस गेल बने बेटी के पिता, जानिए लिव-इन के दौरान और कौन-से सितारे बने पैरेंट...
डेविड वॉर्नर और कैंडिस लिव-इन को दौरान पैदा हुई बेटी आईवी मेइ के साथ।
आईपीएल स्टार और वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज क्रिस गेल लीग से छुट्टी लेकर जमैका लौट गए हैं और वह अपनी टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से टूर्नामेंट के दो मैच नहीं खेल पाएंगे। दरअसल वह एक बेटी के पिता बन गए हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि उनकी अभी शादी नहीं हुई है और वह नताशा बैरिज के साथ लिव-इन में हैं। गेल ऐसे पहले क्रिकेटर या स्पोर्ट्स स्टार नहीं हैं, जो लिव-इन रिलेशनशिप के दौरान पिता बनने जा रहे हैं। हम आपको ऐसे क्रिकेट सितारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो लिव-इन के दौरान पिता बने और इनमें से कुछ ने बाद में शादी कर ली, वहीं कुछ इसी रिश्ते से जुड़े रहे। इनके बारे में जानने के लिए स्क्रॉल करें-

गेल ने दी जानकारी
गेल के पिता बनने की जानकारी सबसे पहले मुंबई और आरसीबी के बीच वानखेडे़ में मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरफराज खान ने दी। इसके बाद गेल ने खुद इंस्टाग्राम पोस्ट करके इसकी पुष्टि की-

उन्होंने लिखा, 'हम दो घंटे पहले इस दुनिया में आई अपनी खूबसूरत बेटी 'ब्लश' का स्वागत करते हैं, ईश्वर का शुक्रिया।'
 

सनराइजर्स के डेविड वॉर्नर पहले बने पिता फिर की शादी
ऑस्ट्रेलिया के तूफानी ओपनर डेविड वॉर्नर इन दिनों आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेल रहे हैं। वॉर्नर भी गेल की ही तरह लिव-इन के दौरान पिता बन गए थे। उनका अफेयर मॉडल और आइरनवुमन कैंडिस एन फॉल्जन के साथ रहा। दोनों 2008 में करीब आए और लंबे समय तक लिव-इन में रहे। इस दौरान ही सितंबर, 21014 में दोनों की पहली संतान बेटी हुई, जिसका नाम आईवी मेइ है। बाद में अप्रैल 2015 में वॉर्नर ने कैंडस से ब्याह रचा लिया। शादी के बाद जनवरी, 2016 में इनके घर नई मेहमान आई, जिसका नाम इंडी राइ है।
 
दोनों बेटियों के साथ डेविड वॉर्नर (फाइल फोटो)

71 वनडे में 5 शतकीय पारियां खेलने वाले वॉर्नर पिछले साल शानदार फॉर्म में नजर आए थे। पिछले साल उन्होंने 16 वनडे में 50.53 के औसत से खेलते हुए 4 शतक लगाए थे। 2015 में उन्होंने 13 टेस्ट मैचों में भी 4 शतकीय पारियां खेलीं थीं।

सर विवियन रिचर्ड्स भी पीछे नहीं
वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स को भला कौन नहीं जानता। 1980 के दशक में विव भारत दौरे के समय भारतीय अभिनेत्री नीना गुप्ता के संपर्क में आए। इन दोनों के बीच लंबे समय तक अफेयर चला और 1989 में दोनों की बेटी मसाबा का जन्म हुआ। हालांकि विव ने नीना से शादी नहीं की, लेकिन वह मसाबा को सपोर्ट करते रहे हैं। उनकी शादी मिरियम से हुई थी, जिनके दो बच्चे हैं।
 
मसाबा, पिता विवि रिचर्ड्स (दाएं से पहले) के साथ (फोटो मसाबा के ट्विटर पेज से साभार)

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान और व्हाइट के संबंध
महान ऑलराउंडर इमरान खान का हाल ही में दूसरी पत्नी रेहम से तलाक हुआ है। इमरान ने 10 महीने साथ रहने के बाद ही रेहम ने आपसी रजामंदी से अलग होने का फैसला किया। 42 साल की रेहम तीन बच्‍चों की मां हैं। इमरान भी अफेयर के मामले में पीछे नहीं रहे। उनका संबंध सीता व्हाइट से भी रहा। सीता और इमरान के संबंध 1987-88 में पनपे। इसके बाद 1991 में  दोनों फिर करीब आए और सीता ने जून, 1992 में बच्ची को जन्म दिया, जिसका नाम ताइरियन है। इमरान ने पहले इसे अपनी बच्ची मानने से इंकार कर दिया था, फिर 1997 में पितृत्व टेस्ट में उनके इस बच्ची का पिता होने की पुष्टि हुई थी। आगे चलकर सीता की अचानक मौत हो गई, जिसके बाद इमरान ने उसे अपना लिया।

लिएंडर पेस और रिया पिल्लई का चर्चित अफेयर
पेस का नाम भी समय-समय पर कई मॉडल और अभिनेत्रियों से जुड़ता रहा है। उनके नाम की चर्चा सबसे अधिक रिया पिल्लई के साथ रही। वह उनके साथ लिव-इन में भी रहे और दोनों की एक बेटी भी है। दोनों की शादी की भी खबर रही और 2014 में इनके अलग होने की खबरें भी मीडिया में छाई रहीं।

गेरार्ड पिक और शकीरा
स्पेन के फुटबॉलर गेरार्ड पिक फुटबॉल के साथ पॉप स्टार शकीरा के साथ लिव-इन के लिए भी जाने जाते हैं। दोनों की मुलाकात 2010 में शकीरा के म्यूजिक वीडियो 'वाका-वाका (दिस टाइम इन अफ्रीका)' की शूटिंग के दौरान हुई थी। गेरार्ड और शकीरा के दो बेटे मिलान और साशा हैं।
 
फोटो गेरार्ड के ट्विटर पेज से साभार

लियोनेल मैसी और रॉक्यूजो
अर्जेंटीना के मशहूर फुटबॉलर मैसी को भला कौन नहीं जानता। मैसी का संबंध एंटोनेला रॉक्यूजो से है। वह 2008 से उनके सात लिव-इन में हैं। हालांकि मैसी ने 2009 में इसे स्वीकार किया था। दोनों के दो बच्चे (तियागो और मेतियो) भी हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
क्रिस गेल, विवियन रिचर्ड्स, डेविड वॉर्नर, इमरान खान, लिएंडर पेस, रिया पिल्लई, शकीरा, गेरार्ड पिक, मैसी, लिव-इन रिलेशनशिप, लिव-इन पैरेंट, नताशा बैरिज, Chris Gayle, Vivian Richards, David Warner, Imran Khan, Leander Paes, Rhea Pillai, Shakira, Massi, Live-in Relationship