KKR vs RR, IPL 2026 Riyan Parag Statement: राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने माना कि उनकी टीम ने एक जीता हुआ मैच अपने हाथों से जाने दिया. उन्होंने रविवार को ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के 28वें मुकाबले में मिली हार के पीछे फील्डिंग में चूक और रणनीति को ठीक से लागू न कर पाने को मुख्य वजह बताया. पहली पारी पर बात करते हुए पराग को लगा कि उनकी टीम बल्लेबाजी में थोड़ी पीछे रह गई, जबकि उन्होंने शुरुआत में पिच के मिजाज को अच्छी तरह समझ लिया था. राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन बनाए. हालांकि, केकेआर ने 156 रनों के लक्ष्य को 19.4 ओवर में हासिल कर लिया.
कोलकाता के खिलाफ मिली हार के बाद राजस्थान के कप्तान ने कहा,"मुझे लगता है कि शुरुआती चार-पांच ओवरों में हमने पिच का जो आकलन किया था, उसके हिसाब से यह 170 रन बनाने लायक विकेट था. इस वजह से हम शुरुआत में ही 10 रन पीछे चल रहे थे. हालांकि, फिर जिस तरह से हमने वापसी की, गेंदबाजों ने जो मेहनत की, मैं कहूंगा कि यह मैच हमारा था. इसमें कोई बहाना नहीं है. हम कैच नहीं छोड़ सकते, हम ऐसी लाइन पर गेंदबाजी नहीं कर सकते जिससे बल्लेबाजों को मदद मिले. हमारी तरफ से कुछ बचकानी गलतियां हुईं."
स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाने के बावजूद राजस्थान रॉयल्स की टीम एक समय पर मुकाबले में पूरी तरह से हावी थी. गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बूते आरआर ने केकेआर के 6 बल्लेबाजों को सिर्फ 85 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया था. हालांकि, इसके बाद रिंकू सिंह (नाबाद 53 रन) और अनुकूल रॉय (नाबाद 29 रन) ने सातवें विकेट के लिए 37 गेंदों में 76 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए कोलकाता को 4 विकेट से जीत दिला दी.
स्कोर थोड़ा कम होने के बावजूद, राजस्थान के गेंदबाजों ने टीम को मुकाबले में वापस ला खड़ा किया था. खासकर स्पिन गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा. यह एक रणनीतिक फैसला था जिसका पराग ने समर्थन किया. उन्होंने कहा,"मुझे लगता है कि विकेट में काफी स्पिन थी (इसीलिए बृजेश और दूसरे तेज गेंदबाजों को देर से गेंदबाजी के लिए लगाया गया). और बिश्नोई और पुंजा जिस तरह से गेंदबाजी करते हैं, वह अलग है. मुझे लगा कि उस समय स्थिति की मांग स्पिन गेंदबाजी ही थी. और इसीलिए मैंने वही किया. जब यह रणनीति काम कर जाती है, तो अच्छा लगता है. मुझे लगा कि आज भी यह काम कर गई थी. बस कुछ छोटी-मोटी गलतियां इधर-उधर हो गईं."
यह भी पढ़ें: KKR vs RR, IPL 2026: वरुण चक्रवर्ती की 'डबल सेंचुरी', बनाया मेगा रिकॉर्ड, कुलदीप-मोहम्मद शमी सब छूटे पीछे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं